सरगुजा

पश्चिमी विक्षोभ के असर से मार्च में अधिकतम तापमान सामान्य रहा, न्यूनतम तापमान भी 25 वर्षों में सबसे न्यूनतम
01-Apr-2024 8:36 PM
पश्चिमी विक्षोभ के असर से मार्च में अधिकतम तापमान सामान्य  रहा, न्यूनतम तापमान भी 25 वर्षों में सबसे न्यूनतम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अप्रैल।
मार्च 2024 का प्रारम्भ सरगुजा में  पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के साथ हुआ था। फरवरी के अंतिम दिनों में सक्रिय हुआ विक्षोभ मार्च के प्रारम्भ में सक्रिय हुए त्वरित नए विक्षोभ के साथ समाहित होकर 7 मार्च तक उत्तरी छत्तीसगढ़ पर सक्रिय रहा। इस दौरान अम्बिकापुर में 16.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।
    
मार्च के मध्य तक पश्चिमोत्तर भारत पर एक के बाद एक चार विक्षोभ आये जिनमें से 15-16 मार्च के दौरान सक्रिय हुआ विक्षोभ अधिक ताकतवर रहा था। इस समय अरब सागर में चक्रवाती और बंगाल की खाड़ी में प्रति चक्रवाती परिसंचरण से लगातार नमी की आपूर्ति, गुजरात-राजस्थान की बढ़ती गर्मी और स्थानीय तापान्तर के कारण ओला वृष्टि की अनुकूल परिस्थितियां निर्मित होने से उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जगहों में तेज आंधी, गरज चमक के साथ व्यापक वर्षा और ओलावृष्टि की घटनाएं देखी गई थीं। अनियमित हवाओं की उपस्थिति के कारण अम्बिकापुर सहित पूरे मध्य भारत में 5 से 6 दिनों तक बादलों की आवाजाही से दिन में उमस और शाम से देर रात तक वर्षा का दौर चलता रहा था। इस दौरान अम्बिकापुर में 40.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई थी।

मार्च के अंतिम सप्ताह में भी दो विक्षोभ उत्तरी छत्तीसगढ़ तक पहुंचे। होली के दिन स्थानीय प्रभाव से त्वरित मौसमी बदलाव से 25 मार्च को मैनपाट एवं कुछ अन्य क्षेत्रों में व्यापक और अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के साथ 2 से 3 मिनट तक ओलावृष्टि हुई। इस विक्षोभ के तुरंत बाद एक विक्षिभ अभी मध्य भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है जिससे कहीं कहीं तेज हवा, धूल भरी आंधी और वर्षा की घटनाएं देखी जा रही हैं।

मार्च 24 में अम्बिकापुर में 8 दिनों में कुल 57.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो मार्च की औसत वर्षा 20 मिमी से लगभग तीन गुनी है।

यदि मार्च के दीर्घावधि वर्षा के आंकड़ों से तुलना करें तो ज्ञात होता है कि मार्च 24 पांचवें पायदान पर है। मार्च में सर्वाधिक वर्षा वाले वर्ष इस प्रकार हैं-
2020 - 144.8 मिमी
1998 - 106.5
1979 - 69.0
1995 - 65.6
2024 - 57.5 मिमी
अधिकतम तापमान- मार्च के औसत अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस की तुलना में इस वर्ष मार्च का औसत अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस के निगेटिव विचलन के साथ  31.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मार्च में अम्बिकापुर का अधिकतम तापमान 24.9 से 37.9 डिग्री सेल्सियस के बीच विचलित होता रहा। अधिकतम तापमान का ट्रेंड मार्च के आंकड़ों और मौसमी प्रभावों की दृष्टि से सामान्य रहा।

न्यूनतम तापमान-अम्बिकापुर के मार्च के औसत न्यूनतम तापमान 16 .2 डिग्री सेल्सियस की तुलना में इस वर्ष औसत मासिक न्यूनतम तापमान 0.9  डिग्री सेल्सियस के निगेटिव विचलन के साथ 15.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सन 1998 के बाद अर्थात विगत 25 वर्षों में सबसे न्यूनतम है। 1998 में मार्च का मासिक औसत न्यूनतम 14.8 डिग्री सेल्सियस था। मासिक औसत न्यूनतम तापमान के न्यूनतम आंकड़े -
1989 - 13.8 डिग्री सेल्सियस
1971 - 14.1
1998 - 14.8
1984 - 15.1
1973 - 15.2
1982 - 15.3
2024 - 15.3  डिग्री सेल्सियस
अमूमन मार्च-अप्रैल के महीनों में दोपहर तक तेज धूप के बाद धरती से अधिक मात्रा में संवहनी धाराएं उठती हैं जो विक्षोभ के कारण पर्याप्त नमी की उपस्थिति में बादलों का निर्माण करती हैं और शाम से देर रात तक प्रभावी रह कर क्षीण हो जाती हैं जिससे देर रात के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट आ जाती है। 

विक्षोभों की अधिक आवृत्ति इस प्रकार के मौसमी बदलाव का मुख्य कारक है।अम्बिकापुर का न्यूनतम तापमान मार्च 24 में 11.6 से 21.7 डिग्री सेल्सियस के बीच विचलित रहा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news