सरगुजा

तिरंगा लेकर कांग्रेस सामाजिक सद्भाव को पुन: स्थापित करने निकली है-अमरजीत
11-Aug-2022 8:06 PM
तिरंगा लेकर कांग्रेस सामाजिक सद्भाव को पुन: स्थापित करने निकली है-अमरजीत

कांग्रेस की आजादी गौरव पदयात्रा दूसरे दिन भी तीनों विधानसभा क्षेत्रों में जारी रही
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,11 अगस्त।
भारत छोड़ो आंदोलन की 80वीं वर्षगांठ पर कांग्रेस की आजादी गौरव यात्रा के दूसरे दिन बुधवार को सरगुजा के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में अनवरत पदयात्रा जारी रही। सीतापुर में इस पदयात्रा का नेतृत्व सीतापुर विधानसभा में खाद्यमंत्री अमरजीत भगत, लुंड्रा विधानसभा में मेडिकल कारर्पोरेशन के अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक एवं अम्बिकापुर विधानसभा में जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के द्वारा किया गया।

सीतापुर विधानसभा में गौरव पदयात्रा का प्रारंभ खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने ग्राम मंगरैलगढ़ से प्रारंभ किया, जो सीतापुर होते हुए राजापुर मैनपाठ में समाप्त हुई। यात्रा की शुरुआत में मंगरैलगढ़ में हुई सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आज बुलडोजर चलाकर देश के सामाजिक सद्भाव को तहस-नहस किया जा रहा है। तिरंगा लेकर कांग्रेस इस सामाजिक सद्भाव को पुन: स्थापित करने निकली है।

मंगरेलगढ़ से प्रारंभ हुई इस यात्रा में खाद्यमंत्री के साथ साथ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तिलक बेहरा, गणेश सोनी, अर्णव गुप्ता, नरेश बघेल, अनिला पैकरा, धनेश्वर यादव, अनिता यादव, सुनील बखला, सुरेन्द्र अग्रवाल सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

लुंड्रा विधानसभा में यात्रा का प्रारंभ ग्राम कुंदीकला से प्रारंभ होकर अम्बिकापुर शहर से सटे ग्राम कोरिमा में समाप्त हुई। करीब 5 बजे पदयात्रा मेडिकल कॉरपोरेशन के अध्यक्ष की अगुआई में कोरिमा पंहुची। कुंदीकला से प्रारम्भ होकर यात्रा ग्राम डकई, जमड़ी, करदौनी होते ग्राम कोरिमा तक पहुंची थी।

जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, जनपद पंचायत धौरपुर के अध्यक्ष गंगाराम, राजेश तिवारी, अनवर फिरदौसी, युनुस खान, चुलेश्वर यादव, सकुन्ती देवी और युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में मौजूद थे। शुक्रवार 12 अगस्त से लुंड्रा विधानसभा की तिरंगा गौरव यात्रा विधानसभा के अम्बिकापुर विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में होगी।

कल की तरह आज भी अम्बिकापुर विधानसभा के विकासखंड उदयपुर में आजादी गौरव यात्रा जारी रही। आज की यात्रा का प्रारंभ ग्राम पुटा से हुआ जो रामनगर, लक्ष्मणगढ़, महेशपुर, मोहनपुर, जजगा होते चैनपुर में सम्पन्न हुई। उदयपुर विकासखंड में यात्रा का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता के द्वारा किया गया। नौ अगस्त को ही उनकी चाची का निधन हुआ था, बावजूद उसके पार्टी के प्रति समर्पण के कारण वे आज गौरव यात्रा को नेतृत्व दे रहे थे।

आज की यात्रा के दौरान उनके साथ उदयपुर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री राजनाथ सिंह, रणविजय सिंहदेव, शेखर सिंहदेव, सिद्धार्थ सिंहदेव, ओमप्रकाश सिंह, सुमिरन सिंह, रोहित सिंह टेकाम, द्वारिका यादव, प्रकाश सिंह, नीरज मिश्रा, रामविलास अग्रवाल, अजितेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा के दौरान एक ओर जहां ग्रामीणों को झंडा वितरित किया गया, वहीं स्कूली छात्रों से मिलकर उन्हें राष्ट्रध्वज का महत्व समझाया गया। यात्रा का समापन पूर्व विधायक चंदन सिंह को तिरंगा भेंट कर किया गया।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news