छत्तीसगढ़ » सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 जनवरी। कल गांधीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सकालो में स्कार्पियो की टक्कर से मवेशी चराने गए एक चरवाहे की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में स्कॉर्पियो चालक के विरुद्ध अपराध दर्ज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सकालो निवासी लक्ष्मण गोड 22 जनवरी को दोपहर अपने घर से अपने बैल मवेशी को चराने सकालो डीपीएस स्कूल के पास खाली मैदान में लाया था। शाम करीब 5.30 बजे के लगभग तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने मुख्य मार्ग में उसे टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो छोडक़र वाहन में सवार दो लोग भाग खड़े हुए। सूचना पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे।
गंभीर रूप से घायल को उसी मार्ग से आ रहे दूसरी स्कॉर्पियो में परिवार के लोग लेकर मिशन अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अंबिकापुर, 23 जनवरी। नगर के चांदनी चौक स्थित पेट्रोल पंप में खड़ी ट्रक से अज्ञात चोरों ने चक्का और डिस्क की चोरी कर ली। पुलिस ने मामले में अज्ञात चोरों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार चांदनी चौक निवासी मुकेश सोनी ट्रांसपोर्टर का काम करता है। उसने अपनी 12 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 3391 को चांदनी चौक स्थित पेट्रोल पंप में खड़ा किया था। 21 जनवरी की रात अज्ञात चोरों ने ट्रक से 1 चक्का व डिस्क की चोरी कर ली। काफी तलाश करने पर जब कुछ पता नहीं चला तो ट्रांसपोर्टर ने इसकी रिपोर्ट कोतवाली में दर्ज करवाई है।
आओ गांव चले अभियान के तहत ग्रामीणों से रूबरू हुए कांग्रेसी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 23 जनवरी। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आओ गांव चले अभियान के तहत आज ग्राम पंचायतों में कांग्रेस संगठन के कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के बीच जाकर राज्य सरकार की महत्वकांक्षी योजनाओं के बारे में जानकारी देने व लोगों की समस्याओं के बारे में जानने के उद्देश्य से पंचायत लाउ पहुंची, जहां पर उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरकार के इन योजनाओं पर चर्चा की गई।
चर्चा करते हुए ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार गांव गरीब को ही ध्यान में रखकर काम कर रही है। सरकार रोजगार मूलक कार्यों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सिंचाई व पानी के वृद्धि पर जोर देने की कोशिश में अपने पूरे संसाधन झोंक रही है,नरवा गरवा गुरुआ व गौठान की योजना आने वाले दिनों में अपना प्रभाव दिखाएगी। दो रुपए प्रति किलो की दर से गोबर खरीदी जा रही है, 2500 रुपए क्विंटल धान सरकार खरीद रही है। सरकार का ध्यान गांव के सबसे कमजोर व्यक्ति को दुनिया की दौड़ में लाकर खड़ा करना ही हमारे कांग्रेस के सरकार का लक्ष्य है, सब को भोजन मकान और पेयजल सहजता से उपलब्ध हो इसके लिए व्यापक योजनाएं बनी है और उस पर काम हो रहा है।
लघु वनोपज संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश सोनी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों की योजनाओं से बेहतर योजना महेंद्र कर्मा जी की स्मृति में लेकर वर्तमान सरकार आई है तेंदूपत्ता संग्रहण वह लघु वनोपज संग्रहण से लाभ लेने के लिए वनोपज संग्रहण केंद्रों पर वनोपज का विक्रय करें और भविष्य में मिलने वाले सभी लाभ भी प्राप्त करें।
युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि हमारी सरकार बहुत बेहतर काम कर रही है बेरोजगारों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध हो रहे हैं प्राकृतिक संसाधनों का उपयोगी स्थानीय लोग करें और स्थानीय लोगों को वन भूमि के पट्टे भी सरकार वितरित कर रही है। हमारी सरकार चाहती है कि भारतीय जनता पार्टी जो अफवाह फैला रही है उस से बचें और आने वाले समय में सरकार के मंशा के अनुरूप सरकारी कार्यक्रमों के तहत मिलने वाले लाभ को आगे बढ़ कर के लें।
सरपंच बबन राम ने आभार व्यक्त किया और ग्राम पंचायत के मांगों और समस्याओं पर भी ध्यान आकृष्ट कराते हुए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रवि सोनी,अखिल श्रीवास्तव रुपेश यादव,अजय सिंह छोटू मींज, रोपन राम, धीरन यादव, आनंद, व कार्यकर्ता मौजूद थे।
अम्बिकापुर, 23 जनवरी। छत्तीसगढ़ बंगाली समाज सरगुजा द्वारा क्रांतिकारी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी सुभाष चंद बोस जी की जयंती प्रदेश के उपाध्यक्ष प्रेमानंद राय के मुख्य अतिथि तथा समाज के जिला अध्यक्ष निरंजन राय के विशिष्ट आतिथ्य में आयोजित की गई।
कार्यक्रम की शुरुआत सुभाष चंद्र बोस जी के चित्र पर पुष्प अर्जित कर की गई। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि प्रेमानंद राय ने कहा कि बंगाली समाज आज देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी पहचान बना चुकी है जिसके उदाहरण सुभाष चंद्र बोस जी हैं। आध्यात्मिक क्षेत्र में स्वामी विवेकानंद, राष्ट्रगान के रचयिता गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर आदि अनेकों महापुरुषों ने बंगाली समाज को अपने व्यक्तित्व से पहचान बनाया गौरवान्वित किया।
ठाकुरदास मंडल, निरंजन हालदार,समीर मंडल सहित अन्य वक्ताओं ने सुभाष चंद्र बोस जी के जीवनी पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर वार्ड के निवासी निरंजन हालदार व सुजान बिंद ने देश भक्ति गीत जिसमें जय जवानों की जय हिंद बोली की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पूर्व पार्षद व समाज के जिलाध्यक्ष निरंजन राय ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज यह हम इस क्षेत्र में प्रथम बार सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती मना रहे हैं आप सब ने यहां आकर भारी संख्या में उपस्थिति दी आप सभी धन्यवाद के पात्र हैं।
सभा के अंत में उपस्थित समुदाय ने चौक का नाम सुभाष चंद्र बोस रखा जिसे सभी लोगों ने करताल ध्वनि से स्वागत किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बंगाली समाज के संगठन मंत्री टीडी मंडल मंडल,श्यामू घोष, नकुल हालदार ,आरके मिश्रा,तारक मंडल ,गोविंद जोरदार ,राजेश सरदार रतन गाइन,नेपाल ऐतबार ,समीर मंडल ,गौतम व्यापारी,सत्यम राय, सरजू श्रीमती रजनी बिंद, श्रीमती गणेश्वरी चौहान ,श्रीमती रेनू चौहान ,श्रीमती जानकी देवी दास, श्रीमती रवीना दिनकर, श्रीमती नेहा सिंह ,श्रीमती ज्योति राय, श्री रवि प्रकाश चौहान ,प्रशांत गुलदार हरिपद मलिक ,गुरुपद मलिक, मृत्युंजय राय, आलोक राय ,अशोक दास ,सरोज मंडल सरजू मिस्त्री ,संजय राय, विश्वजीत मंडल और मिथुन मंडल और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
किसानों से वादाखिलाफी के विरोध में सरगुजा-बलरामपुर में भाजपाइयों ने दिया धरना, कलेक्टोरेट घेरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 जनवरी। छत्तीसगढ़ के किसानों के साथ हो रहे अन्याय व कांग्रेस सरकार की वादाखिलाफी के विरोध में भाजपा सरगुजा व बलरामपुर के द्वारा एक दिवसीय धरना प्रदर्शन के बाद कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया गया। इस दौरान भाजपाइयों ने राज्य सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की व किसानों से किए वादों को पूरा करने कहा। बलरामपुर- रामानुजगंज जिले में राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता व किसानों ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया। श्री नेताम ने विरोध स्वरूप बैलगाड़ी पर बैठकर कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।
कंधे पर हल, धान की बाली व जुआठ लिए धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस के झूठे वादों में आकर प्रदेश की जनता ने सत्ता सौंप दी थी, परन्तु अब जनता जाग चुकी है। प्रदेश के किसान धान नहीं खरीदे जाने पर आत्महत्या कर रहे हैं और भूपेश सरकार दो साल का जश्न मना रही है। किसानों की ऐसी दुर्दशा पहले कभी नहीं हुई थी।सरकार किसानों का से किए हुए वादे को पूरा करें व धान खरीदी में जो व्यवधान उत्पन्न हो रहा है उसे तत्काल दूर करते हुए धान खरीदी की तिथि 31 जनवरी की बजाय 15 फरवरी तक करें। रामविचार नेताम के साथ सैकड़ों किसान भी रैली की सक्ल में कंधे पर हल लिए व धान की बालियां लिए हुए कलेक्टर कार्यालय तक पहुंचे व जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किय।
सरगुजा संभाग के अंबिकापुर मुख्यालय में भाजपा नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय घड़ी चैक में धरना देकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस अवसर पर धरने को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि हमारे अन्न दाता अपना धान बेचने के लिए परेशान हंै और सरकार की नीयत धान खरीदने की नहीं लगती। उल्टे गिरदावरी और रकबा कम करके किसी तरह से धान खरीदी करने से बचना चाहती है। भाजपा ने आज बिगुल फूंक दिया है, हम किसानों के इस संघर्ष की लड़ाई को आगे तक लेकर जाएंगे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव ने कहा कि आज भाजपा किसानों के साथ खड़े होकर किसानों के हित में पूरे प्रदेश में प्रदर्शन कर रही है, किसानों के इस आंदोलन को फर्जी बताने वाले प्रदेश के मुख्यमंत्री यह समझ लें कि यह किसानों का आंदोलन रूकने वाला नहीं है। सरकार को किसानों का एक-एक दाना धान खरीदना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कोरवा, पण्डो मझवार तथा वन भूमि पर काबिज अन्य आदिवासी बन्धुओं को भाजपा सरकार नें वन भूमि पट्टा दिया था परन्तु गरीब व आदिवासी विरोधी इस भूपेश सरकार नें इस वन भूमि पर उपजे धान को खरीदने से साफ मना कर दिया है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद कमलभान सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार जब-जब आई है तब-तब किसान परेशान हुआ है, एक ओर जहॉं किसानों के हित में बने केन्द्र के तीनों कृषि कानून का कांग्रेस विरोध करती है वहीं दूसरी ओर छ0ग0 के किसानों को बारदाना के लिए भी तरसाती है। कांग्रेस का दोहरा चरित्र अब प्रदेश का किसान समझ चुका है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक विजय नाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों के समय धान को पानी के कटोरा में डुबो डुबो कर खरीदा जाता था, आज भी प्रदेश का किसान कांग्रेस की सरकार में त्रस्त हैं।
इस अवसर पर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने कहा कि चुनाव के समय झूठे वादे करके सरकार बनाने वाली कांग्रेस अब भी चेत जाये, जनता ने आपको सरकार में बैठाया है अब वही जनता सत्ता से उतारेगी।
धरना कार्यक्रम को वरिष्ठ नेता त्रिलोक कपूर कुशवाहा समेत भाजपा के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया।धरना कार्यक्रम के पश्चात कलेक्ट्रेट घेराव के दौरान राज्यपाल के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने की मांग सरकार के समक्ष रखी गयी। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता व जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष नें संयुक्त रूप से किया। बलरामपुर जिले में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में मुख्य रूप से पुष्पा नेताम, राम किशुन सिंह,ओम प्रकाश जयसवाल,रविंद्र तिवारी,धीरज सिंह देव सहित भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता व किसान मौजूद थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 22 जनवरी। जिला कांग्रेस कमेटी बलरामपुर द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी के नेतृत्व में राजपुर में जिला प्रवक्ता सुनील सिंह ने कहा है कि कांग्रेस की सरकार ने 20 वर्षों में सबसे ज्यादा धान खरीदी करके रिकॉर्ड बना दिया है। सर्वाधिक धान की खरीदी हुई है।
आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार ने लगातार तीसरे साल धान खरीदी का रिकॉर्ड तोड़ा है और हर बार ज्यादा किसानों का धान खरीदा है। ज्यादा रकबे का धान खरीदा है, ज्यादा धान खरीदा है पहले साल से लेकर हर वर्ष धान खरीदी में लगातार वृद्धि हुई है। वर्तमान खरीदी वर्ष में अब तक 84 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी कर ली गई है जबकि अभी काफी समय बाकी है। जितना धान 5 सालों में भाजपा सरकार खरीदी की थी उससे ज्यादा धान खरीदी कर लिया गया है और आने वाले समय में छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का रिकॉर्ड बन रहा है। जिला स्तर पर अपने जिले बलरामपुर में भी जहां धान खरीदी का रिकॉर्ड बन रहा है, वहीं पूरी पारदर्शिता से धान खरीदी की जा रही है।अपने जिले में 33000 से अधिक किसानों का लगभग एक लाख 30 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान खरीदी हो चुका है।किसानों की संख्या पिछले बार से 4000 से अधिक है। धान के रकबे में पिछली बार से लगभग 6000 एक्टर की भी अधिक वृद्धि हुई है और 43,000 हेक्टेयर से अधिक रुपए की धान की खरीदी की गई है।
धान खरीदी के भुगतान भी किसानों के सीधे खाते में किए जा रहे हैं इस प्रकार धान को लेकर भारतीय जनता पार्टी दुरंगी चाल चल रही है। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के धान बिक चुके हैं और सभी किसानों को भुगतान भी किया जा चुका है और जब सब कुछ हो चुका है तब फुर्सत से नेता और कार्यकर्ता आंदोलन कर रहे हैं और उस समय कर रहे हैं जब छोटे किसान अपना ध्यान बेचने समितियों तक आ रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आयोजित इस पत्रकार वार्ता में जिला विधि प्रकोष्ठ के अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता, सत्येंद्र पांडेय, पूरन चंद जायसवाल, रवि सोनी एवं अन्य कांग्रेस जन मौजूद थे।
अम्बिकापुर, 22 जनवरी। पालिक निगम अम्बिकापुर के अंतर्गत विभिन्न चौराहों तथा तिराहों के ट्रैफिक सिग्नल की स्थापना, संचालन तथा संधारण करने के इच्छुक आस्थाओं से 25 जनवरी अपरान्ह 3:30 बजे तक आवेदन आमंत्रित किया गया है। आवेदन के संबंध में विस्तृत जानकारी हेतु नगर निगम कार्यालय अम्बिकापुर से संपर्क कर सकते है।
अम्बिकापुर, 22 जनवरी। जिला पुलिस बल आरक्षक संवर्ग के लिए चयन प्रक्रिया हो रही है। सरगुजा रेंज के अभियर्थियों के लिए शासकीय पी.जी. कॉलेज ग्राउंड में शारीरिक दक्षता परीक्षा 25 जनवरी से 4 फरवरी तक आयोजित की जा रही थी। किन्तु इस परीक्षा में आंशिक संशोधन करते हुए अब शारीरिक दक्षता परीक्षा 1 फरवरी से 5 फरवरी 2021 तक आयोजित की जाएगी। ह परीक्षा शासकीय पी.जी. कॉलेज ग्राउंड में ही होगी।
स्वास्थ्य मंत्री ने किया शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 जनवरी। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री टीएस सिंहदेव ने आज अम्बिकापुर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में 22 जनवरी से 26 फरवरी तक प्रदेशभर में चलने वाले शिशु संरक्षण माह का शुभारंभ बच्चों को विटामिन और आयरन की खुराक पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कैंसर जैसे घातक बीमारी के इलाज की सुविधा जिला स्तर पर हो, इसके लिए प्रदेश के हर जिला अस्पताल में 5 बिस्तर का कीमोथेरेपी वार्ड शुरू किया जाएगा।
मंत्री श्री सिंहदेव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि शिशु संरक्षण माह का आयोजन हर वर्ष किया जाता है ताकि पालक अपने बच्चों को विटामिन व आयरन का खुराक तथा टीकाकरण समय पर कराने जागरूक हो सकें। उन्होंने कहा कि बच्चे हमारे भविष्य है, उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के लिए समय पर विटामिन का खुराक जरूर दें। अपने बच्चों को छोटी उम्र से ही सुरक्षित रखने का प्रयास हो। शिशु संरक्षण माह जैसे कार्यक्रमों के जरिये एक बेहतर जीवन का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग लगातार बेहतर प्रयास कर लोगों के स्वास्थ्य पर ध्यान दे रहा है। विटामिन की खुराक सभी बच्चों को दें। जो बच्चे छूट जाते है उनके लिए अलग से अभियान चलाए। उन्होंने कहा कि बच्चो को विटामिन और आयरन की खुराक देने की वर्तमान प्रतिशत 82 को बढ़ाकर शतप्रतिशत करें। अपने शहर, प्रदेश एवं देश स्वस्थ होगा तभी एक स्वस्थ समाज बनेगा।
महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि अम्बिकापुर में कैंसर के इलाज हेतु नि:शुल्क कीमोथेरेपी की शुरुआत होने से सरगुजा संभागवासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है।उन्होंने कहा कि संभाग में एक ही कीमोथेरेपी सेंटर शुरू होने से मरीजो को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है जिससे यहां बिस्तर की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है। डॉ तिर्की ने कहा कि शिशु संरक्षण माह में सभी बच्चों को विटामिन और आयरन का खुराक दें। यहां से घर जाने के बाद पालक अपने पड़ोसियों को भी इन खुराकों के बारे में बताएं।
नवापारा यूपीएचसी देश में अव्वल
स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने नवापारा यूपीएचसी को साफ-सफाई तथा बेहतर संचालन में पूरे देश मे पहला पुरस्कार मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि यह सरगुजा और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यहां के अधिकारी और कर्मचारियों की मेहनत ने इसे इस मुकाम पर पहुंचाया है। आगे भी इसकी स्थित कायम रहे इसके लिए प्रयास करते रहें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी यूपीएचसी को इसी प्रकार संचालित करने की कोशिश होनी चाहिए।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने कहा कि शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा को बेहतर ढंग से संचालित किया जा रहा है। यहां लोगो को और सुविधा मिले इसके लिए इसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से उन्नयन कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाया जाएगा। इस स्वास्थ्य केंद्र में सामुदायिक शौचालय का भी निर्माण किया जाएगा। श्री सिंहदेव ने बताया कि जिला अस्पताल अम्बिकापुर में 4 नए डायलिसिस मशीन शीघ्र स्थापित किए जाएंगे जिससे मरीजों को डायलिसिस कराने में सुविधा होगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ वन औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक, पार्षद द्वितेंद्र मिश्रा, श्रीमती संध्या रवानी, सतीश बारी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पीएस सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 22 जनवरी। धान खरीदी के अल्प समय को देखते हुए जपं उपाध्यक्ष अमित सिंह देव ने शुक्रवार को चांदो, लहपटरा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया और धान बेचने आये किसानों से रूबरू होते हुए धान बेचने में किसी भी तरह के होने वाली परेशानी के बारे में पूछा। किसानों ने बारदाने की कि़ल्लत के बारे में बताया।
खरीद केंद्र प्रभारियों ने धीमी गति से धान उठाव होना बताया। कुल पंजीकृत किसानों में से कितने किसान के धान खरीदे गए, कितने किसान का धान खरीदा जाना शेष है, के बारे में समिति प्रबंधकों ने जानकारी दी। जपं उपाध्यक्ष ने सभी पंजीकृत किसानों के धान खरीदने समझाइश दी। इस दौरान सिरकोतगा उपसरपंच सत्येंद्र राय चादो धान खरीद केंद्र प्रभारी रूदन राम लहपटरा धान खरीद केंद्र संजय राजवाड़े धान बेचने आए किसान मौजूद रहे।
स्वास्थ्य मंत्री ने मरीजों से की बात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 जनवरी। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नवापारा में आज आयोजित नि:शुल्क कैंसर रोग निदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में कैंसर रोग के प्रख्यात विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा संभाग के 40 मरीजों का ऑनलाईन इलाज किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने विशेषज्ञ चिकित्सकों से बात की तथा ऑनलाईन जुडक़र सुदूर क्षेत्र के मरीजों का इलाज करने पर बधाई दी।
श्री सिंहदेव ने इलाज के लिए आये मरीजों से बात कर हाल-चाल जाना। उन्होंने मरीजों से कहा कि देश के ख्यातिनाम डॉक्टर ऑनलाईन जुड़ेंगे आप लोग उन्हें अपनी समस्याएं एवं अब तक हुए इलाज के बारे में बताएं। उन्होंने इस अस्पताल में कीमोथेरेपी से इलाज करा चुके मरीजों से भी बात की।
शिविर में मुम्बई से कैंसर सोसाईटी के संचालक डॉ. दिनेश पेंडरकर तथा उज्जैन से डॉ सी.एम. त्रिपाठी ऑनलाईन जुडक़र मरीजों का इलाज किये। शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नावापारा में अब तक 25 मरीजों का कीमोथेरेपी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य मंत्री श्री सिंहदेव ने पिछले वर्ष इस स्वास्थ्य केंद्र में एक बिस्तरीय कीमोथेरेपी कक्ष का शुभारंभ किया था। संभाग के इकलौता कीमोथेरेपी सेंटर होने से यहां संभाग भर से मरीज ईलाज कराने आ रहे हैं।
आदित्येश्वर ने डीएवी पब्लिक स्कूलों के प्राचार्यों की ली बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 जनवरी। सरगुजा जिले के मुख्यमंत्री डीएवी पब्लिक स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक आज रेडक्रॉस सोसायटी के सभापति एवं जिला पंचायत सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंह देव एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने ली। इस दौरान स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता को सुधारने को लेकर बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम जिला शिक्षा अधिकारी ने बैठक में सरकार के साथ हुए अनुबंध से लेकर अब तक मुख्यमंत्री डीएवी पब्लिक स्कूल के परीक्षा परिणाम की जानकारी दी। जिले से समस्त ब्लॉकों में स्कूल में दर्ज संख्या एवं शिक्षकों की जानकारी दी। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कहा कि अनुबंध के मुताबिक आपके एक-एक स्कूलों में 1200 से अधिक छात्र-छात्राएं एवं लगभग 54 शिक्षक होने चाहिए। किन्तु आपके स्कूलों की संख्या बेहद कम है, लगभग 5 वर्ष अनुबंध को हो गया फिर भी 200-250 बच्चे हैं जो आपकी कमजोरी को प्रदर्शित करता है, हमें स्कूलों को सुधारना है, पहले अपना परीक्षा परिणाम, इसके बाद दर्ज संख्या, जब परीक्षा परिणाम सुधरेगा तो दर्ज संख्या भी सुधरेगा, उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को कहा कि शासन के निर्देशानुसार कम से कम आरटीई के तहत सभी स्कूलों के सीट भर दें तो 200 से ऊपर बच्चे हर स्कूल में चले जायेंगे, इस वर्ष इसे सुधारें और आरटीई के पूरे सीट को भरें। बच्चों को वहां एडमिशन के लिए प्रोत्साहित करें। बाहर से जो भी सहयोग चाहिए हमें बतायें, हम अपना पूरा सहयोग करें।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने बच्चों के लिए आवागमन के साधन, वाहन की आवश्यकता, प्राचार्यों के मांग के अनुसार बिल्डिंग की मरम्मत एवं अन्य आवश्यकता को दूर करने सहित विभिन्न मांगों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कहा कि आप परिणाम दीजिये आपकी सारी समस्या का हल हम करेंगे। स्कूल के नाम के मुताबिक परिणाम दें, हम सभी समस्या का निदान करेंगे। इस दौरान उदयपुर क्षेत्र के दोनों जिला पंचायत सदस्यों ने भी लखनपुर एवं उदयपुर के डीएवी स्कूल को लेकर बेहतर सुझाव दिया। इस दौरान प्राचार्यों ने कई सुझाव एवं फील्ड में आ रही समस्याओं की जानकारी दी। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारी व मुख्यमंत्री डीएवी पब्लिक स्कूल के प्राचार्य उपस्थित थे।
अम्बिकापुर, 21 जनवरी। जिला स्तरीय वन अधिकार समिति सरगुजा द्वारा स्वप्रेरणा से निरस्त दावों की सुनवाई की जा रही है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त जे.आर. नागवंशी ने बताया है कि सुनवाई के 7वें दिन 23 जनवरी को बतौली विकासखण्ड के 15 ग्रामों के 702 दावाकर्ताओं को आहुत किया गया था जिसमें 274 दावाकर्ता उपस्थित हुए एवं 124 दावाकर्ताओं ने दावे के समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत किया। श्री नागवंशी ने बताया कि 23 जनवरी 2021 को विकासखण्ड बतौली के गोविंदपुर, बटाईकेला, बिशुनपुर, रतनपुर, चिपरकाया, पोकसरी, मानपुर, कालीपुर, करदना, सरमना, शिवपुर, मांजा, पोपरेंगा, विरिमकेला एवं सल्याडीह के दावाकर्ताओं की सुनवाई होगी अर्थात् इस दिन कुल 15 ग्रामों के 702 दावाकर्ताओं की सुनवाई की जाएगी।
अम्बिकापुर, 22 जनवरी। संयुक्त संचालक एवं मेडिकल कॉलेज के अधीक्षक ने बताया है कि सरगुजा जिले के 52 वर्षीय पुरूष, 62 वर्षीय पुरूष, सूरजपुर जिले के 50 वर्षीय महिला, कोरिया जिले के 75 वर्षीय पुरूष, 70 वर्षीय महिला को 5 दिन के हॉस्पिटलाईजेशन होने के उपरांत लक्षण रहित पाए जाने पर आज डिस्जार्च कर दिया गया है। कोविड अस्पताल अम्बिकापुर में 22 जनवरी की स्थिति में 12 मरीज भर्ती हैं जिनका ईलाज जारी है। इनमे सरगुजा जिले के 5, सूरजपुर जिले के 4, बलरामपुर जिले के 3 मरीज शामिल हैं।
वैज्ञानिक पद्धति से हैचिंग कर तीन जिलों को की जा रही चूजे की सप्लाई
अम्बिकापुर, 21 जनवरी। संभाग मुख्यालय अम्बिकापुर के सकालो स्थित शासकीय पोल्ट्री फार्म में प्रतिदिन 1500 अंडे का उत्पादन हो रह है। इनक्यूबेटर एवं हैचिंग के जरिये वैज्ञानिक पद्धति से अंडों से चूजे निकालने तथा संवर्धित करने का काम किया जा रहा है। चूजों को यहां से सरगुजा, सूरजपुर एवं बलरामपुर रामानुजगंज जिलों के फील्ड कार्यालयों को सप्लाई किया जा रहा है। यहां ब्लैक रॉक एवं आईआरआई प्रजाति के 4 लेयर में करीब 2 हजार 200 मुर्गे एवं मुर्गियों हैं। पॉल्ट्री फार्म का मुख्य उद्देश्य हैचिंग के जरिये चूजे विकसित करना है जिसे पशुपालन विभाग द्वारा बैकयार्ड योजना के तहत हितग्राहियों को उपलब्ध कराया जाता है।
पॉल्ट्री फार्म के वैक्सीनेटर ने बताया कि एक सामान आकार वाले अंडों को इनक्यूबेटर में 21 दिन तक रखने के बाद चूजे निकलते हैं। यहां चार इनक्यूबेटर है जिनकी प्रत्येक की क्षमता 12 से 15 हजार अंडे है। इन्क्यूबेटर से चूजे को निकालकर 3 दिन तक हैचर में संवर्धन के लिए रखा जाता है। हैचर मशीन भी यहां 4 है। 3 दिन हैचिंग के बाद चूजों को वुडर में शिफ्ट कर दिया जाता है। वुडर में चूजों को उपयुक्त तापमान देने के लिए बल्ब लगाए गए हैं। वुडर में चूजों के दाना देने, टीकाकरण के साथ ही साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है। वुडर में 28 दिन रखने के बाद चूजों को फील्ड कार्यालयों में भेज दिया जाता है। उन्होंने बताया कि यहां कडक़नाथ प्रजाति के कुक्कुट का भी पालन किया जाता है। वर्तमान में इस प्रजाति के कुक्कुट उपलब्ध नहीं है। उड़ीसा से मंगाया गया है जिससे शीघ्र ही उपलब्ध हो जाएगा। बैकयार्ड योजना के तहत चूजे स्व सहायता समूहो को प्राथमिकता के तौर पर दिया जाता है। प्रति समूह को एक यूनिट दिया जाता है जिसमे 45 चूजे होते है। इसके साथ ही 17 से 20 किलोग्राम कुक्कुट आहार भी दिया जाता है।
उल्लेखनीय है कि जिले में कुक्कुट पालन व्यवसाय को बढ़ावा देने में लिए कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के द्वारा सकालो पॉल्ट्री फार्म का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश दिए थे। उन्होंने समूह की महिलाओं को कुक्कुट पालन से जोडऩे के लिए मॉडल गोठानो में कुक्कुट पालन केंद्र खोलने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को कुक्कुट आश्रय के लिए ले आउट तैयार करने के निर्देश दिए है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 21 जनवरी। थाना क्षेत्र के अमेरा खुली खदान से लगे हुए घुनघुट्टा नदी के किनारे अवैध रूप से इकठ्ठा किया हुआ 5 टन अवैध कोयला कीमत करीब 20,000 रूपये को थाना लखनपुर के द्वारा जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह, उप निरीक्षक सुरेश चंद्र मिंज, प्रधान आरक्षक दिल बोधन सिंह पोर्ते आरक्षक दशरथ राजवाड़े रविन्द्र साहू, दिलसुख लकड़ा विजय, राजकुमार सक्रिय रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 21 जनवरी। नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाला आरोपी को पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना क्षेत्र के एक 17 वर्षीय लडक़ी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का रिपोर्ट 19 नवम्बर 2020 को नाबालिग के पिता ने दर्ज कराया था। लखनपुर-पुलिस अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। पतासाजी करने पर उक्त अपहृता भोपाल मध्यप्रदेश निवासी करण सिंह ठाकुर (23) के साथ होने की सूचना पर विशेष पुलिस टीम गठित कर नियत स्थान के लिए रवाना किया गया।
उपरोक्त पते पर नाबालिग लडक़ी को आरोपी के साथ बरामद किया गया। पीडि़ता ने बताया कि करण सिंह ठाकुर के द्वारा बहला फुसलाकर शादी का झांसा देकर अपने पास करीब दो माह से रखा एवं जबरन बलात्कर किया गया है। पुलिस ने कई धाराअंो के तहत आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह,आरक्षक दशरथ राजवाड़े,दिलसुख लकड़ा,शेषनाथ सिंह,विशेष टीम से उप निरीक्षक राम नरेश गुप्ता,आरक्षक अनुज जायसवाल,सत्येन्द्र दुबे शामिल रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 जनवरी। प्रभारी कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज जनपद पंचायत सीतापुर के मॉडल गोठान सोनतराई और ढेंकीडोली का निरीक्षण किया। उन्होंने गोधन न्याय योजना के तहत गोबर खरीदी और वर्मी कम्पोस्ट निर्माण में तेजी लाने के लिए गोबर खरीदी की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दोनों गोठानो में एन्ट्रेंस गेट निर्माण, सुरक्षा हेतु फेंसिंग करने तथा पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने गोबर खरीदी में लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।
प्रभारी कलेक्टर ने गोठान में पैरादान, सब्जी उत्पादन, नेपियर घास तथा वर्मी शेड आदि की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सोनतराई गोठान में गोठान समिति तथा महिला स्व सहायता समूह की दीदियों से चर्चा की और गोठान में गोबर खरीदी अनिवार्य रूप से करने तथा वर्मी कम्पोस्ट बनाकर बेचने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने वर्मी टांका में अच्छी क्वालिटी का केंचुआ डालने तथा वर्मी सायकल को निरंतर जारी रखने कहा। इस दौरान गोठान से लगे हुए नाले का पुनरुद्धार कर जल उपलब्धता के लिए तकनीकी सहायक को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि गोठान को आत्मनिर्भर बनाने के लिये अन्य आर्थिक गतिविधियां संचालित करने हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे।
द्वितीय चरण के तहत निर्मित बने मॉडल गोठान ढेंकीडोली में अमरूद एवं आम के पेड़ों के बीच इंटरक्रॉप फसल उत्पादन हेतु जगह का चिन्हांकन किया गया। प्रभारी कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने कहा कि गोठान को आत्मनिर्भर बनाने के लिए बटेर पालन, मुर्गी पालन, मधुमक्खी पालन आदि करना आवश्यक है।
इस दौरान एसडीएम सीतापुर दीपिका नेताम, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनिकेत साहू, उप संचालक पंचायत यशपालन प्रेक्षा, जनपद सीईओ एस के गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
लखनपुर, 21 जनवरी। क्षेत्र में भगवान श्री राम मंदिर निधि संकलन करने का कार्य जोर-शोर पर किया जा रहा है। आस्थावान लोग खुले दिल से स्वेच्छा पूर्वक निधि समर्पण कर रहे हैं।
श्री राम मंदिर निर्माण निधि संकलन समिति लखनपुर खंड स्तर में रसीद से निधि संकलन कार्य की शुरुआत खंड चालक सतनारायण तिवारी खंड कार्यवाहक यतेंद्र पांडे व्हिप प्रखंड अध्यक्ष डॉ. आर बी पांडे महाविद्यालीन प्रमुख विनय प्रजापति संपर्क प्रमुख प्रदीप गुप्ता कृष्ण कुमार गुप्ता की उपस्थिति में लखनपुर क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसाई जगरनाथ अग्रवाल शिवकुमार अग्रवाल जय दुर्गा परिवार के द्वारा 21 हजार रुपए, राजेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल द्वारा 11 हजार,नगर अध्यक्ष सावित्री साहू व दिनेश कुमार साहू जय परिवार की ओर से 21100, दिनेश कुमार महावीर अग्रवाल के द्वारा 11000 रुपए, अनुराग पांडे शशिधर पांडे के द्वारा 5100 रुपए,कृष्ण कुमार गुप्ता की तरफ से 2100,मि_ू राजवाड़े ग्राम पंचायत गणेशपुर के द्वारा 5000 नगद भगवान श्री राम के चरणों में समर्पित किया गया तथा श्रमदान किए जाने का संकल्प लिया गया है।
बड़ा दमाली पहुंचा मोबाइल वैन, खाद्य मंत्री ने वीसी से सुनीं लोगों का समस्याएं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 21 जनवरी। अंबिकापुर ब्लॉक के ग्राम पंचायत बड़ा दमाली बाजार में गुरुवार को मोबाइल वैन पहुंचा। जिसके माध्यम से गांववासियों ने अपनी खुशी और व्यथा कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत के सामने व्यक्त की।
मंत्री अमरजीत भगत तकनीक के इस्तेमाल से भौगोलिक अंतर को पाटने की कोशिश कर रहे हैं। इस सिलसिले में आज बड़ा दमाली बाज़ार आये लोगों से वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात की। इस दौरान एक-एक करके उपस्थित लोगों ने अपनी समस्याएं मंत्री अमरजीत भगत को बताई।
बातचीत से पता चला कि क्षेत्रवासियों की मुख्य समस्या से हैंडपम्प, सडक़ निर्माण एवं पट्टा नहीं मिलना है। जिसके तत्काल निराकरण के लिये उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।
दमाली में एक और बड़ी समस्या सामने आई। लोगों ने बताया कि यहाँ पशु चिकित्सालय न होने से पशुधन के रख-रखाव और उपचार में दिक्कत हो रही है। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए निराकरण की पहल की, मंत्री भगत ने यहाँ जल्द से जल्द पशु चिकित्सालय खुलवाने की घोषणा की।
बड़ा दमाली में लोगों ने बताया कि बारदाने की कमी से धान-खरीदी प्रभावित हो रही है। मंत्री अमरजीत भगत ने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार ने व्यवस्था कर ली है, किसानों को चिंता करने की ज़रूरत नहीं है। जल्द ही इस समस्या का निवारण कर दिया जाएगा। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर से भी बात की और बारदाने उपलब्ध करवाने का निर्देश दिया।
इस दौरान मंत्री भगत को यह भी पता लगा कि कुछ लोगों के राशनकार्ड बनने में समस्या आ रही है। इस वर्चुअल आमसभा के बीच ही उन्होंने संबंधित अधिकारी से दूरभाष पर बात कर उक्त समस्या के बारे में बताकर निराकरण के निर्देश दिये। बड़ा दमाली के कई निवासियों की भूमि डुबान क्षेत्र में है, इस वजह से उन्होंने पुनर्वास हेतु सहयोग का आग्रह किया। जिसके लिए मंत्री भगत ने पुन: सर्वे करा कर पुनर्वास व मुआवजा दिलवाने हेतु आश्वस्त किया। इस वर्चुअल आमसभा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामवासी और जनप्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 अक्टूबर। मनरेगा कर्मचारी महासंघ ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।
इस दौरान महासंघ के अध्यक्ष रवि किशोर गुप्ता ने कहा कि छत्तीसगढ़ में मनरेगा को प्रारंभ हुए 15 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इतनी लंबी अवधि के बाद भी मनरेगा में अधिकारी कर्मचारी ग्राम पंचायत, जनपद जिला, राज्य कार्यालय में आज भी संविदा, मानदेय पर कार्यरत हैं और आज तक मनरेगा में अधिकारी-कर्मचारी नियमित होने से वंचित हंै।
महासंघ ने कहा कि आज नरेगा के समस्त कार्यरत कर्मचारी-अधिकारी की उम्र लगभग 40 वर्ष से उपर हो गयी है और अपना जीवन का महत्वपूर्ण समय नरेगा में कार्यकर गुजार दिया है। इसके बाद भी हम लोग का नौकरी सुरक्षा एवं भविष्य कि कोई दिशा दशा तय नहीं। आज तक किसी भी प्रकार की शासन के तरफ से हम लोगों के भविष्य को लेकर किसी प्रकार की सकरात्मक पहल नहीं किया गया है। जिसके हम लोग बहुत असुरक्षा से जीवनयापन कर रहे हंै।
छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ ने अपने 7 सूत्रीय मांग को लेकर कहा कि मनरेगा के सभी अधिकारी कर्मचारियों को जन घोषणा पत्र के आधार पर नियमितीकरण किया जाए। शिक्षाकर्मी की तरह पंचायत कर्मी सेवा शर्त नियमावली 2008 को लागू करते हुए हिमाचल प्रदेश के तर्ज पर व सर्वोच्च न्यायालय के आदेश अनुसार समान कार्य समान वेतन का प्रावधान किया जाए। 2 वर्ष पूर्ण कर चुके अधिकारी कर्मचारियों का प्रतिवर्ष सेवा वृद्धि का प्रावधान को बंद कर एकमुश्त योजना परयंत्र तक अथवा मध्य प्रदेश की तर्ज पर 62 वर्ष की सेवा सुनिश्चित किया जाए। मनरेगा के सभी अधिकारी कर्मचारियों की भांति ग्राम रोजगार सहायकों का भी वेतन ग्रेड निर्धारित किया जाए। 5 वर्ष पूर्ण कर चुके अधिकारी कर्मचारियों को ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत, जिला पंचायत, राज्य में समान पद में संविलियन किया जाए। साथ ही स्थानांतरण नीति का निर्धारण किया जाए। मनरेगा अंतर्गत संविदा अवधि में किए गए कार्य अनुभव वर्ष के आधार पर प्रतियोगिता परीक्षा में आयु सीमा में छूट व रोजगार सहायक तर्ज पर अनुभव पर अंक प्रदान किया जाए।
ज्ञापन सौंपते दौरान महासंघ के उपाध्यक्ष डीवी सिंह, सचिव नीलम जायसवाल सहित भारी संख्या में अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।
अम्बिकापुर, 21 जनवरी। जिला स्तरीय वन अधिकार समिति सरगुजा द्वारा स्वप्रेरणा से निरस्त दावों की सुनवाई की जा रही है। आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त जे.आर. नागवंशी ने बताया है कि सुनवाई के 6वें दिन 21 जनवरी को लुण्ड्रा विकासखण्ड के 9 गांवों के 783 दावाकर्ताओं को आहुत किया गया था, जिसमें 376 दावाकर्ता उपस्थित हुए एवं 123 दावाकर्ताओं ने दावे के समर्थन में दस्तावेज प्रस्तुत किया। श्री नागवंशी ने बताया कि 22 जनवरी को विकासखण्ड बतौली के बालमपुर, महेशपुर, सेदम, बांसाझाल, सुआरपारा, बासेन सहित 19 ग्रामों के 759 दावाकर्ताओं को सुनवाई हेतु आहुत किया गया है।
अंबिकापुर, 21 जनवरी। नगर के जोड़ा पीपल स्थित भगवान हनुमान की मूर्ति खंडित करने के मामले में स्थानीय लोगों ने युवक को पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया। मूर्ति खंडित होने से लोग आक्रोशित दिखे। पुलिस कार्रवाई कर रही है। बताया गया कि खडग़वां निवासी विनय चक्रधर (22 वर्ष) 2 दिन पहले जोड़ा पीपल स्थित भगवान की मूर्ति से गदा निकाल कर अपने गांव की ओर चला गया था। इससे मूर्ति खंडित भी हो गई। गांव में जब पुलिस ने उसे देखा तो उसे दौड़ाया। भागते-भागते जंगल के रास्ते से युवक पुन: अंबिकापुर पहुंच गया। गुदरी चौक में स्थानीय लोगों ने उसे देखा। भारी संख्या में लोग उसे लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस लोगों की शिकायत पर कार्रवाई कर रही है।
अंबिकापुर, 21 जनवरी। मोटरसाइकिल खराब हो जाने पर दूसरे के घर के सामने बाइक खड़ी करके गए व्यक्ति की मोटरसाइकिल में आग लगा दिए जाने के मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार महामाया वार्ड निवासी अशोक तिवारी गत 19 जनवरी को जेना तालाब के पास गया था। रात 9 बजे उसकी मोटरसाइकिल खराब हो गई तो वह एक व्यक्ति के घर के पास उसे खड़ा करके घर चला गया था। दूसरे दिन जब वह अपनी मोटरसाइकिल लेने आया तो बाइक जली हुई थी। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध कायम कर लिया है।
अम्बिकापुर, 21 जनवरी। उप संचालक कृषि कार्यालय अम्बिकापुर में कृषि स्थायी समिति की बैठक 22 जनवरी को दोपहर 12 बजे से आयोजित की गई है। इस बैठक में विभागीय योजना सहित रबी वर्ष 2020-21 की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही विभागीय योजनाओं का अनुमोदन भी किया जाएगा।