जशपुर

अटल बिहारी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया
26-Dec-2022 2:37 PM
अटल बिहारी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 26 दिसंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात को आज जिले के सभी बूथों में सुना गया साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती को सुशासन दिवस के रूप में सभी बूथों में मनाई गई। 
भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता ने जहां कांसाबेल मण्डल के बूथ में, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत एवं शहर मण्डल अध्यक्ष संतोष सिंह ने जशपुर शहर मण्डल के अलग अलग बूथों में जनपद उपाध्यक्ष राजकपूर भगत में ग्रामीण मण्डल  के जुरगुम बूथ में मन की बात को सुना।  पीएम ने 2022 की उपलब्धियों का जिक्र किया और 2023 की चुनौतियों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने कोरोना को लेकर सावधान रहने की हिदायत भी दी।
 

पीएम ने कहा कि आप भी देख रहे हैं कि दुनिया के कई देशों में कोरोना बढ़ रहा है। इसलिए हमें मास्क और हाथ धुलने जैसी सावधानियों का और ज्यादा ध्यान रखना है। पीएम मोदी ने कहा कि 2022 में हर क्षेत्र में भारत का दमखम देखने को मिला। 
उन्होंने कहा 2022 वाकई कई मायनों में बहुत ही प्रेरक रहा, अद्भुत रहा। इस साल भारत ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूरे किये और इसी वर्ष अमृतकाल का प्रारंभ हुआ।  मन की बात में पीएम मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर याद किया। 

पीएम ने कहा आज हम सभी के श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपयी का जन्मदिन भी है। वे एक महान राजनेता थे, जिन्होनें देश को असाधारण नेतृत्व दिया। हर भारतवासी के ह्रदय में उनके लिए एक खास स्थान है। मन की बात कार्यक्रम के बाद जिले के सभी बुथों में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी बाजपेयी की जयंती सुशासन दिवस के रूप में मनाई गई।  बाजपेयी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर व दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें याद किया गया। इससे पूर्व सुबह जिन बुथों में अटल चौक बनाया गया है वहां साफ-सफाई भी की गई।

 अटल बिहारी बाजपेयी को याद करते हुए सुनील गुप्ता ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर  1924 को हुआ ।
व देहांत 16 अगस्त 2018 को। वे भारत के तीन बार प्रधानमंत्री रहे। बाजपेयी हिंदी कवि, पत्रकार व एक प्रखर वक्ता थे। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में एक थे, और 1968 से 1973 तक उसके अध्यक्ष भी रहे। उन्होंने लंबे समय तक राष्ट्रधर्म, पाञ्चजन्य और वीर अर्जुन आदि राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत अनेक पत्र-पत्रिकाओं का संपादन भी किया।

श्री गुप्ता ने बताया कि वह चार दशकों से भारतीय संसद के सदस्य रहे। लोकसभा निचले सदन में दस बार और दो बार राज्य सभा ऊपरी सदन में चुने गए थे। अपना जीवन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक के रूप में आजीवन अविवाहित रहने का संकल्प लेकर प्रारंभ करने वाले वाजपेयी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन राजग सरकार के पहले प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने गैर काँग्रेसी प्रधानमंत्री पद के 5 वर्ष बिना किसी समस्या के पूरे किए। उन्होंने 24 दलों के गठबंधन से सरकार बनाई थी जिसमें 81 मंत्री थे।

जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत व शहर मण्डल के अध्यक्ष संतोष सिंह ने स्व. अटल बिहारी बाजपेयी के बारे में बोलते हुए कहा कि अटल सरकार ने 11 और 13 मई 1998 को पोखरण में पाँच भूमिगत परमाणु परीक्षण विस्फोट करके भारत को परमाणु शक्ति संपन्न देश घोषित कर दिया। इसके बाद पश्चिमी देशों द्वारा भारत पर अनेक प्रतिबंध लगाए गए लेकिन वाजपेयी सरकार ने सबका दृढ़तापूर्वक सामना करते हुए आर्थिक विकास की ऊँचाईयों को छुआ। बाजपेयी के कार्यकाल में ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सडक़ योजना व स्वर्णिम चतुर्भुज योजना प्रारम्भ की गई।

उक्त जानकारी देते हुए जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान ने बताया कि मन की बात कार्यक्रम एवं सुशासन दिवस मनाने में जिले में मुख्य रूप से जिला भाजपा अध्यक्ष सुनील गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत, पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला प्रभारी शंकर गुप्ता,जिला मंत्री सुनील अग्रवाल, जशपुर शहर मण्डल अध्यक्ष संतोष सिंह, जनपद उपाध्यक्ष राजकपूर भगत, गोविंद राम भगत, डीडीसी शांति भगत, तुलसी कौशिक, श्रीनायक मिश्रा, विजय शर्मा, उमाशंकर भगत, गणेश जैन,रेणु विश्वास, शरद चौरसिया, अरविंद भगत, सुदाम पंडा, राजकुमार गुप्ता, दीपक गुप्ता, ऋषि गुप्ता, विजय सोनी, राहुल गुप्ता, कृष्णा गुप्ता, गणेश गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, गणेश साहू सहित बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news