जशपुर

मेगा विधिक जागरूकता शिविर में दी कई जानकारियां
07-Nov-2022 4:01 PM
मेगा विधिक जागरूकता शिविर में दी कई जानकारियां

जशपुरनगर, 7 नवंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आज कलेक्टोरेट कार्यालय के मंत्रणा सभाकक्ष में मेगा विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट डमरूधर चौहान ने की। इस दौरान अपर कलेक्टर आईएल ठाकुर, जिला परियोजना समन्वयक  बी. पी. जाटवर  एवं समाज कल्याण विभाग,  पुलिस, शिक्षा, महिला बाल विकास सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में  छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में आमजनों में विधिक जागरूकता लाने हेतु मेगा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया है।

शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट डमरूधर चौहान द्वारा नालसा एवं सालसा द्वारा आम नागरिकों हेतु  विधिक जागरुकता एवं सहायता के लिए संचालित  विभिन्न योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा, बाल विवाह, महिलाओं के विरुद्ध अपराध, मानव दुव्र्यापार जैसे अन्य अपराधों के रोकथाम एवं सरंक्षण के लिए लागू योजनाओं से उपस्थित सभी को  अवगत कराया। उन्होंने सभी को अपने आसपास घटित अपराधों के नियंत्रण हेतु जागरूक होने एवं कानूनी सहायता लेने हेतु प्रोत्साहित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, कौशल्या  मातृत्व योजना, नोनी सुरक्षा, सुकन्या समृद्धि,  मुख्यमंत्री कन्या विवाह,  नशा मुक्ति जैसे अन्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही एनिमिया कुपोषण स्तर में गिरावट लाने हेतु प्रशासन द्वारा की जा रही गतिविधियों के बारे में भी जानकारी देते हुए योजनाओं का ग्रामीण स्तर पर प्रचार-प्रसार कर आमजनों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ महिला कोष ऋण वितरण के बारे में भी बताया गया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, निशक्त विवाह प्रोत्साहन, सुखद सहारा योजना, सहित वरिष्ठ नागरिकों, वृद्ध महिला- पुरूष, दिव्यांग जनों हेतु संचालित विभिन्न प्रकार के पेंशन योजना, छात्रवृत्ति,  सहायक उपकरण प्रदाय जैसे विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

इसी प्रकार शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग द्वारा भी विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए सभी को अधिकारों के प्रति सजग होने, अपने आस पास के लोगों में जागरूकता लाने एवं अपराधों के रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए अनिवार्य रूप से विधिक सहायता लेने की समझाईश दी गई।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news