जशपुर

15 साल में जो काम किए हैं, उसे कांग्रेस की तीन पीढ़ी भी नहीं कर सकती- रमन
30-Oct-2023 9:00 PM
15 साल में जो काम किए हैं, उसे कांग्रेस की तीन पीढ़ी भी नहीं कर सकती- रमन

जशपुर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री, 3 भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन में हुए शामिल 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 

जशपुर, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज दूसरे चरण के नामांकन के अंतिम दिन जशपुर पहुंचे। वे जिले के 3 भाजपा प्रत्याशी रायमुनी भगत (विधानसभा क्षेत्र जशपुर), गोमती साय (विधानसभा क्षेत्र पत्थलगांव) और विष्णुदेव साय (विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी) के नामांकन में शामिल हुए, साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री ने आमसभा को संबोधित किया।

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के शासनकाल में हुए जशपुर समेत पूरे प्रदेश के विकास कार्यों पर चर्चा की, साथ ही उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने पिछले 15 सालों में जो काम किए हैं, उसे कांग्रेस की तीन पीढ़ी भी नहीं कर सकती।

पूर्व सीएम ने कांग्रेस सरकार को घेरते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की 40 दिन की सरकार बची है, क्योंकि कांग्रेस की इस सरकार ने अपने जन घोषणा पत्र के किसी भी वादे को पूरा नहीं किया है, 10 लाख लोगों को बेरोजगारी भत्ता देने के वादे से लेकर शराबबंदी, अनियमित कर्मचारियों के नियमितीकरण और किसानों के दो साल का बकाया बोनस तक सभी वादे अधूरे हैं।

साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को घेरते हुए कहा कि जब राजा ही खजाने को लूटने लगे तो प्रजा उस राजा को बदल देती है, आज हमारे छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल लूट कर रहे हैं, इसलिए छत्तीसगढ़ की जनता को मुखिया बदल देना चाहिए, सरकार बदल देनी चाहिए।

पूर्व सीएम ने आगे कहा कि बिहार में तो लालू यादव ने चारा घोटाला किया, लेकिन लालू यादव के उस चारा घोटाले के कीर्तिमान को भी पछाड़ते हुए छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गोबर तक में 229 करोड़ का घोटाला कर दिया।

इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ में लगभग 15000 करोड़ के घोटाले की लिस्ट बताई जिसमें, 5000 करोड़ का प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में घोटाला, 5000 करोड़ की महादेव सट्टा एप से अवैध उगाही, 2,000 करोड़ से अधिक का शराब घोटाला, 1300 करोड़ का गौठान घोटाला, 600 करोड़ का पीडीएस घोटाला, 500 करोड़ से अधिक का कोयला घोटाला, 229 करोड़ का गोबर घोटाला, सीजीपीएससी में नौकरियों की नीलामी कर करोड़ों का घोटाला, 700 करोड़ का धान मिलिंग घोटाला शामिल हंै। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने जशपुर की जनता से भाजपा के समर्थन में मतदान कर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाने की अपील की।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news