ताजा खबर

इस कार्टून पर रार: भाजपा की झुंझलाहट- बैज,कांग्रेस का अंधकारमय भविष्य- संजय
04-Jul-2024 5:14 PM
इस कार्टून पर रार: भाजपा की झुंझलाहट- बैज,कांग्रेस का अंधकारमय भविष्य- संजय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर 4 जुलाई । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के द्वारा जारी  पोस्टर उसकी झुंझलाहट को बताता है। 400 का पार का नारा देने वाली भाजपा दो बैसाखी के साथ बड़ी मुश्किल से सरकार में आयी है और मोदी 3 की लंगड़ी सरकार 6 या 8 महीनों से ज्यादा चलने वाली नही है। भाजपा कांग्रेस के लिये पोस्टर जारी कर रही है यह उसकी स्तरहीन राजनीति है। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के सांसदों की संख्या दुगुनी हुई है और भाजपा के सांसदों की संख्या कम हुई है। यदि जनता दल यूनाइटेड और चंद्रबाबू नायडू समर्थन नहीं करते तो नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं बन पाते। 400 पार का नारा देने वाली भाजपा अपने दम पर 272 के बहुमत के आंकड़े को नहीं छू पाई है।

बैज ने कहा कि 2024 के चुनाव परिणाम से साफ हुआ है देश में मोदी की लोकप्रियता घटी है और राहुल गांधी के प्रति लोगों का समर्थन बढ़ा है। संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की आक्रमकता से भाजपा घबरा गयी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर राहुल गांधी ने जिस प्रकार से भाजपा और नरेंद्र मोदी को आईना दिखाया है उससे समूची भाजपा सहम गयी है। उन्हें इस बात का अहसास हो गया है कि 10 सालों तक जो मनमानी मोदी 1 और मोदी 2 में हुई है वह अब नहीं चलने वाली, विपक्ष के नेता के तौर पर संसद में जनता के मजबूत प्रहरी के रूप में राहुल गांधी है।

वहीं इस पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा कि  यह कार्टून कांग्रेस की मौजूदा दयनीय स्थिति और अंधकारमय राजनीतिक भविष्य का आईना है। कांग्रेस को अब एक परिवार की चाटुकारिता से उबरकर अपने राजनीतिक सच का सामना करने की आदत डालने की जरूरत है। 543 में से महज 99 सीटों पर जीतकर कांग्रेस के नेता लगातार तीसरी बार शर्मनाक पराजय के बाद भी फूलकर इतने कुप्पा क्यों हुए जा रहे हैं। अब कांग्रेस को रसातल में पहुँचाने के बाद बजाय अपनी जिम्मेदारी स्वीकारने के हिन्दुओं को हिंसक बता रहे हैं, देश की सबसे महत्वाकांक्षी योजनाओं को लेकर संसद में झूठ बोल रहे हैं। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि दरअसल कांग्रेस अब वैचारिक तौर पर कंगाल हो चुकी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news