ताजा खबर

झारखंड : कांग्रेस ने तीन लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की
28-Mar-2024 9:50 AM
झारखंड : कांग्रेस ने तीन लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

रांची, 27 मार्च। कांग्रेस ने बुधवार रात झारखंड की तीन लोकसभा सीट लोहरदगा, खूंटी और हजारीबाग के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी।

झारखंड में कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने दिल्ली से फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि नयी दिल्ली में हुई पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक में राज्य की तीन और सीट के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया, जबकि ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है।

कांग्रेस ने नयी दिल्ली में घोषणा की कि कालीचरण मुंडा, सुखदेव भगत और जय प्रकाशभाई पटेल क्रमशः खूंटी (एसटी), लोहरदगा (एसटी) और हजारीबाग सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे।

हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए मांडू से विधायक पटेल को हजारीबाग लोकसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने गोपाल प्रसाद साहू को मैदान में उतारा था, जो भाजपा के जयंत सिन्हा से 4.79 लाख मतों से हार गए थे। भाजपा ने इस बार विधायक मनीष जयसवाल को यहां से अपना उम्मीदवार बनाया है।

कालीचरण मुंडा खूंटी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। उन्हें 2019 में केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने 1,445 मतों के मामूली अंतर से हराया था।

लोहरदगा में कांग्रेस ने सुखदेव भगत को मैदान में उतारा है जो 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के सुदर्शन भगत से हार गए थे।

आलम ने कहा,‘‘सीईसी चरणबद्ध तरीके से अन्य उम्मीदवारों की घोषणा कर सकती है क्योंकि झारखंड में चुनाव आखिरी चार चरणों में होंगे।’’उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगियों के बीच सीट बंटवारे पर अंतिम निर्णय अभी भी लिया जाना बाकी है।

‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने कहा कि राज्य की सभी 14 लोकसभा सीट के लिए सीट-बंटवारे समझौते को अंतिम रूप दे दिया गया है। शुरुआती सहमति के मुताबिक कांग्रेस सात सीट पर, झारखंड मुक्ति मोर्चा पांच सीट पर और राष्ट्रीय जनता दल एवं भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news