जशपुर

जनता के दिलों में राज करने वाले फकीर थे दिलीप सिंह- साव
17-Aug-2023 3:45 PM
जनता के दिलों में राज करने वाले फकीर थे दिलीप सिंह- साव

गोरियाटोली में संपन्न हुआ भव्य प्रतिमा अनावरण समारोह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जशपुरनगर, 17 अगस्त।
कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने बरसों पहले हिंदूत्व की रक्षा की अलख जगाने के लिए,घर वापसी अभियान शुरू किया था,वह आज छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में फैल चुका है। जहां भी हिंदुत्व विरोधी गतिविधियां होती हैं। लोग स्वयं उसके विरोध में सामने आ जाते हैं। यह जूदेव के संघर्ष की देन है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय ने उक्त बातें कहीं। वे जिले के कुनकुरी ब्लाक के गोरियाटोली में आयोजित दिलीप सिंह जूदेव की आदमकद प्रतिमा अनावरण समारोह में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित कर रहे थे।

उन्होनें कहा कि जूदेव ने अपने जीवनकाल में वो काम कर दिखाया है,जिसकी प्रेरणा से आने वाले कई पीढिय़ा प्रेरित होती रहेगीं। गोरियाटोली में आयोजित इस प्रतिमा अनावरण समारोह में हजारों की संख्या में ग्रामीण एकजुट हुए थे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव थे। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दिलीप सिंह जूदेव ने छत्तीसगढ़ की राजनैतिक इतिहास में नया अध्याय जोड़ा। उन्होंने कहा कि विधर्मियों ने भोले भाले आदिवासियों को प्रलोभन देकर  मतांतरित कराने का षडय़ंत्र इसके विरोध में जूदेव ने आवाज बुलंद की थी। वे राज परिवार के होकर भी आदिवासी, पहाड़ी कोरवा सहित गरीब और जरूरतमंदों की आवाज बने, इसलिए उनके लिए राजा नहीं,फकीर है जैसे नारे लगाएं जाते थे। 

पूर्व केन्द्रीय मंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव पार्टी के साथ हर उस व्यक्ति के प्रेरणास्त्रोत हैं,जो हिंदू और हिंदूत्व को संरक्षित करना चाहता है। उन्होनें कहा कि तारे विश्वकर्मा ने जो स्वयं के व्यय से दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा स्थापित की है,वह क्षेत्र के लोगों को सदियों तक हिंदूत्व से जुड़े रहने की प्रेरणा देता रहेगा। भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि उनके दादा,आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। उन्होनें देश और समाज के लिए जो कार्य किया,वह लोगों के लिए चीर स्मरणीय रहेगा। 

लोकसभा सांसद गोमती साय ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव,लोगों के दिलों में राज करने वाले जननेता थे। उन्होंने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव ने जशपुर और छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश की राजनीति को प्रभावित किया। प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में प्रदेशाध्यक्ष भाजपा अरुण साव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, लोकसभा सांसद गोमती साय, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय, प्रदेश भाजपा मंत्री प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, पूर्व मंत्री गणेश राम भगत, आचार्य राकेश, मेजर अनिल सिंह, संयोगिता युद्धवीर सिंह जूदेव, विक्रमादित्य सिंह जूदेव, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील गुप्ता, रायमुनी भगत, रामकिशुन सिंह, भरत सिंह सिसोदिया,भरत सिंह, मुकेश शर्मा, यशप्रताप सिंह जूदेव, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, राम गर्ग, विजय आदित्य सिंह जूदेव, भरत साय, जया सिंह जूदेव, उपेन्द्र यादव, वरुण जैन,सत्येन्द्र सिंह, राम गर्ग, तुलाधर यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।कार्यक्रम को गोकुल पटनायक,पूर्व विधायक रोहित साय,मेजर अनिल सिंह ने भी संबोधित किया।

उल्लेखनीय है कि दिलीप सिंह जूदेव की आदमकद प्रतिमा का निर्माण,गोरियाटोली निवासी किसान,तारे विश्वकर्मा ने स्वयं के खर्च से कराया है। उन्होनें बताया कि राजस्थान के मूर्तिकारों ने प्रतिमा का निर्माण किया है। इसके बाद इसे गांव में स्थापित किया गया है। इस पूरे कार्य में साढ़े 7 लाख रूपए खर्च हुआ है। प्रतिमा अनावरण समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण साव सहित सभी वक्ताओं ने प्रतिमा निर्माण के लिए तारे विश्वकर्मा की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उक्त जानकारी जिला भाजपा मीडिया प्रभारी फैजान सरवर खान दी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news