सूरजपुर

वादों को पूरा नहीं कर रही भूपेश सरकार-बाबूलाल
06-Dec-2022 7:38 PM
वादों को पूरा नहीं कर रही भूपेश सरकार-बाबूलाल

भाजपा मंडल प्रतापपुर की कार्यसमिति की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर, 6 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी मंडल प्रतापपुर की कार्यसमिति की बैठक भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपुर बाबूलाल गोयल के मुख्य आतिथ्य एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रतापपुर अक्षय तिवारी की अध्यक्षता में शक्ति केंद्र बैकोना में हुई। बैठक के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सूरजपुर अजय अग्रवाल ने क्षेत्रीय विधायक एवं स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम पर क्षेत्र की ग्रामीण जनता, किसान, कर्मचारी एवं युवाओं की उपेक्षा एवं शोषण किए जाने का आरोप लगाया।

मंडल अध्यक्ष अक्षय तिवारी द्वारा स्वागत उद्बोधन के साथ संगठन के निर्देशानुसार मंडल में किए गए कार्यों की संक्षिप्त जानकारी दी गई।  जिलाध्यक्ष बाबूलाल गोयल ने बैकोना के वरिष्ठ नागरिक एवं कार्यकर्ताओं का माल्यार्पण कर सम्मानित किया। 

भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष भाजपा बाबूलाल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ग्रामीण जनता के लिए प्रधानमंत्री आवास के लिए भेजी गई राशि को राज्य की भूपेश सरकार द्वारा वापस किए जाने के कारण प्रदेश के लाखों गरीब आज पक्के का मकान बना पाने से वंचित रह गए, इसके लिए राज्य की कांग्रेस सरकार पूर्ण रूप से दोषी एवं उत्तरदायी है।

इसके लिए भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव में प्रभावित हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें इस बात की जानकारी देना चाहिए, साथ ही कांग्रेसी सरकार से अपने आवास की मांग करनी चाहिए कि भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार द्वारा भेजे जाने के बावजूद कांग्रेस सरकार हमारे आवास का पैसा क्यों नहीं दे रही है और हमारा घर क्यों अधूरा है। 

आगे कहा कि धान खरीदी में ऐसे ही छल एवं प्रपंच का सहारा लेकर केंद्र से भेजी गई राशि को भी अपना बता कर राज्य सरकार किसानों को उनके धान का उचित मूल्य नहीं दे रही है एवं धान खरीदी में किसानों के साथ भेदभाव का बर्ताव कर रही है। भूपेश सरकार किसान युवा एवं महिलाओं के लिए किए गए वादों को पूरा नहीं कर रही है। शिक्षा मंत्री के क्षेत्र में सडक़ की दुर्दशा से आवागमन दुर्लभ होता जा रहा है। कर्मचारियों का मनमाना स्थानांतरण कर आर्थिक एवं मानसिक शोषण किया जा रहा है।

अब क्षेत्र की जनता कांग्रेस सरकार से त्रस्त हो चुकी है और समय की प्रतीक्षा कर रही है। निसंदेह अब जनता कांग्रेस की निरंकुश सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news