धमतरी

9 दिनों में 95 सौ किसानों से 54 करोड़ की धान खरीदी, साढ़े 13 सौ क्विंटल उठाव
11-Nov-2022 4:05 PM
9 दिनों में 95 सौ किसानों से 54 करोड़ की धान खरीदी, साढ़े 13 सौ क्विंटल उठाव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 11 नवंबर। जिले में 9 नवंबर तक 9 हजार 507 किसानों से 54 करोड़ 12 लाख रूपए के समर्थन मूल्य में 2 लाख 63 हजार 475 क्विंटल धान की खरीदी की गई है। समय सीमा की बैठक के दौरान कलेक्टर पीएस एल्मा ने खाद्य एवं संबंधित विभागों को सुनिश्चित करने कहा कि सभी 96 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी सुव्यवस्थित तरीके से हो।

उन्होंने कस्टम मिलिंग के लिए मिलर पंजीयन की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द सभी मिलर्स का पंजीयन कराना सुनिश्चित करने कहा। बताया गया कि अभी तक अरवा के 107 मिलर्स का पंजीयन किया जा चुका है। साथ ही खरीदी केंद्रों से एक हजार 350 क्विंटल धान का उठाव मिलर्स की ओर से किया गया है। कलेक्टर ने सभी खरीदी केंद्रों से सतत धान उठाव सुनिश्चित करने कहा।

ज्ञात हो कि इस साल एक नवंबर से 31 जनवरी तक जिले के 96 उपार्जन केंद्रों के जरिए समर्थन मूल्य पर अनुमानित चार लाख 84 हजार मीट्रिक टन धान खरीदी पंजीकृत किसानों से की जा रही है। मनरेगा से स्वीकृत सभी कुंआ निर्माण के कार्यों को जल्द से जल्द शुरू करने के निर्देश सभी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को दिए हैं।

उन्होंने कहा कि अभी बारिश के बाद मिट्टी नरम है और मिट्टी खोदने में आसानी होगी और साल भर में कुंआ बनकर तैयार हो जाएगा। साथ ही कलेक्टर ने आयुक्त नगर निगम और उप संचालक पशु चिकित्सा सेवा को शहर की यातायात को बाधित करने वाले आवारा पशुओं पर सतत कार्रवाई करते रहने के निर्देश दिए हैं। उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डा एमएस बघेल ने बताया कि अब तक 20 पशु मालिकों को इस संबंध में नोटिस जारी किया जा चुका है। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

जल जीवन मिशन- कलेक्टर ने अफसरों को फटकारा
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में गुरुवार को सुबह 10.30 बजे कलेक्टर ने बैठक ली। उन्होंने जल जीवन मिशन की समीक्षा कर पिछले सप्ताह की अपेक्षा कामों में प्रगति नहीं आने पर नाराजगी जताई। अफसरों को फटकारा। ठेकेदारों से नियत समयावधि में ही काम पूरा कराने निर्देश दिए। सहायक अभियंता ने बताया कि जल जीवन मिशन अंतर्गत रेट्रोफिटिंग जलप्रदाय योजना के 260 स्वीकृत कार्यों में से 18 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। 242 प्रगति पर है। सिंगल विलेज योजनांतर्गत कुल 253 कार्यादेश जारी व 2 पूर्ण हो चुके हैं। इनमें 44 अप्रारंभ हैं। बाकी 207 काम प्रगति पर हैं। सोलर आधारित 80 स्वीकृत कार्यों में से 40 कार्य पूर्ण हो चुके हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news