बस्तर
![कुत्ते ने निभाई वफादारी, मालिक पर तेंदुए ने किया हमला, बचाने भिड़ गया कुत्ते ने निभाई वफादारी, मालिक पर तेंदुए ने किया हमला, बचाने भिड़ गया](https://dailychhattisgarh.com/uploads/chhattisgarh_article/171593459906.jpg)
जगदलपुर,१७ मई। दंतेवाड़ा जिले के कटेकल्याण थाना क्षेत्र के जंगल में अपने मवेशी को खोजने के लिए गए ग्रामीण पर एक तेंदुए ने हमला कर दिया। उसके साथ गया कुत्ता मालिक की जान बचाने तेंदुए से जा भिड़ा। घायल को कटेकल्याण स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया, उसका उपचार जारी है।
कटेकल्याण थाना प्रभारी अर्जुन पटेल ने बताया कि दरभा थाना क्षेत्र के ग्राम पखनार चौकी क्षेत्र के तोयनार में रहने वाला हड़मा कवासी पिता बामन कवासी (३० वर्ष) अपने मवेशी को खोजते के लिए अपने पालतू कुत्ते को लेकर कटेकल्याण की ओर गया हुआ था।
खोजने के दौरान अचानक से जंगल से एक तेंदुआ आ गया। तेंदुआ को देख हड़मा डर गया। हड़मा जब तक कुछ सोच पाता तेंदुए ने हड़मा के सिर, बाए हाथ, गर्दन पर हमला करना शुरू कर दिया। ग्रामीण के साथ गए कुत्ते ने अपने मालिक को लहूलुहान देख तेंदुआ से जा भिड़ा, जहाँ दोनों के बीच हुए लड़ाई के बाद आखिरकार तेंदुआ मौके से भाग निकला।
लहूलुहान हालात में ग्रामीण कटेकल्याण के अस्पताल में इलाज कराने के लिए पहुँचा, वहीं घटना को लेकर मामले की रिपोर्ट कटेकल्याण थाना में दर्ज कराया गया है, वहीं इसकी जानकारी लगते ही वन विभाग की टीम भी अस्पताल पहुंची।