बस्तर

छत्तीसगढ़ के बाद अब ओडिशा के चुनाव अभियान में दिखाएंगे दम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
08-May-2024 1:56 PM
छत्तीसगढ़ के बाद अब ओडिशा के चुनाव अभियान में दिखाएंगे दम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 8 मई।
छत्तीसगढ़ राज्य की सभी सीटों पर मतदान सम्पन्न हो गया। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव अब ओडिशा के 4 दिवसीय चुनावी दौरे पर जाएंगे।

बुधवार 8 से लेकर 11 मई तक वह कोरापुट, रायगड़ा, गुनपुर,जैपुर, कोटपाड़ में बैठकें और स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। इस दौरान वह भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी बैठकें करेंगे। इस दौरान वह चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

राज्य की 11 सीटों पर कमल खिलेगा, 400 पार का लक्ष्य साकार होगा
किरण देव ने कहा है कि भाजपा राज्य की सभी 11 सीट प्रचंड बहुमत से जीतने जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के तीनों चरणों के दौरान जिस तरह मतदाताओं में भाजपा के प्रति उत्साह दिखाया, उससे हमें पूरा विश्वास है कि हम छत्तीसगढ़ की सभी 11 सीट बड़े अंतराल से जीतेंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान पूरे प्रदेश में अलग-अलग विधानसभा स्तर तक जाने का अवसर मिला, हर जगह  प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार देश की बागडोर सौंपने को लेकर अभूतपूर्व उत्साह नजर आया। राज्य में डबल इंजन सरकार द्वारा पूरी की गई मोदी की गारंटियों पर हमें जनता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है।

भाजपा के बूथ में दिखा उत्साह तो कांग्रेस स्टॉल में कुर्सियां थीं खाली
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जनता का आभार जताने के साथ ही बताया कि लोकसभा चुनाव के दौरान हर जगह देखा गया है कि भाजपा बूथ में जहां लंबी कतारें नजर आ रहीं थी, वहीं कांग्रेस के स्टॉल में खाली कुर्सियां देखकर चुनाव परिणाम का अनुमान लगाया जा सकता है। 

किरण देव ने राज्य में शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग, पुलिस प्रशासन तथा मीडिया को धन्यवाद ज्ञापित किया है। उन्होंने लोकतंत्र के इस महोत्स्व को सफल बनाने के लिए मतदाताओं का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि जिस तरह भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं ने दिन रात परिश्रम की पराकाष्ठा की है, उसका अभूतपूर्व परिणाम होगा और हम अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को पार करेंगे।

उल्लेखनीय है कि 7 मई को राज्य की सात सीटों पर मतदान के साथ प्रदेश की सभी 11 सीटों पर चुनाव संपन्न हो चुका है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news