छत्तीसगढ़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 दिसंबर। वार्ड नं. 4 पुराना ढाबा मेेें अधोसंरचना मद अंतर्गत 5 लाख की लागत से भवन में निर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण कार्यक्रम महापौर हेमा सुदेश देशमुख के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया।
अध्यक्षता निगम अध्यक्ष हरिनारायण पप्पू धकेता ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में नेता प्रतिपक्ष किशुन यदु, पार्षद बैनाबाई टुरहाटे, मधुकर वंजारी, भागचंद साहू, कमलेश बांधे, पूर्णिमा नागदेवे, सचिन टुरहाटे उपस्थित थे। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथियों ने भगवान राम-सीता के तैलचित्र पर माल्यार्पण व पूजा-अर्चना की। साथ ही फीता काटकर पट्टिका अनावरण कर भवन का लोकार्पण किया गया। तत्पश्चात वार्ड के छोटू मेश्राम, बाबूलाल साहू, किशन साहू, महावीर ठाकुर, गोलू रजक, अंकित धमगाया द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया।
महापौर ने कहा कि वार्डवासियों की मांग अनुसार भवन में अतिरिक्त कक्ष का निर्माण किया गया। भवन बनने से वार्ड के उपयोग के लिए एक अच्छा स्थान मिल गया। इसी प्रकार वार्ड में मांग अनुसार विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जाएंगे। इस अवसर पर उप अभियंता सुषमा साहू के अलावा वार्डवासी उपस्थित थे।
दुर्ग, 31 दिसंबर। सडक़ चौड़ीकरण के पहले अतिक्रमण हटाने को लेकर माहौल गरमा गया है। पुलगांव वार्डवासी अतिक्रमण हटाने में पीडब्ल्यूडी पर भेदभाव का आरोप लगाते हुए बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
उन्होंने कहा है कि सडक़ के एक ओर चिन्हित चौड़ाई तक अतिक्रमण हटाया जा रहा है, जबकि दूसरे ओर सीमित दायरे में ही कार्रवाई की जा रही है। इधर पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने दो टूक कहा है कि सडक़ चौड़ीकरण के दायरे में जितने भी अतिक्रमण आएंगे, सारे हटाए जाएंगे। मिनी माता चौक से अंजोरा तक 6.5 किलोमीटर फोरलेन बनाया जाएगा। इसके लिए प्रशासकीय स्वीकृति 56 करोड़ 39 लाख 39 हजार मिली है। तकनीकी स्वीकृति 51 करोड़ 33 लाख 74 हजार है. सिविल कार्य का ठेका बेमेतरा की कंपनी को दी गई है। सिविल कार्य के लिए 39 करोड़ 3 लाख 70 हजार का ठेका दिया गया है।
प्रस्तावित मार्ग के मध्य में 2 मीटर चौड़ी डिवाइडर बनेगा। इस डिवाइडर के दोनों ओर 7 मीटर डामरीकृत कैरेज वे बनेगा। मार्ग के दोनों ओर 1 मीटर पक्का आरसीसी ड्रेन होगा।
बारदाना व्यवस्था करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 दिसंबर। जिला भाजपा पूर्व किसान मोर्चा मंत्री एवं किसान नेता निर्भयराम श्रीवास ने जारी विज्ञप्ति में कहा कि किसानों का हाल बेहाल है और परेशानियों के बीच फसल हुआ है, उसको भी खरीदने शासन-प्रशासन के पास धान खरीदने बारदाना ही नहीं है। बेवजह किसानों से बोरा मंगाया जा रहा है। जिसको किसान 25-30 रुपए में प्रति कट्टा खरीद रहे हैं और शासन-प्रशासन द्वारा 15 रुपए दिया जा रहा है। एक प्रकार से खुल्लम खुल्ला लूट मची है।
श्री श्रीवास ने कहा कि धान खरीदी की राशि भी पूरा नहीं दिया जा रहा है और जो राशि दिया जा रहा है, उस राशि से उसका कर्ज भी नहीं पटा पा रहे हैं। जिससे लगातार धान बेचकर भी किसान डिफाल्टर श्रेणी में जा रहे हैं। साथ ही पिछले वर्ष की अंतर राशि भी आज पर्यन्त तक नहीं मिला है और जो राशि दिया गया है वह भी चना-मुर्रा खजानी की तरह बांटा गया। जिससे शासन-प्रशासन किसानों के साथ यह अन्याय हो रहा है।
श्री श्रीवास ने कहा कि यदि 3 जनवरी तक बारदाना की व्यवस्था नहीं होती है तो 4 जनवरी को 11 से 4 बजे तक तुमड़ीबोड़ में किसान गर्जना धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी। उक्त धरना प्रदर्शन में पीडि़त किसान भाई शामिल होंगे। उक्त कार्यक्रम को सफल बनाने मोहरदास साहू, रेखन वर्मा, निर्मल साहू, टीकम पटेल, लखन सूर्यवंशी, दुबेलाल साहू, मोहन पाल, दयाराम साहू, बल्दू चंद्रवंशी, प्यारेलाल साहू, आत्माराम साहू, पुनाराम साहू, भूपेन्द्र सोनवानी, डॉ. विद्याबिलास श्रीवास्तव, निर्मला जितेन्द्र सिन्हा, मिनाक्षी देशलहरे, जागेश्वर यदु, विरेन्द्र साहू, अजय वैष्णव, मनीष साहू, कांति साहू, अमरोतन साहू, टेकराम साहू, टिमेश साहू, गौरव श्रीवास्तव, चंद्रेश श्रीवास, सुंदर वर्मा, टीकम चंद्रवंशी, डिलेश्वर वर्मा, हेमंत वर्मा सहित अन्य ने प्रदर्शन को सफल बनाने अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने आह्वान किया है।
संदीप के राजिम आगमन पर भाजपाईयों ने किया भव्य स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 31 दिसंबर। भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संदीप शर्मा के राजिम आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पं़. सुन्दरलाल शर्मा चौक पर भव्य स्वागत किया।
श्री शर्मा का किसान मोर्चा के प्रदेश प्रभारी बनने के बाद प्रथम आगमन था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य रूप से स्वागत किया। पश्चात यहां श्री शर्मा, भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ रेस्ट हाऊस में पहुंचे, जहां विभिन्न विषयों पर विचार विमर्श किया गया। इस दौरान श्री शर्मा प्रदेश में किसान आत्महत्या मामले, धान खरीदी सहित अनेक विषयों पर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं को केन्द्र सरकार द्वारा लागू की गई कृषि बिल की विस्तृत जानकारी देते हुए क्षेत्र के किसानों तक इसकी जानकारी देने की बात कही।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार साहू, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष संजीव चंद्राकर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुर्णिमा चंद्राकर, सांसद प्रतिनिधि एवं रेलवे सलाहकार बोर्ड रायपुर मंडल के सदस्य श्याम अग्रवाल, भाजपा नेत्री छाया राही, मंडल अध्यक्ष कमल सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे। चर्चा उपरांत संदीप शर्मा भगवान श्री राजीव लोचन के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की। उसके बाद पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय से मुलाकात किए।
श्री साई बाबा मंदिर का वार्षिक महोत्सव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 31 दिसंबर। कसारीडीह सिविल लाइन स्थित श्री सांई बाबा मंदिर समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय 44वें वार्षिक महोत्सव में मानव सेवा-माधव सेवा को चरितार्थ करते हुए सेवाभाव की मिसाल पेश की गई। महोत्सव के अंतिम दिन समिति ने कोरोना संकटकाल में पीडि़तों को मदद पहुंचाने वाले 18 सामाजिक संगठनों व 15 समाजसेवियों को कर्मवीर सम्मान से सम्मानित किया। वहीं गरीब व असहाय लोगों को कंबल का वितरण कर मानव सेवा का संदेश दिया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सामाजिक संगठनों व समाजसेवियों को कर्मवीर सम्मान से सम्मानित कर उनके हौसले की तारीफ की। इस अवसर पर समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए महापौर धीरज बाकलीवाल, सभापति राजेश यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेन्द्र साहू द्वारा सामाजिक संगठनों व समाजसेवियों की सेवा को सबसे बड़ा सेवा बताया गया।
समारोह में श्री गुरुसिंग सभा दुर्ग, सिंधी समाज दुर्ग, अग्रवाल समाज दुर्ग, जनसमर्पण सेवा संस्था, नवदृष्टि फाउंडेशन, श्री महावीर जैन कोविड सेंटर दुर्ग, साई प्रसादालय जिला अस्पताल दुर्ग, जनसमर्पण रक्तदान संगठन दुर्ग, रक्षक ग्रुप दुर्ग, आस्था संगठन दुर्ग, श्री राजस्थानी गौंड़ ब्राम्हण समाज दुर्ग, मुस्कान फाउंडेशन दुर्ग, मातृछाया सेवा भारती संस्था दुर्ग, छत्तीसगढ़ मंच दुर्ग, छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति दुर्ग, प्रेस क्लब दुर्ग, छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कामर्स एवं इंडस्ट्रीज जिला दुर्ग, कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) दुर्ग, समाजसेवी विश्वनाथ पाणिग्राही, नगर निगम दुर्ग के कर्मशाला प्रभारी वीरेन्द्र सिंह ठाकुर के अलावा शिवनाथ नदी मुक्तिधाम में कोरोना पीडि़तों का दाह संस्कार करने वाले नगर निगम के 5 कर्मचारी व कोरोना संबंधी आवश्यक सेवा में लगे नगर निगम दुर्ग के वाहन चालक, हेल्पर के साथ-साथ सफाई कामगारों को सम्मानित किया गया है। वहीं नगपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ड्रेसर रहे स्व. विजय यादव व साइंस कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी स्व. मोहम्मद मेहमूद को मरणोपरांत कर्मवीर सम्मान दिया गया। यह सम्मान उनकी पत्नियों को प्रदान किया गया।
समारोह के दौरान लोगों ने कोरोनाकाल में सेवा देने सामाजिक संगठनों व समाजसेवियों का उत्साहवर्धन करने में कहीं भी कोई कसर नहीं छोड़ी। जिससे समारोह में अद्भुत माहौल बना। मंच संचालन समिति के सत्येन्द्र सिंह राजपूत व प्रो. ज्योति धारकर ने किया। इस अवसर पर आरएन वर्मा, दीपक साहू, रायसिंह ढिकोला, रामकली यादव, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजय सिंह, रत्ना नारमदेव, अरुण मिश्रा, सईद खान, संतोष मिश्रा,कुलवंत भाटिया, राज आड़तिया, ईश्वर सिंग राजपूत, संजय देशमुख के अलावा अन्य गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कोरोना काल में सस्ते दामों पर मास्क व राशन बेच कर की लोगों की मदद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 31 दिसंबर। जनपद पंचायत माकड़ी की महिलाओं ने रसोईयों से बाहर निकलकर उत्पादक कार्यों से जुड़ आगे बढऩे की ठानी और उन्होंने मोरनी स्व-सहायता समूह का गठन कर मसाला उत्पादन के व्यापार से जुडऩे का सोचा। इसके लिए ग्राम की ही 10 महिलाओं ने मिलकर जिला पंचायत सीईओ डीएन कश्यप के मार्गदर्शन में जिला मिशन प्रबंधक विनय सिंह व राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान के अधिकारियों से मिलकर मसाला निर्माण के संबंध में जानकारी ली।
बिहान से प्रशिक्षण प्राप्त कर शासन द्वारा रिवॉल्विंग फण्ड द्वारा प्राप्त 15 हजार रूपए की आर्थिक सहायता व सामुदायिक संस्थागत अनुदान से प्राप्त 60 हजार रूपए से क्रेडिट निर्माण के बाद बैंक द्वारा 03 लाख की ऋण की राशि आसान किस्तों में प्राप्त हुई। इस प्राप्त ऋण से उन्होंने सर्वप्रथम 2019-20 में मसाला निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। जिला प्रशासन द्वारा इस समूह द्वारा उत्पादित मसाले व राशन को आश्रम-छात्रावासों में वितरित करने की अनुमति प्रदान कर इन्हें प्रशासन व सामुदायिक कार्यक्रमों में की जाने वाली राशन सामग्रियों के वितरण से जोड़ा गया। इसके अतिरिक्त समूहों द्वारा माकड़ी विकासखण्ड अंतर्गत साप्ताहिक हाट-बाजारों में केनोपी लगाकर बिहान मार्ट में राशन सामग्री व मसालों का विक्रय किया गया।
कोरोना संक्रमण काल में भी मोरनी स्व-सहायता समूह की महिलाएं लगातार जनसेवा में लगी रहीं। इस दौरान जिले में मास्क की कमी को देखते हुए समूह की महिलाओं ने स्वयं मास्क निर्माण कर सस्ते दामों पर लोगों को केनोपी लगाकर विक्रय किया, वहीं शासकीय कार्यों में कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए शासकीय विभागों को भी मास्क की आपूर्ति की। इस प्रकार मोनरी स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने चूल्हे-चैकों से निकलकर राशन विक्रय एवं मसाले निर्माण से जुडक़र स्वाभिमान के नये रास्तों पर आगे बढ़ रही हैं।
वर्मी खाद, केंचुआ उत्पादन एवं विक्रय से स्वालम्बन की ओर अग्रसर हो रहे समूह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 31 दिसम्बर। प्रदेश सरकार की सुराजी गांव योजना (नरवा, गरवा, घुरवा और बाड़ी) के तहत गोधन न्याय जिले के आदर्श गौठानों में महिला स्वसहायता समूह तथा गौठान समिति के सदस्य वर्मी खाद तैयार कर केंचुआ विक्रय कर रहे हैं जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी मिल रही है। इस योजना के तहत न सिर्फ गोबर की खरीदी की जा रही है, अपितु गोबर से वर्मी कम्पोस्ट तैयार कर जैविक खेती को बढ़ावा भी दिया जा रहा है। वहीं गौठान में उत्पादित केंचुओं से उत्कृष्ट किस्म की जैविक खाद भी तैयार हो रही है, जिसे भविष्य में फर्टिलाइजर एवं रासायनिक खाद के स्थान पर बेहतर विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है।
कुरूद विकासखण्ड के ग्राम गातापार (कोर्रा) के स्वसहायता समूह की अध्यक्ष गौरी साहू ने बताया कि ग्राम पंचायत गातापार में कुल 430 पंजीकृत परिवारों के पास 1320 पशुधन हैं। समूह के द्वारा नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी कार्यक्रम के तहत पहले 66 हजार 576 रूपए के 86.48 क्विंटल वर्मी खाद बेची गई, जबकि गोधन न्याय योजना के तहत उत्पादित वर्मी खाद 35 क्विंटल में से 25 क्विंटल (25 हजार रूपए) का विक्रय किया गया। साथ ही 3.51 क्विंटल केंचुआ 1600 रूपए प्रतिक्विंटल की दर से 56 हजार 160 रूपए का विक्रय किया गया है। इसी प्रकार सभी टांकों में गोबर भरकर वर्मी डाले गए हैं। उन्होंने बताया कि समूह के द्वारा मछलीपालन, मुर्गीपालन, अगरबत्ती, मशरूम उत्पादन की भी कार्ययोजना बनाई गई है।
कुरूद के ग्राम पचपेड़ी की गौठान समिति के अध्यक्ष बी.आर. साहू ने बताया कि गोधन न्याय योजना की शुरूआत, यानी 20 जुलाई 2020 से अब तक गोबर की खरीदी की जा रही है। यहां 22 नग वर्मी टैंक, 04 नाडेप टांकों में गोबर की भराई कर उसमें केंचुएं डाले गए हैं। उन्होंने बताया कि नरवा, गरूवा, घुरवा, बाड़ी कार्यक्रम के तहत यहां 66.70 क्विंटल का उत्पादउन कर 63.70 क्विंटल का विक्रय किया गया, जिसकी कीमत 50 हजार 960 रूपए है, जबकि गोधन न्याय योजना के तहत 03 क्विंटल वर्मी खाद निकालकर तथा उनकी पैकेजिंग कर सहकारी समितियों को ऑनलाइन सूचना दे दी गई है। साथ ही 200 रूपए प्रतिकिलो के मान से छह किलो वर्म का विक्रय किया जा चुका है जिसकी कीमत 1200 रूपए है। इसके अलावा दो समूहों के द्वारा अतिरिक्त आमदनी के लिए मशरूम उत्पादन का कार्य किया जा रहा है। अतिरिक्त लाभ के लिए केला, पपीता, अदरक, हल्दी आदि की पैदावार लेने समूह के सदस्य प्रयासरत हैं।
उप संचालक कृषि ने बताया कि ऐसे गौठान जो राष्ट्रीय राजमार्ग एवं राजकीय राजमार्ग से लगे हुए हैं, उन गौठानों में मल्टी युटिलिटी सेंटर तैयार कर उसमें गोबर से निर्मित दीए, गमले, गौमूत्र से तैयार किए गए फिनाइल, रागी से बने इडली-दोसा, केला चिप्स के साथ-साथ मुर्गी पालन, अण्डा उत्पादन एवं मछलीपालन कर विक्रय करके अतिरिक्त आमदनी में वृद्धि करने के लिए समूहों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मानपुर से बकरकट्टा तक आधा दर्जन थानों में तैनाती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 31 दिसंबर। जिले के धूर नक्सल थानों में वन टाईम प्रमोशन से निरीक्षक बने पुलिस अफसरों की तैनाती कर महकमे ने एक बड़ा बदलाव किया है। बताया जा रहा है कि लंबे समय से नक्सल मोर्चे में राजनंादगांव पुलिस को बड़ी सफलता नहीं मिली है।
नक्सलियों को घेरने और उन पर सीधे हमला करने के इरादे से वन टाईम प्रमोशन नीति से अफसर बने निरीक्षकों के कंधों पर भार ड़ाला गया है। पिछले छह माह के भीतर हुए प्रशासनिक फेरबदल में घोर नक्सलग्रस्त थानों में वन टाईम प्रमोशन के अफसरों पर भरोसा कर जवाबदारी दी गई है। मानपुर से लेकर बकरकट्टा तक करीब 8 अफसरों को थाना प्रभारी बनाया गया है। बताया जा रहा है कि मौजूदा एसपी डी. श्रवण ने पदभार ग्रहण करने के बाद सभी की नक्सल समझ और जुझारूपन को देखते हुए तैनाती की है।
सूत्रों का कहना है कि एसपी श्रवण नक्सलियों को घेरने के लिए इन अफसरों से उम्मीद लगाए बैठे हैं। मिली जानकारी के मुताबिक मानपुर में लक्ष्मण केंवट की हालिया हुई नियुक्ति के पीछे एसपी की मंशा साफ झलक रही है। लक्ष्मण वीरता पदक से नवाजे जा चुके हैं। इसी तरह छुईखदान में रामेश्वर देशमुख की दोबारा पोस्टिंग हुई है। वह भी छुईखदान का एक हिस्सा नक्सल प्रभावित है।
उधर छुरिया थाना प्रभारी निलेश पांडेय को भी जवाबदारी दी गई है। बोरतलाव थाना प्रभारी अब्दुल समीर भी नक्सलियों से जूझने में माहिर माने जाते हैं। चिल्हाटी के दिनेश यादव को भी नक्सलियों की सीमा पर चहल-कदमी रोकने की दिशा में काम करने कहा गया है। गैंदाटोला का एक छोटा सा हिस्सा नक्सलियों के प्रभाव वाला है। यहां के थाना प्रभारी उमेश साहू को भी नक्सल गतिविधियों पर काम करने पर विशेष ध्यान देने कहा गया है। नेशनल हाईवे में स्थित बाघनदी थाना प्रभारी केशरीचंद साहू को भी नक्सलियों के आवाजाही पर नजर रखने के साथ उसे सबक सिखाने की जिम्मेदारी दी गई है। बकरकट्टा में शिव चंद्रा नक्सलियों पर नकल कसने की दिशा में काम कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि वन टाईम प्रमोशन के इन अफसरों ने बस्तर में रहते कई सफलताएं हासिल की थी। इनमें ज्यादातर अफसरों को राज्य सरकार ने नक्सलियों से लोहा लेने पर वीरता पदक से सम्मानित किया है। वहीं कुछ अफसरों को आउट ऑफ प्रमोशन से निरीक्षक बनने का अवसर मिला।
बताया जा रहा है कि राजनांदगांव जिले में नक्सलियों को खदेडऩे के लिए केंद्र सरकार भी गंभीर है। हाल ही में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के. विजय कुमार ने नक्सलियों को घेरने की रणनीति को लेकर स्थानीय पुलिस अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की थी। माना जा रहा है कि वन टाईम प्रमोशन के अफसरों को बेहतर नतीजे के साथ काम करने की हिदायत भी दी गई है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 दिसम्बर। आज भाजपा पार्षददल एवं पार्टी के नेता एक्वैटिक वीड हार्वेस्टर मशीन का निरीक्षण करने आयुक्त के पत्र के साथ पहुंचे। विदित हो कि इस मशीन के संबंध में भाजपा पार्षद दल ने इसके अनियमितता एवं कबाड़ होने के संदर्भ में महापौर को पत्र लिखा लिखा था। पत्र के जवाब में आयुक्त ने जानकारी दी है तथा यह पत्र महापौर को भी प्रेषित किया गया है। इस पत्र में निविदा पत्र, निर्माता कम्पनी का आईएसओ सर्टिफिकेट, इंजन तथा कन्वेयर बेल्ट का बिल दिया गया है, तथापि यह बताया गया है कि चूंकि यह मशीन केरल के तटीय क्षेत्र में रखने से आद्रतावश इसके हिस्से पुराने से प्रतीत होते हैं। निरीक्षण के पश्चात भाजपा पार्षद दल ने महापौर को अपनी मांगों के साथ एक ज्ञापन सौंपा।
इस ज्ञापन में निगम नेता प्रतिपक्ष संजय पांडे ने आरोप लगाया है कि इस जवाब से ना तो पार्षददल और ना ही शहर की जनता सहमत है। निविदा में जो स्पेशिफिकेशन रखे गये थे वह निर्माता कम्पनी के द्वारा बताये गये थे तथापि इस स्पेशिफिकेशन का निर्माण और कोई अन्य उद्योग नहीं करता है। जिन दो नागपुर के डीलरों ने निविदा में भाग लिया है वे निर्माता कम्पनी के ही डीलर हैं। ऐसे में यह टेण्डर अपने आप में गलत तथा दर की प्रतिस्पर्धा ना होकर आपसी तालमेल से दर डाले गये हैं, स्पष्ट है।
ज्ञापन में कहा गया है कि आशा है आप जनआकांक्षाओं अनुसार निर्णय लेंगी अन्यथा पार्षददल इस पूरे प्रकरण की जांच हेतु अन्य संस्थाओं से गुहार लगाएगा। ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर एवं आयुक्त को भी दी गई । कलेक्टर ने जांच करवाने का आश्वासन दिया है ।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय,सुरेश गुप्ता,खेमसिंह देवांगन,राजपाल कसेर,निर्मल पानीग्राही,दिगम्बर राव,त्रिवेणी रंधारी,धनसिंग नायक,आलोक अवस्थी ,मोतीराम बघेल,शंभु नाग, महेन्द्र पटेल, दण्तेश्वर राव दन्ती,राकेश तिवारी,आनन्द झॉ,राजा यादव,रवि कश्यप ,मनोज पटेल,परेश ताटी ,अभिषेक तिवारी,भुवनेश नाग,एवं निगम के इंजीनियर अमर सिंह मौजूद थे।
भाजपा के बस्तर संभाग प्रभारी ने ली 7 जिलों के पदाधिकारियों की संभागीय बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 दिसंबर। बस्तर में भाजपा की राजनीतिक गतिविधियां अब रफ्तार पकड़ेगी। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व बस्तर संभाग प्रभारी शिवरतन शर्मा ने आज बस्तर के सभी 7 जिलों के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण संभागीय बैठक ली।
श्री शर्मा ने अपने सम्बोधन में कार्यकर्ताओं की ऊर्जा फूंकते हुये कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता कांग्रेस के जनघोषणा पत्र को याद कर लें। 2 साल में एक भी कार्य मौजूदा कांग्रेस सरकार ने नहीं किया है। जनता के साथ की गई वादाखिलाफी व छल को हमें जन-जन तक पहुंचाना है। इसके लिए स्थानीय स्तर पर आंदोलन की रूपरेखा बननी चाहिए।
बस्तर संभाग प्रभारी श्री शर्मा के आज बस्तर आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी व फूलमालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा जिला कार्यालय में आहूत संभागीय बैठक में शिवरतन शर्मा ने संभाग के 7 जिलों से आये भाजपा पदाधिकारियों से उनके जिलों में चल रही राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी ली।
श्री शर्मा ने बैठक में कहा कि 2 साल में सत्तासीन कांग्रेस सरकार हर क्षेत्र में विफल रही है। अब तक 30 हजार करोड़ का कर्ज यह सरकार ले चुकी है। सारे निर्माण कार्य ठप पड़े है, कांग्रेस का घोषणा पत्र महज वादाखिलाफी घोषणा बनकर रह गया है। किसानों की कर्ज माफी तो एक तरफ, धान खरीदी का बुरा हाल है। बारदाना खरीदने का आदेश तक सरकार ने अभी तक नहीं दिया है। श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता नाकाम कांग्रेस सरकार को जनता के सामने कटघरे में खड़ा करें, स्थानीय स्तर पर मुद्दे उठाकर कांग्रेस की घेराबंदी शुरू की जायेगी।
बस्तर संभाग प्रभारी श्री शर्मा ने स्पष्ट लहजें में समस्त पदाधिकारियों को अपने-अपने जिले व क्षेत्र में सक्रिय रहने कहा है। बस्तर जिला प्रभारी लोकेश कावडिय़ा ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में भाजपा का परचम फिर लहरायेगा, हम सभी को मिलकर एकजुटता के साथ पूरी ताकत से कार्य करना है।
बैठक को प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व मंत्री केदार कश्यप, प्रदेश महामंत्री किरण देव ने भी संबोधित किया। संभागीय बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष रूपसिंह मण्डावी, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, डॉ सुभाऊ कश्यप, संतोष बाफना, निंरजन सिन्हा, जगदीश रोहरा, लच्छूराम कश्यप, बैदुराम कश्यप, विद्याशरण तिवारी, हुंगाराम मरकाम, चैतराम अट्टामी, सतीश लाटिया, दीपेश अरोरा, रामाश्रय सिंह, योगेन्द्र पाण्डे, संजय पाण्डे, सुरेश गुप्ता, श्रीधर ओझा, मनीराम कश्यप, राजेन्द्र बाजपेयी, श्रीनिवास मिश्रा, खेमसिंह देवागंन, मनीष पारख, दीप्ती पाण्डे, लक्ष्मी कश्यप, सुधा मिश्रा, रोशन सिसोदिया, त्रिवेणी रंधारी, ममता पोटाई, आलोक अवस्थी सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। 29 दिसंबर को जिला पंचायत सभाकक्ष ने कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजनांतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति जानने के लिए समीक्षा बैठक बुलाई। बैठक में उन्होंने जियो टैगिंग, समयबद्ध मजदूरी भुगतान, जीआईएस आधारित कार्यों, लक्ष्य के विरूद्ध मानव दिवसों के सृजन, एफआरए हितग्राहियों की स्थिति, नवीन ग्राम पंचायत भवन व गोठानों के निर्माण, नरवा विकास जैसे विषयों पर चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने जियो टैगिंग के लंबित प्रकरणों को 4 दिवस के भीतर करने व समयबद्ध रूप से मजदूरी भुगतान के लिए बंधित विभागों को निर्देश दिए।
जीआईएस आधारित कार्यों के लिए कार्ययोजना निर्माण व मैदानी समस्याओं पर रिपोर्ट बनाने को कहा साथ ही लक्ष्य के विरूद्ध मानव दिवसों की प्राप्ति, 100 दिवस का रोजगार प्राप्त करने वाले परिवारों की संख्या व आरए हितग्राहियों को दिए जाने वाले 200 दिवसों का रोजगार प्राप्त करने के लिए योग्य हितग्राहियों का जल्द से जल्द शत्प्रतिशत रजिस्ट्रेशन कर तकनीकी सहायकों को लक्ष्य आधारित रजिस्ट्रेशन करवाने के संबंध में चर्चा की गई।
इस बैठक में सभी जनपद सीईओ को अपने क्षेत्रों में निर्माणाधीन ग्राम पंचायत भवनों का अवलोकन कर बंद पड़े निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही आवर्ती चराई के लिए वन विभाग को प्रस्ताव प्रेषित करने व गोठानों में सीपीटी, वर्मी टांका निर्माण शीघ्र पूर्ण करने को कहा।
इस अवसर पर कलेक्टर ने वित्तीय वर्ष 2017-18, 2018-19, 2019-20 के दौरान निरस्त किए गए भुगतानों के प्रकरणों का समाधान 7 दिनों के भीतर करते हुए भुगतान करने को निर्देशित किया। इस दौरान बैठक में जिला पंचायत सीईओ डीएन कश्यप, सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, तकनीकी सहायक व संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 दिसम्बर । आज पर्यटन केंद्र तीरथगढ़ में कोविड -19 के प्रोटोकॉल का पालन हेतु अभियान चलाया गया ?
कलेक्टर रजत बंसल के निर्देशानुसार जिले के सभी पर्यटन केंद्रो में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, मास्क का उपयोग के साथ-साथ साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाना है। पर्यटन केंद्रो में आने वाले पर्यटकों द्वारा कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन, पर्यटन स्थल को साफ और स्वच्छ रखना है पर्यटकों के द्वारा दायित्वों का निर्वाह नहीं करने के कारण स्थानीय प्रशासन के द्वारा लोगों को जागरूक करने का दायित्व निभाया जा रहा है।
दरभा जनपद पंचायत अंतर्गत आने वाले पर्यटन केंद्र तीरथगढ़ में बुधवार को डिप्टी कलेक्टर सह सीईओ जनपद दरभा कौशल तेंदुलकर के नेतृत्व में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन, प्लास्टिक बैन के लिए जागरूकता अभियान किया गया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। कोण्डागांव जिलांतर्गत 10 भाजपा मंडलों में धान खरीदी केंद्रों पर जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा के माध्यम सेे निगरानी समिति का गठन किया गया है। निगरानी समिति के सभी सदस्य जिले में अपने मंडल के धान खरीदी केंद्रों पर किसानों को होने वाली असुविधाओं को दूर करने का प्रयास करने के साथ ही पूरी मुस्तैदी के साथ प्रत्येक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हंै। प्रत्येक लैंप्स में दो सदस्यीय समिति द्वारा भेजी गई शिकायत पर संगठन द्वारा आगे कार्रवाई के लिए प्रशासन को अवगत करवाया जा रहा है। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष लता उसेण्डी द्वारा बफना व चीपावंड धान खरीदी केंद्र का दौरा किया गया। उन्होंने बताया कि, देर से धान खरीदी प्रारंभ करने के बाद भी किसानों को धान खरीदी केंद्रों पर अनेक कठिनाइयों एवं समस्याओं का सामना करना पड़ रहा हैं।
निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि, धान के उठाव में और बारदानों की कमी के चलते किसानों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इस दौरान मौके पर मौजूद किसान दुकारुराम पोयाम, सिवनापदर, पोस्ट मुलमुला ने अपनी आपबीती साझा की। उन्होंने बताया कि, गत वर्ष 37 क्विंटल धान बेचा था किन्तु इस वर्ष मात्र 7 क्विंटल धान का टोकन कटा हैं। उक्त किसान का रकबा कैसे कम हो गया उसे जानकारी नहीं है। जिमेदारों से पूछने पर गोलमोल जवाब दिया जाता हैं। जबकि उनकी खेती का कुल रकबा 1 हेक्टेयर अर्थात 2.471 एकड़ है और समूचे रकबे में उसने धान उपार्जन किया हैं। वहीं मोतीलाल पांडे व मधुराम ने बताया कि, बारदाने की कमी के चलते बाजार से 25 से 30 रुपए प्रति नग की दर से किसान बारदाने खरीदने को मजबूर हैं जबकि शासन द्वारा अब तक बारदाने की कीमत भी तय नहीं की गई हैं। चिपावंड धान खरीदी केंद्र में अव्यवस्था का आलम यह था कि धान रखने के लिए नव निर्मित चबूतरे का एक हिस्सा भी टूटा हुआ पाया गया।
इसी तरह ग्राम बफना के खरीदी केंद्र में उठाव न होने के चलते जाम की स्थिति निर्मित हो चुकी हैं। मनोज कौशिक ने कहा कि, यदि जल्द ही मिलरों द्वारा ट्रांसपोर्ट के माध्यम से धान नहीं उठाया गया तो पहले से ही कछुआ चाल से चल रही खरीदी पर ब्रेक लगने की नौबत आ जाएगी।
निगरानी समिति के सदस्यों द्वारा निरीक्षण उपरांत प्रथम दृष्टया यह बात निकलकर सामने आ रही है कि, कभी बारदाना का बहाना बनाते हैं तो कभी धान खरीदी केन्द्रों पर कर्मचारियों द्वारा धान लेने में देरी करने के कारण जाम की स्थिति बन रही हैं एवं किसानों का रकबा कम करने से किसान कम धान बेच पा रहे हैं व धान बेचने के लिए किसान को टोकन के लिए भी इधर-उधर भटकना पड़ रहा हैं। इस दौरान जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, मंडल अध्यक्ष मीनू कोर्राम, मीडिया प्रभारी रौनक दीवान, प्रकाश तिवारी, सरपंच सूरज नेताम, पंच संगीता मरकाम, बैजू नेताम, बुधमन नेताम मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 30 दिसंबर। जिले में ट्रांसपोर्टरों द्वारा लगातार आठवें दिन भी अवैध वसूली के खिलाफ हड़ताल जारी है। भाकपा कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन देकर इस संबंध में अवगत कराया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि एक तो दूसरे राज्यों में रेत का परिवहन अभी भी जारी है। सुकमा जिले के लोगों को ही इतनी महंगी दामों में लेना पड़ रहा है। मशीनरी से कार्य करना बिल्कुल गलत है। इस तरह मशीनरी से काम करने से मजदूरों का आय का साधन भी छिन रहा है, उनकी रोजी रोटी भी ठेकेदार ने छिन लिया। इसके खिलाफ आने वाले दिनों में कारवाई नहीं होगी, तो भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला परिषद सुकमा सडक़ पर उतर कर प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान पूर्व विधायक मनीष कुंजाम, भाकपा जिला सचिव रामा सोडी़, हड़मा मरकाम, महेश कुंजाम, राजेश नाग ने डिप्टी कलेक्टर रवि साहू को ज्ञापन देकर अवगत कराया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। छत्तीसगढ़ प्रदेश पंचायत सचिवों ने अपने शासकीयकरण मांगों को लेकर 26 दिसंबर से कलम बंद अनिश्चितकालिन हड़ताल पर चले गए हैं। वहीं दूसरी ओर पंचायत सचिवों के साथ 30 दिसंबर से अपने दो सूत्रीय मांगों को लेकर रोजगार सहायक भी अनिश्चितकालिन हड़ताल पर बैठ गए हैं।
छत्तीसगढ़ प्रदेश पंचायत सचिवों ने बताया कि, छत्तीसगढ़ प्रदेश पंचायत सचिवों जो 29 विभागों के अनेकों प्रकार के कार्य को जमीनी स्तर ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करते हुए राज्य शासन व केंद्र शासन के उन सेवाओं को लोकतंत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुचाने का कार्य करते हैं। तथा पंचायत सचिवों के साथ नियुक्त सभी कर्मचारी जैसे-शिक्षाकर्मी को शासन के माध्यम से शासकीयकरण कर दिया गया हैं। परंतु केवल पंचायत सचिव शासकीयकरण से वंचित रह गया हैं। इसी शासकीयकरण के मांग को लेकर सभी प्रदेश पंचायत सचिवों ने अनिश्चितकालिन हड़ताल पर हैं।
वहीं दूसरी ओर प्रान्तीय संघ के आव्हान पर छत्तीसगढ़ के समस्त जिलों में रोजगार सहायकों के द्वारा अपनी ग्राम रोजगार सहायकों का ग्रेड पे निर्धारण करते हुए नियमितीकरण का लाभ लिया जाने और पंचायत सचिव पद पर ग्राम रोजगार सहायकों को वरीयता के आधार पर सीधी नियुक्ति किया जाने के विभिन्न मागों को लेकर गांधी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री, पंचायत मंत्री, विधान सभा अध्यक्ष के नाम पर ज्ञापन सौंपा गया हैं। इसी क्रम में प्रान्तीय संघ के कार्यक्रम अनुसार छत्तीसगढ़ के सांसद व विधायकों को भी पत्र लिखकर उनका सहयोग निवेदन किया गया है। रोजगार सहायक व पंचायत सचिव अपने मागों को पूर्ण करने में सहयोग करते हुए छत्तीसगढ़ शासन तक अपने माध्यम से समर्थन पत्र लिखकर मांग पूरी करने में सहयोग प्रदान करेंगे।
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। विकास खंड कोण्डागांव अंतर्गत करंजी गांव में रहने वाली 29 वर्षीय महिला 28 दिसंबर की सुबह अपने घर के रसोई में कार्य करने के दौरान आग से झुलस गई हैं। परिजनों के अनुसार, गीता मंडावी सुबह के समय किचन में अकेले रसोई कार्य कर रही थी। इसी दौरान हुआ आग से झुलस कर 20 फीसदी से अधिक जल गई हैं।
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। जिला स्तरीय चयन समिति कोण्डागांव की 21 दिसंबर को संपंन बैठक में लिए गए निर्णयानुसार जिला आपदा प्रबंधन सलाहकार संविदा एक पद के लिए प्रकाशित पात्र-अपात्र उम्मीदवारों की सूची में किसी भी उम्मीदवार के पास आपदा राहत प्रबंधन क्षेत्र में 05 वर्ष का कार्यानुभव व संबंधित क्षेत्र में पीएचडी डिग्री धारक व 3 वर्ष का कार्यानुभव प्रमाण पत्र के न होने पर शासन के दिशा-निर्देशानुसार निर्धारित मापदण्ड की पूर्ति न होने से जिला आपदा प्रबंधन सलाहकार संविदा की भर्ती प्रक्रिया निरस्त किए जाने के लिए सर्व सहमति से निर्णय लिया गया हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 30 दिसम्बर। अधोसंरचना किसी भी आधुनिक विकास की आधारशिला होती है। प्रदेश या क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की उचित वृद्धि या विकास को सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में उपयुक्त सडक़ें और पुल की आवश्यकता होती है। विगत दो वर्षों में बस्तर जिले के लोक निर्माण विभाग उत्तर बस्तर संभाग क्रमांक-02 जगदलपुर के द्वारा जिले में महत्वपूर्ण सडक़ों का विकास किया गया है। जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में स्थित भानपुरी से मुंडागांव-नारायणपाल होते हुए चित्रकोट तक सडक़ का उन्नतिकरण कार्य पुल-पुलिया सहित 27.80 किलोमीटर की दूरी 39 करोड़ 99 लाख रूपए से अधिक राशि से निर्मित किया गया। इस मार्ग के निर्माण से राजधानी रायपुर की ओर से आने वाले पर्यटकों को भानपुरी से सीधे चित्रकोट कम समय में पहुंच सकते हैं। पर्यटकों को जगदलपुर शहर, लोहण्डीगुड़ा होकर चित्रकोट जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे लगभग 48 किलोमीटर दूरी की बचत हो रही है।
इसी प्रकार लोक निर्माण विभाग द्वारा एनएच-30 बस्तर से भाटपाल के मध्य 2 करोड़ 42 लाख की लागत से सडक़ का निर्माण किया गया है। बस्तर से भाटपाल मार्ग बस्तर विकासखंड का बहुत ही महत्वपूर्ण मार्ग है जो 15 गांवों को बस्तर विकासखंड मुख्यालय और एनएच-30 से सीधे जोड़ता है। इस मार्ग के बनने के बाद ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा बढ़ी है। जिससे व्यावसायिक एवं सामाजिक गतिविधियों में बढ़ोत्तरी हुई है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा 29 किलोमीटर की दरभा से कटेकल्याण मार्ग का निर्माण किया गया है। इस सडक़ के निर्माण में 21 करोड़ 66 लाख से अधिक राशि का उपयोग किया गया है। दरभा-कटेकल्याण मार्ग की कुल लंबाई 32 किलोमीटर है, जिससे 1 से 29 किलोमीटर लोक निर्माण विभाग, उत्तर बस्तर संभाग क्रमांक-02 जगदलपुर के अंतर्गत आता है। इस मार्ग के पांच किलोमीटर में विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल तीरथगढ़ है, मार्ग पर पर्यटन स्थल होने के कारण एवं दो ब्लॉक मुख्यालय दरभा (जिला-बस्तर) एवं कटेकल्याण (जिला-दंतेवाड़ा) को जोडऩे वाला महत्वपूर्ण मार्ग है।
लोहण्डीगुड़ा, तारागांव, गरदा, कोड़ेनार मार्ग मुख्य जिला मार्ग है जो कि जगदलपुर तथा दंतेवाड़ा को जोड़ता है। इस सडक़ के विकास हेतु 21 करोड़ 16 लाख से अधिक राशि खर्च की गई है। इस मार्ग के निर्माण से व्यवसायिक गतिविधियां पहले से बेहतर हुई है और दंतेवाड़ा की ओर से चित्रकोट वाटरफॉल आने वाले टूरिस्टो को भी इसका लाभ मिल रहा है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। कोण्डागांव जिला कांग्रेस अध्यक्ष झुमुक लाल दिवान ने विज्ञप्ति जारी कर कहा, मोहन मरकाम व कांग्रेस क्षेत्र के विकास के लिए सदैव कटिबद्ध हैं। कोण्डागांव के रोजगारी पारा सडक़ चौड़ीकरण व नाली निर्माण को लेकर कांग्रेस शुरू से ही प्रयासरत रही है और 2 चरण में सडक़ बनने का फाइनल हुआ। जिसमें प्रथम चरण का कार्य भी पूर्ण हो चुका हैं। परन्तु दूसरे चरण के कार्य प्रारम्भ होने से पहले ही इस सडक़ को भाजपा के पूर्व मंत्री लता उसेण्डी व भाजपा नेताओं का ग्रहण लग गया। क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि सडक़ निर्माण हो। तत्कालीन कलेक्टर के ऊपर दबाव बनाकर काम को रोका गया। क्योंकि वे सोचते थे कि इसका श्रेय विधायक मोहन मरकाम और कांग्रेस पार्टी को मिलेगी। क्योंकि नगरपालिका में कांग्रेस की सरकार थी और सामने नगरपालिका चुनाव भी था।
दिवान ने आगे कहा, कांग्रेस ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर केवल विकास के बारे में सोचा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व स्थानीय विधायक मोहन मरकाम यहीं शांत नहीं बैठे। बल्कि रोजगारी पारा से जोन्दरापदर होते हुए वनसिरसी तक प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना से सडक़ बनाने की सोची और अब कार्रवाई भी पूर्ण हो चुकी है। टेंडर भी हो चुका है निर्माण एजेंसी भी तय हो चुकी हैं अनुबंध की कार्रवाई बाकी है। जिसके बाद सडक़ निर्माण कार्य प्रारम्भ हो जाएगा।
अगर कांग्रेस पार्टी राजनीति करने की सोचती तो बनने वाली नवीन सडक़ दो वार्ड से होकर गुजरेगी, जहां रोजगारी पारा व मरार पारा वार्ड शामिल हैं।
जिनमें से दोनों वार्डों के पार्षद भाजपा से हैं तो सडक़ निर्माण कार्य को स्वीकृत ही नहीं करवाती लेकिन कांग्रेस पार्टी व विधायक मोहन मरकाम जी का सिद्धांत ही कुछ ऐसा हैं। जिसमे राजनीति कम और क्षेत्रवासियों की सेवा और क्षेत्र का विकास प्रथम प्राथमिकता होती है।
ग्रामवासियों ने किया पारंपरिक तरीके से स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 30 दिसंबर। जिला कोण्डागांव के विभिन्न ग्रामों में कोण्डागांव पुलिस कभी चलित थाना लगाकर तो कभी जन चौपाल के माध्यम से लोगों की समस्याओं और आवश्यकताओं को जानने आमजन के बीच पहुंच रही हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी जब विश्रामपुरी थाना क्षेत्र के ग्रामों के भ्रमण पर निकले और ग्राम धामनपुरी पहुंचकर जन चैपाल लगाने का फैसला किया तो जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से मिलने बहुतायत संख्या में ग्रामीण जन चैपाल में हिस्सा लेने पहुंचे।
जन चौपाल की शुरुआत में क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा सबसे पहले जिला एसपी सिद्धार्थ तिवारी को क्षेत्र की परंपरा के अनुसार तिलक लगाकर और साफा व मोर पंख पहनाया गया। जिसके बाद एसपी ने ग्रामीणों से क्षेत्र के संबंध में तथा उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं पर चर्चा की, ग्रामवासियों ने भी खुलकर एसपी से अपने दिल की बात कही।
इस दौरान कुछ जरूरतमंद व्यक्तियों द्वारा एसपी के समक्ष ट्राई साइकिल की मांग की जिस पर तत्काल आवश्यक दस्तावेज उनसे प्राप्त करते हुए प्रस्ताव तैयार करवाया गया। वही गांव के कुछ नव युवकों द्वारा पुलिस और आर्मी भर्ती की परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण प्राप्त करने की इच्छा जाहिर की गई। जिस पर एसपी कोण्डागांव ने तत्काल सीआरपीएफ कैंप विश्रामपुरी में बातचीत कर डीएसपी दीपक मिश्रा और थाना प्रभारी विश्रामपुरी रविशंकर ध्रुव को उन युवकों की ट्रेनिंग के लिए व्यवस्था उपलब्ध कराने निर्देशित किया।
इस मौके पर एसपी ने ग्राम की महिलाओं से भी किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे जाहिर करने का आग्रह किया तथा कोण्डागांव पुलिस की महत्वकांक्षी योजना आमचो पुलिस आमचो संगी की जानकारी दी तथा हेल्पलाइन नंबर भी बताया। गांव के स्कूली बच्चों से जब एसपी ने बात की तो बच्चों ने भी उत्साह दिखाते हुए अपने भविष्य की योजनाओं से एसपी कोण्डागांव को अवगत कराया।
गांव के युवा संघ द्वारा भी एसपी कोण्डागांव को अपने ग्राम को आदर्श ग्राम बनाने के प्रयास के तहत बांसकोट चैकी प्रभारी उपनिरीक्षक प्रमोद कतलाम के साथ चलाए गए। स्वच्छता अभियान और बालेंगा से धामनपुरी के मध्य सजावट के लिए किए गए कार्यों को दिखाया। जिसकी एसपी ने भूरि भूरि प्रशंसा की तथा उपस्थित सभी युवाओं ने एसपी के समक्ष संकल्प लिया कि वे अपने गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाएंगे तथा आदर्श ग्राम के रूप में धामनपुरी को विशिष्ट पहचान दिलवाने का प्रयास करेंगें। गांव के बच्चों और युवाओं के उत्साह से अभिभूत होकर सिद्धार्थ तिवारी ने भी उपहार स्वरूप उन्हें खेल सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों द्वारा सम्मान स्वरूप पुलिस अधीक्षक को बस्तर की पारंपरिक कौड़ी लगा मुकुट भेट किया गया। ग्रामीणों के द्वारा दिए इस सम्मान व प्रेम से अभीभूत होकर एसपी द्वारा उन्हें पुन: गांव आने की इच्छा जाहिर की व कोई भी समस्या आने पर आप लोग सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय आने की बात भी कही गई। इस अवसर पर गांव के सरपंच दुखाराम नेताम, जनपद सदस्य रघुराम मरकाम, उपसरपंच मानबती नेताम, सचिव तिजुराम एवं अन्य युवा जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
जगदलपुर, 30 दिसंबर। मुक्ति मोर्चा द्वारा ब्लाक स्तर पर आवाज उठाओ शिकायत करो अभियान आज लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक में बैठक कर शुरू की गई। जिसमें मुक्ति मोर्चा के संभागीय संयोजक नवनीत चांद ने बस्तर के स्वास्थ्य व्यवस्था के वर्तमान हालात व लापरवाहियों उजागर करते हुए इनके खिलाफ उचित मंच में शिकायत के अधिकार की जानकारी दी, वहीं चित्रकोट के पूर्व विधायक लछूराम कश्यप ने घटित घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग रखी।
मुक्ति मोर्चा शहर अध्यक्ष सोभा गंगोत्री व जिला संयोजक भरत कश्यप ने कहा कि यह घटना बस्तर के स्वास्थ्य व्यवस्था की नाकामी व लापरवाही का परिचायक है संभागीय मुख्यालय जिले व ब्लाक के सभी अस्पतालों में ऐसी घटनाएं रोज होती है, सही जानकारी नहीं होने के अभाव में उचित मंच में शिकायत नहीं होती है।
इस कार्यक्रम में जनपद सदस्य बोंजाराम मौर्य, लखमु राम, कांकेर जिला अध्यक्ष रोशन सचदेव, विकास मांझी, शैलेन्द्र वर्मा, शनी राजपूत, कोषाध्यक्ष सुनिता दास, अंकिता गुरूदत्वा, पीडि़त परिवार एवं ब्लाक के विभिन्न ग्राम पंचायतों के समस्त ग्रामवासी उपस्थित थे।
जगदलपुर, 30 दिसंबर। केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा जिस तरह से बिना तैयार हुए नगरनार स्टील प्लांट को आनन-फानन में विनिवेशीकरण किया जा रहा है, उसके विरुद्ध बस्तर की जनभावनाओं के अनुरूप प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विधानसभा में जिस तरह से शासकीय संकल्प लाकर सर्व सम्मति से पारित करवाया गया, वह बस्तर हित में महत्वपूर्ण साबित होगा। बस्तर के जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर उनके इस महत्वपूर्ण कदम के लिए आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात करने वाले जनप्रतिनिधियों में आबकारी एवं उद्योग मंत्री कवासी लखमा, संसदीय सचिव एवं विधायक जगदलपुर रेखचंद जैन, संसदीय सचिव एवं विधायक कांकेर शिशुपाल सोरी, राज्य अक्षय उर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष मिथिलेश स्वर्णकार, दन्तेवाड़ा विधायक देवती कर्मा, बस्तर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष तथा केशकाल विधायक संतराम नेताम, विधायक नारायणपुर तथा हस्त शिल्प विकास निगम के अध्यक्ष चंदन कश्यप, विधायक चित्रकोट राजमन बेंजाम विधायक अंतागढ़ अनूप नाग, विधायक सिहावा लक्ष्मी धरुव, दन्तेवाडा जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अवधेश गौतम एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सत्तार अली मौजूद रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 30 दिसंबर। समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदी जा रही धान का परिवहन नहीं होने के कारण लखनपुर क्षेत्र के उपार्जन केन्द्र लहपटरा, चांदो, कुन्नी जमगला, पुहपुटरा, अमलभिठ्ठी, निम्हा में धान का अंबार लगने लगा है। उठाव नहीं होने से खरीदी केंद्रों में जगह का अभाव होने लगा है। नित नये टोकन धारी किसानों को अपना धान रखने एवं बेचने में परेशानी हो रही है। खरीद केंद्र प्रभारियों की भी परेशानी बढ़ गई है।
धान उपार्जन केंद्रों में धान उठाव की धीमी गति के कारण प्रबंधकों की परेशानी बढ़ गई है। वर्तमान में कई केंद्रों में धान खुले आसमान के नीचे रखने को प्रबंधक मजबूर हैं। वहीं मिलर्स का डीओ नहीं कटना भी धान उठाव नहीं होने का बड़ी वजह बताया जा रहा है जिससे धान उठाव काफी धीमी गति से हो रहा है। खुले आसमान के नीचे रखे धान की जवाबदारी समिति प्रबंधकों की रहती है।
लहपटरा धान खरीदी केंद्र में 18 हजार क्विंटल, निम्हा में 10 हजार क्विंटल, पूहपुटरा में 12 हजार क्विंटल, चांदो 10266 क्विंटल, अमलभ_ी 7096.80 क्विंटल धान का उठाव बाकी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 30 दिसंबर। बलरामपुर रामानुजगंज जिला के रामचंद्रपुर जनपद सीईओ विनय गुप्ता को रिश्वत लेते एसीबी की टीम ने गिरफ्तार किया है। शिकायत मिली थी कि सीईओ द्वारा ठेकेदार से भुगतान के लिए एक लाख रुपए की मांग की गई है। ठेकेदार की शिकायत सही होने के बाद एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से प्रथम किश्त के रूप में ठेकेदार को 60 हजार रुपए देने के लिए भेजा। जैसे ही ठेकेदार ने सीईओ को रुपए दिए, एसीबी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
अम्बिकापुर, 30 दिसंबर। कोरोना को मात देकर 3 व्यक्ति घर लौटे, वहीं 45 कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज जारी है।
संयुक्त संचालक एवं मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने बताया कि अम्बिकापुर के 55 वर्षीय महिला, देवीगंज रोड के 54 वर्षीय पुरूष एवं सीतापुर के 55 वर्षीय पुरूष को 5 दिन के हॉस्पिटलाईजेशन होने के उपरांत लक्षण रहित पाए जाने पर आज डिस्जार्च कर दिया गया है। कोविड अस्पताल अम्बिकापुर में 30 दिसम्बर की स्थिति में 45 मरीज भर्ती हैं जिनका ईलाज जारी है। इनमे सरगुजा जिले के 32, सूरजपुर जिले के 4 तथा बलरामपुर जिले के 9 मरीज शामिल हैं।