रायगढ़

विरासत टैक्स के बहाने हमारे पूर्वजों की सम्पत्तियों को दूसरों को सौंपने की बात कर रही है कांग्रेस-साय
27-Apr-2024 2:53 PM
विरासत टैक्स के बहाने हमारे पूर्वजों की सम्पत्तियों को दूसरों को सौंपने की बात कर रही है कांग्रेस-साय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़/रायपुर, 27 अप्रैल। मनमोहन सिंह जब प्रधानमंत्री थे, तब उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला अधिकार मुस्लिम लोगों का है। अभी जो कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार हुआ है, उसमें वो विरासत टैक्स लेने का संकेत दे रही है। मतलब हमारे बाप-दादा द्वारा बनाई गई संपत्तियों पर केवल 45 प्रतिशत अधिकार हमारा होगा और 55 प्रतिशत अधिकार सरकार के पास होगा। इससे स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी हमारे बाप-दादा के द्वारा कड़े परिश्रम, मेहनत से बनाई गई चल-अचल संपत्तियों पर कब्जा करके उसे ज्यादा बच्चा पैदा करने वालों, ज्यादा शादी करने वालों को सौंपने की बात कर रही है। कांग्रेस की ऐसी खतरनाक भावनाओं से हम सबको सचेत रहना है, उसको करारा जवाब देना है।

सीएम साय रायगढ़ के तमनार में एक विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार करने वाले सैम पित्रोदा, जो राजीव गांधी के सलाहकार थे, अभी राहुल गांधी के सलाहकार हैं। उसके द्वारा बनाए गए घोषणा पत्र में हमारे पूर्वजों की संपत्तियों को विदेश में लागू नियम की तरह दूसरे लोगों में बांटने की साफ झलक मिल रही है। श्री साय ने कहा कि संपत्ति बनाया हमारे पूर्वजों ने और कांग्रेस बांटेगी दूसरों को। हम बिल्कुल भी ऐसा होने नहीं देंगे।

मोदी जी ने पाकिस्तान की धमकी-चमकी बंद कर दी

श्री साय ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में पाकिस्तानी हमारे सैनिकों को मारकर उनके शव के साथ खेलते थे। ये सब देखकर भी कांग्रेस की सरकार केवल शांति वार्ता करती थी, कोई ठोस कदम नहीं उठाती थी। लेकिन जब नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने उन्होंने एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान की बोलती बंद कर दी, उसकी धमकी-चमकी बंद कर दी। ये है नया भारत। आज मोदी जी की वजह से पूरी दुनिया में भारत का डंका बज रहा है। इसलिए इस लोकसभा में चुनाव में मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है।

मोदी की एक और गारंटी पूरी हुई

उन्होंने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार में प्रदेश में पीएससी घोटाला हुआ। जिसकी जांच भाजपा सरकार बनने पर सीबीआई से कराने का वादा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही हमने पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी और अब बड़े हर्ष का विषय है कि मोदी सरकार ने जांच की अनुमति भी दे दी है। अब हमारे बेटे-बेटियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने नहीं बख्शे जाएंगे, उसकी जगह जेल होगी। इस प्रकार मोदी की एक और गारंटी पूरी हो गई है।

घोटालेबाज थी भूपेश सरकार

कांग्रेस और भूपेश बघेल को घेरते हुए श्री साय ने कहा कि कांग्रेस सरकार में 36 वादे में एक भी वादे ठीक से पूरे नहीं हुए। भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बन गया था, भ्रष्टाचार का गढ़ बन गया था। कांग्रेस ने शराब, कोयला, रेत, सरकारी जमीन, डीएमएफ की राशि सब में घोटाला किया। प्रदेश को लूट-लूट कर कंगाल बना दिया। नरवा गरवा घुरवा बारी में घोटाला करके गोबर का पैसा भी खा गए। तभी तो छत्तीसगढ़ की जनता ने 2023 में कांग्रेस को सरकार से आउट कर दिया।

उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल की सरकार ने युवाओं को जुआ का लत लगा दिया। महादेव सट्टा एप निर्बाध रूप से चले इसके लिए 508 करोड़ रूपये प्रोटेक्शन मनी लेने का आरोप उन पर लगा, एफआईआर भी दर्ज हुआ। जो छत्तीसगढ़ के लिए शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में हुए घोटाले के आरोपी आज जेल की हवा खा रहे हैं।

सीएम ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आज 4 महीने उनकी सरकार को हुए हैं। उनकी सरकार ने मोदी की गारंटी के बड़े-बड़े वादे पूरे किये हैं। शपथ लेने के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवास की स्वीकृति उन्होंने दी। 12 लाख किसानों को 2 साल का बकाया बोनस दिया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद कर 3100 रूपए क्विंटल धान की कीमत दी। श्री साय ने कहा कि न केवल समर्थन मूल्य के अंतर की राशि एकमुश्त उनकी सरकार ने किसानों के खाते में ट्रान्सफर किये वरन महिला शक्ति के लिए लागू उनकी योजना महतारी वंदन योजना के दूसरे महीने की राशि भी उनके खातों में ट्रान्सफर कर दी है। हर महीने के पहले सप्ताह को किश्त की राशि दे दी जाएगी, ये भरोसा मुख्यमंत्री ने महिलाओं को दिलाया।

सीएम ने कहा कि लोकसभा का चुनाव आया तो कांग्रेसी फिर से जनता को ठग रहे हैं। डबल इंजन की सरकार आदिवासियों का आरक्षण खत्म कर देगी ये भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी कहा है कि आरक्षण कभी भी खत्म नहीं होगा। कोई भी ताकत आरक्षण को खत्म नहीं कर सकती। कांग्रेसी जगह-जगह फार्म भरवा कर जनता को ठग रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो महिलाओं को हर महीने 8 हजार और साल में एक लाख देंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं होने वाला है।

राधेश्याम राठिया की जमकर की तारीफ

सीएम साय ने कहा कि हमारे प्रत्याशी राधेश्याम राठिया जी को जनसेवा का लम्बा अनुभव है। उन्होंने सरपंच से लेकर जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, एसटी मोर्चा और किसान मोर्चा सब में काम किया। राधेश्याम राठिया को काम करने का लम्बा अनुभव है और वे मृदुभाषी और कर्मठ हैं। उनको कमल छाप पर बटन दबाकर भारी मतों से जिताकर लोकसभा भेजना है। ये आप सभी से आग्रह करने आया हूँ।

सांय-सांय का बताया मतलब

सीएम साय ने जनसभा में लोगों को सांय-सांय का मतलब भी बताया। उन्होंने कहा कि सांय-सांय का मतलब फटाफट होता है। हमारे जशपुर में सांय-सांय शब्द प्रचलन में है। हमारी सरकार मोदी की गारंटी के सभी वादों को सांय-सांय पूरा कर रही है और आगे भी करेगी। अशोक अग्रवाल सहित 150 से अधिक कांग्रेसी भाजपा में शामिल हुए।

जनसभा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के समक्ष रायगढ़ क्षेत्र के वरिष्ठ कांग्रेसी और पूर्व जिला पंचायत सदस्य अशोक अग्रवाल ने भाजपा प्रवेश किया। जिसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

जनसभा में राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, लोकसभा प्रत्याशी राधेश्याम राठिया, पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया, पूर्व विधायक सुनीति राठिया, गुरुपाल भल्ला, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शकील मोहम्मद, सतीश बेहरा सहित अन्य पदाधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news