जशपुर

महतारी हुंकार रैली और प्रतिमा अनावरण समारोह की तैयारी बैठक
06-Nov-2022 7:24 PM
महतारी हुंकार रैली और प्रतिमा अनावरण समारोह की तैयारी बैठक

जशपुरनगर, 6 नवंबर। बिलासपुर में 11 नवंबर को आयोजित होने वाली महतारी हुंकार रैली और 14 नवंबर को पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व.दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम की अंतिम रूपरेखा पर विचार करने के लिए शनिवार को जिला भाजपा कार्यालय में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, सांसद गोमती साय,पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, पूर्व सांसद नंदकुमार साय, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय,पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय एवं जिला भाजपाध्यक्ष सुनील गुप्ता विशेष रूप से शामिल हुए। 

पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने कहा कि आने वाले कुछ दिनों में दो बड़े कार्यक्रमों की तैयारी पूरी करनी है। उन्होंने बताया कि बिलासपुर में आयोजित होने वाली महतारी हुंकार रैली में जिले से 2 सौ महिलाओं को शामिल करने का लक्ष्य मिला है। इसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। महिलाओं को बिलासपुर पहुंचाने और वापस लाने के लिए संसाधन की व्यवस्था कर ली गई है। 

उन्होंने बताया कि यह रैली छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार के वायदा खिलाफी के विरोध में आयोजित किया गया है। बीते विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने शराबबंदी का वायदा किया था, जिसे वह भूल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना पूरी तरह से ठप पड़ी हुई है। दुष्कर्म सहित महिला अत्याचार का ग्राफ रोजाना नई ऊंचाई छू रहा है। सरकार और कांग्रेस के समर्थन से जुआ और सट्टा का काला कारोबार तेजी से फल फूल रहा है। जिससे बर्बाद हो कर लोग आत्मघाती कदम उठा रहें हैं। इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए,महिला शक्ति सड़क पर उतरेगी। 

प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय ने कहा कि आरआरएस प्रमुख मोहन भागवत का जशपुर आगमन, ऐतिहासिक अवसर है। इसे भव्यतम स्वरूप देना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा अनावरण समारोह में 50 हजार से अधिक की भीड़ जुटाना हमारा लक्ष्य होना चाहिए। इसके लिए मंडल स्तर पर चल रही तैयारी पर भी पवन साय ने विस्तार से चर्चा की। 

पार्टी पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने कहा कि परम पूज्य अघोरेश्वर बाबा द्वारा शहर के सती उद्यान पार्क की स्थापना के बाद , कुमार साहब के प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम सबसे बड़ा आयोजन है। इसे सफल बनाना हम सबका दायित्व है। भाजपा के कार्यकर्ता इसे सफल बनाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। 14 नवंबर को आयोजित समारोह में व्यवस्था बनाएं रखना हम सबका दायित्व है। 
बैठक को सांसद गोमती साय, पूर्व सांसद रणविजय सिंह जूदेव, पूर्व सांसद नंदकुमार साय ने भी संबोधित किया। बैठक का संचालन जिला महामंत्री ओमप्रकाश सिन्हा और समापन की घोषणा जिला संगठन प्रभारी रामकिशुन सिंह ने की।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैज़ान सरवर खान ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से पूर्व विधायक राजशरण भगत, विधानसभा प्रभारी रमन अग्रवाल, राजू अग्रवाल, हरपाल सिंह भाभरा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नरेश नंदे, पूर्व जिलाध्यक्ष रोहित साय, जिला उपाध्यक्ष भरत सिंह, मुकेश शर्मा, सुनील अग्रवाल, रूपेश सोनी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष उपेन्द्र यादव, नगरपालिका उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, जिला मंत्री सुनील अग्रवाल, अनूप गुप्ता,  वरुण जैन, गोपाल राय, विक्रमादित्य सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव,  डीडीसी सालिक साय, ममता कश्यप, रीना बरला, शांति भगत, अनिता सिंह, शरद चौरसिया, गोविंद भगत, केशव यादव, शहर मण्डल अध्यक्ष संतोष सिंह, राजकपूर भगत, श्रीनायक मिश्रा, कपिल साय, मंगल राम, अनिल मित्तल, कमल साय, श्यामलाल भगत, संतोष सहाय, सुरेन्द्र बेसरा,  भुनेश्वरी बेहरा, रेणु विश्वास, शारदा प्रधान, पिंकी गुप्ता, नीतू गुप्ता,  राजा सोनी आदि उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news