कारोबार
वेंकटेश्वर सिग्नेचर स्कूल रायपुर में वसंतोत्सव का उल्लास
09-Feb-2022 1:48 PM
रायपुर, 9 फरवरी। वसंत ऋतु के आगमन से चारों तरफ मुस्कुराती हुई प्रकृति और उल्लासपूर्ण हृदय देखने को मिलते हैं। फूलों पर बहार और चारों ओर तितलियों का त्यौहार देखते ही मन में प्रसन्नता का अनुभव होता है। इसी उल्लास और प्रसन्नता से आज (5 फरवरी 2022) वेंकटेश्वर सिग्नेचर स्कूल रायपुर में वसंत पंचमी के शुभ अवसर पर बसंत उत्सव मनाया गया।
प्रात: काल विद्या की देवी सरस्वती का नमन करते हुए दिन का प्रारंभ हुआ तत्पश्चात विद्यालय प्रांगण में सभी विद्यार्थियों, अध्यापक-अध्यापिकाओं, प्राचार्या श्रीमती सौम्या रघुबीर तथा विद्यालय सभापति कैप्टन अंकुर ढिल्लन ने मिलकर पवित्र मंत्रोच्चारण के साथ हवन तथा आरती की। इस पावन उत्सव में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी उपस्थित होकर वसंत ऋतु का स्वागत किया।
इसी के साथ विद्यार्थियों को वसंत ऋतु का महत्व बताया गया तथा विद्या की देवी सरस्वती को नमन करने का सही तरीका विद्या ग्रहण करना बताया गया। सभी विद्यार्थियों ने भारतीय ऋतुओं के बारे में जाना तथा उनके महत्त्व को पहचाना।