धमतरी

जिले की तीनों विस सीटें जीतने भाजपा ने बनाई रणनीति
15-Jan-2023 2:36 PM
जिले की तीनों विस सीटें जीतने भाजपा ने बनाई रणनीति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 15 जनवरी।
जिले की तीनों विधानसभा सीटों को जीत का संकल्प लेकर भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक हुई। इसमें बूथ से लेकर मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने रणनीति बनाई गई। इसके लिए पार्टी की ओर से सरल एप भी लांच किया जा रहा है, जिसमें पार्टी की रीति-नीति से गतिविधियां और कार्ययोजना महज एक क्लिक में पहुंचेगी।

जिला भाजपा कार्यालय में कोर ग्रुप एवं जिला पदाधिकारियों तथा मंडल अध्यक्षों की बैठक हुई। जिला संगठन प्रभारी नीशू शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की बदौलत भाजपा आज देश की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। वर्ष-2023 से 2025 तक लगातार विधानसभा, लोकसभा एवं स्थानीय चुनावों को देखते हुए पार्टी की जीत के लिए विशेष रणनीति बनाकर सभी जिम्मेदार पदाधिकारियों को पूर्णकालिक होने की आवश्यकता है। चुनावी वर्ष में पार्टी का कार्य ही हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष शशि पवार ने कहा कि पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को अधिक आक्रामकता और दृढ़ता के साथ एकजुट होकर कार्य करना है। पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी क्षमता के साथ करने का आग्रह भी किया। जिले के संगठन सह प्रभारी हलधर साहू, धमतरी विधानसभा प्रभारी राजीव पांडे, कुरुद विधानसभा प्रभारी आशु चंद्रवंशी, प्रदेश मंत्री रामू रोहरा ने भी अपने विचार रखे। करीब घंटे भर तक चली कोर ग्रुप की बैठक में संगठन के पिछले समस्त कार्यों की समीक्षा कर गलतियों को सुधार कर आगामी कार्यों की रूपरेखा बनाई गई।

सभी सदस्य होंगे डिजिटलीकरण
 

महामंत्री कविन्द्र जैन ने बताया कि भाजपा के जितने सदस्य है, उन्हें ऐप के जरिए डिजिटलीकरण किया जा रहा है। इसमें मंडल से लेकर राष्ट्र स्तर पर डाटा मैनेजमेंट की टीम बनेगी। सूचना की दृष्टि से चुनाव से संबंधित जो भी गतिविधियां, कार्ययोजना होगी, उस ऐप के जरिए सिर्फ एक क्लिक में बूथ स्तर पर पहुंच जाएगा, जिसके आधार पर कार्यकर्ता कार्य करेंगे। 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news