बेमेतरा

रिस्क लेकर खेती करने वाले किसानों की संख्या जिले में बढ़ी
20-Jul-2023 3:32 PM
रिस्क लेकर खेती करने वाले किसानों की संख्या जिले में बढ़ी

चार साल में कर्ज लेने वाले 25717 नए किसान सामने आए , कर्ज की राशि 20997 लाख बढ़ी 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 20 जुलाई।
जिले में साल दर साल कर्ज लेकर खेती करने वाले किसानों की संख्या में इजाफा हो रहा है। जिले में चार साल में 25 हजार से अधिक नए किसानों ने कर्ज लिया है। जिले में नवागढ विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक साढ़े 13 हजार नये कर्जदार किसान सामने आए हैं। माना जा रहा है कि धान खरीदी की मात्रा व समर्थन मूल्य में बढोतरी होने के कारण किसानों की संख्या में वृध्दि हुई है।

जानकारी के अनुसार जिले में जारी खरीफ सीजन के दौरान किसानों ने 343 करोड़ 9 लाख का कर्ज लिया है। पूर्व सत्र के खरीफ सीजन में जिले के किसानों ने 331 करोड़ 69 लाख का कर्ज लिया था। यानी इस बार जिले के अकेले सहकारी बैक से किसानों ने पूर्व सत्र की अपेक्षा इस बार 12 करोड़ 60 लाख का अधिक कर्ज लिया है। जानकार मानते हैं कि जिले के किसानों ने अब जोखिम लेकर खेती करना शुरू कर दिया है। पूर्व में किसान फसल के लिए कर्ज लेने के लिए सोचते थे, पर अब ऐसी बात नहीं है। किसान विनू पटेल ने बताया कि पहले खेती उपज बेचने की समस्या थी। आज नहीं है। इसलिए किसान कर्ज लेने में पीछे नहीं हट रहे हैं।

बेरला व बेमेतरा में बढ़े 7300 कर्जदार किसान 

बेमेतरा विधानसभा के बेमेतरा व बेरला तहसील में सत्र 2019 -20 सीजन में 25800 किसानों ने 12700 लाख का कर्ज लिया था। जबकि 2022 -23 में 18866 लाख का कर्ज लिया है। चार साल में कर्ज बढक़र डेढ़ गुणा हो गया है। जबकि कर्ज लेने वाले किसानों की संख्या मात्र 7300 बढ़ी है। इसी तरह साजा विधानसभा में 2019 -20 के दैारान 21778 किसानों ने 1270 लाख का कर्ज लिया था वहीं चार सत्र बाद 26690 किसानों ने 17259 लाख का कर्ज लिया है। इस विधानसभा में चार साल में 4912 नये कर्जदार किसान बढ़े है। यहां कर्ज की रकम पूर्व की अपेक्षा 4522 लाख अधिक है। जिले में कर्ज लेने वाले किसान व रकम दोनों में चार साल के दौरान दिगर विधानसभा की अपेक्षा सर्वाधिक वृध्दि हुई है। इस विधानसभा में सत्र 2019 -20 के दैारान 30976 किसानों ने 14437 लाख का कर्ज लिया था वहीं चार सत्र बाद 44481 किसानों नें 24140 लाख का कर्ज लिया है। चार सत्र के दौरान इस क्षेत्र में 13462 नए कर्जदार किसानों ने कर्ज लिया है, वहीं रकम का दायरा 9703 लाख अधिक बढ़ा हैै। जिले में चार साल कें दौरान 25717 नए किसान कर्ज लेने सामने आए हैं वहीं चार सत्र पूर्व की अपेक्षा 20997 लाख अधिक कर्ज लिया गया है।

सहकारी बैंक पर ज्यादा भरोसा, इस बार 343 करोड़ पार  

जिले में सहकारी केन्द्रीय बैंक की ओर से खरीफ फसल 2023.24 के लिए अब तक 83650 किसानों को खेती-किसानी के लिए 343 करोड़ 9 लाख 67 हजार रुपए का अल्पकालीन ऋण दिया गया है। इसमें 285 करोड़ 98 लाख 2 हजार रुपए नकद और शेष 57 करोड़ 11 लाख 65 हजार रुपये वस्तु के रूप में है। चालू वर्ष में किसानों को 460 करोड़ का ऋण वितरण का लक्ष्य है। पिछले वर्ष इसी सीजन में 81853 किसानों को 331 करोड़ 69 लाख 13 हजार रुपए का खेती-किसानी के लिए ऋण दिया गया था। इसमें से 257 करोड़ 34 लाख 87 हजार रुपए नगद और 56 करोड़ 34 लाख 26 हजार रुपए वस्तु के रूप में थे।

जिला नोडल अधिकारी सहकारी बैंक दिल मोहन डेहरे ने बताया कि जिला के सहकारी समितियों में इस बार 343 करोड़ रुपए का कर्ज किसानों को दिया जा चुका है। यह पूर्व सत्र से लगभग 12 करोड़ रुपए अधिक है।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news