सरगुजा

राज्य की जनता कांग्रेस सरकार से छुटकारा पाना चाहती है,भाजपा बनेगी जनता की आवाज- साव
07-Nov-2022 7:58 PM
राज्य की जनता कांग्रेस सरकार से छुटकारा पाना चाहती है,भाजपा बनेगी जनता की आवाज- साव

 

  कहा-सडक़ से सदन तक होगा प्रदर्शन, 2023 में फिर से खिलेगा कमल  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 7 नवंबर।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद प्रथम सरगुजा आगमन पर सोमवार को नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने सोमवार को  भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार से जनता त्रस्त हो गई है, पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल है। राज्य की जनता इस जन विरोधी सरकार से अब छुटकारा चाहती है,ऐसे में भाजपा जनता की आवाज बनेगी और सडक़ से लेकर सदन तक जन विरोधी नीतियों के विरूद्ध लड़ाई लड़ेगी।

बिलासपुर के लोकसभा सांसद व प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने आज मां महामाया के दर्शन भी किये। जिला भाजपा कार्यालय में प्रदेशाध्यक्ष अरूण साव ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान कहा कि प्रदेशाध्यक्ष बनने के बाद वे पहली बार सरगुजा पहुंचे हैं, जहां सरगुजा की सीमा में तारा के पास से उनका कार्यकर्ताओं व आम लोगों द्वारा जिस प्रकार से स्वागत किया गया, वह यह दर्शाता है कि कार्यकर्ता पूरे उत्साह में है और वे सभी के साथ मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने बताया कि 11 नवम्बर को बिलासपुर में महतारी हुंकार रैली का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर की महिलाएं शराबबंदी, महिला स्व सहायता समूहों की कर्ज माफी को लेकर जो छल किया गया है, इसके विरोध में हुंकार भरेंगी। इस रैली में केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी सहित भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूरे प्रदेश से महिलाएं जुटेंगी और प्रदेश सरकार के वादा खिलाफी के विरूद्ध प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने कहा कि पिछले 4 वर्षों से राज्य में कांग्रेस की सरकार है और इस दौरान जो राज्य की दुर्दशा हुई है तथा राज्य अपराधियों व माफियाओं का गढ़ बन गया है, जहां न तो किसी शहर और न ही किसी गांव में कोई विकास कार्य हो रहा है।
श्री साव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा जन घोषणा पत्र के माध्यम से राज्य की जनता को ठगा गया है एक भी वादा सरकार बनने के बाद पूरा नहीं किया गया है जिससे प्रदेश के सभी वर्ग के लोगों में आक्रोश है। श्री साव ने कहा कि हम पूरी एकजुटता के साथ लड़ेंगे और 2023 में कमल खिलाते हुए जीत हासिल करेंगे।

इसके अलावा आदिवासी समाज के आरक्षण को कम करने के संबंध में हाईकोर्ट द्वारा दिये गए निर्णय को लेकर उन्होंने इसे भी प्रदेश सरकार की नाकामी बताते हुए इसे आदिवासी समाज के साथ हुआ अन्याय बताया और कहा कि अनूसूचित क्षेत्र के युवाओं को भी नौकरी में दी जाने वाली प्राथमिकता समाप्त हो गई है, वहीं सरकार ने सारी भर्तियों पर भी रोक लगा दी गयी है, जिससे युवाओं में भी आक्रोश है, ऐसे में भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज बनेगी और सरकार की गलत नीतियों तथा विकास के मुद्दे पर सडक़ से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

प्रदेश सहित सरगुजा जिले में खराब स्वास्थ्य व्यवस्था का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जहां के विधायक प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री हैं, वहां स्वास्थ्य के हालात खराब हैं, ऐसे में समझा जा सकता है कि पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था के हालाल कैसे होंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इस सरकार से छुटकारा चाहती है फिर से राज्य में कमल खिलाकर विकास के मार्ग को प्रशस्त किया जाएगा। हर चुनावी राज्य में भाजपा द्वारा कॉमन सिविल कोड लागू करने का वादा करने पर अगले वर्ष प्रदेश में भी इसे लागू करने के संबंध में सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि चुनाव के समय इसे घोषणा पत्र बनाते समय देखा जाएगा।

इसके अलावा मीडिया ने सरगुजा भाजपा में गुटबाजी एवं पिछले विधानसभा चुनाव में सरगुजा की तीनों सीटों पर भाजपा की करारी हार को लेकर प्रश्न किया तो भाजपा प्रदेश अध्यक्ष प्रश्नों के उत्तर देने से बचते रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news