महासमुन्द

622 नए संक्रमितों की पहचान, 5 मौतें
29-Apr-2021 7:16 PM
622 नए संक्रमितों की पहचान, 5 मौतें

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 29 अप्रैल।
जिले में लॉकडाउन के बावजूद कोरोना संक्रमण का आंकड़़ा थम नहीं रहा है। जिले में अप्रैल महीने के 27 दिन में ही 10 हजार से अधिक पॉजिटिव मरीजों की पहचान हो चुकी है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। महासमुंद जिले की बात करें तो जिले के पांच विकासखंड में सबसे भयावह स्थिति महासमुंद ब्लॉक की बनी हुई है। 

जिले में  बुधवार को 622 पॉजिटिव मरीज की पहचान हुई है। इसके साथ ही 5 कोविड मरीजों की मौत भी जिले में हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार महासमुंद ब्लॉक में एक बार फिर सर्वाधिक 232 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इसी तरह बागबाहरा में 95, पिथौरा में 109, बसना में 91 और सरायपाली में 95 मरीजों की पहचान बुधवार को हुई है। बुधवार को 658 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। यह पहला मौका है जब जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा एक ही दिन में 600 के पार पहुंचा है।

अप्रैल महीने के 27 दिन में सर्वाधिक 43.70 फीसदी की दर से मरीज मिले हैं। मतलब अप्रैल महीने में जो 10 हजार 322 मरीज सामने आए हैं, उसमें से 4511 पॉजिटिव केवल महासमुंद ब्लॉक से हैं। जिले में कोरोना के सबसे कम केस बसना ब्लॉक में आए हैं। यहां इस महीने 931 पॉजिटिव की पहचान हुई है, जो इस महीने मिले कुल मरीजों का केवल 9 फीसदी है। जिला नोडल अधिकारी डॉ.अनिरूद्ध कसार की मानें तो महासमुंद शहर सहित ब्लॉक में टेस्टिंग अधिक हो रही है। इसके अलावा जिले में अन्य जिलों से भी लोगों का आना जाना लगा रहता है। इसलिए भी यहां पॉजिटिव आने वालों की संख्या काफी अधिक है। 
 

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news