ताजा खबर

एमसीडी चुनाव: भाजपा की तीन महिला महापौर जीतीं
07-Dec-2022 8:21 PM
 एमसीडी चुनाव: भाजपा की तीन महिला महापौर जीतीं

नयी दिल्ली, 7 दिसंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर नगर निगम चुनाव लड़ने वालीं दिल्ली की तीन पूर्व महिला महापौर को बुधवार को जीत मिली है जबकि उत्तरी दिल्ली के एक पूर्व महापौर को शिकस्त का सामना करना पड़ा।

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 250 वार्ड के लिए चार दिसंबर को मतदान हुआ था और मतगणना बृहस्पतिवार को हुई।

राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार अपराह्न लगभग तीन बजे तक आम आदमी पार्टी (आप) ने 130 से ज्यादा वार्ड में जीत हासिल कर बहुमत का आंकड़ा (126) पार कर चुकी थी। जबकि भाजपा को 104 सीट पर जीत मिल चुकी थी। कांग्रेस को नौ सीट पर जीत मिली जबकि तीन सीट निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं।

‘एक्जिट पोल’ में भाजपा को करारी हार मिलती दिख रही थी, लेकिन पार्टी ने जोरदार टक्कर दी। शुरुआती रूझान में भाजपा ‘आप’ से काफी आगे थी, लेकिन बाद में रुख अरविंद केजरीवाल की पार्टी ‘आप’ के पक्ष में हो गया।

पूर्व महिला महापौर नीमा भगत, सत्या शर्मा और कमलजीत सहरावत को जीत मिली है।

भगत और शर्मा पूर्वी दिल्ली की महापौर रह चुकी हैं जबकि सहरावत दक्षिण दिल्ली की महापौर थीं।

दिल्ली के तीन नगर निगम- पूर्वी, दक्षिणी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम- को मई 2022 में एकीकृत कर दिया गया था और परिसीमन के बाद चुनाव हुए थे।

गीता कॉलोनी वार्ड से जीत हासिल करने वालीं भगत ने कहा, “मैं बहुत खुश हूं और हमारे इलाके में जश्न का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ता ढोल बजा रहे हैं, नाच रहे हैं और सेल्फी ले रहे हैं। हमारी पार्टी ने निकाय चुनावों में अच्छी टक्कर दी है।”

द्वारका-बी वार्ड से जीत दर्ज करने वाली सहरावत ने ट्विटर पर मतदाताओं का शुक्रिया अदा किया। शर्मा गौतम पुरी वार्ड से जीती हैं।

उत्तरी दिल्ली के पूर्व महापौर अवतार सिंह सिविल लाइंस वार्ड में ‘आप’ के उम्मीदवार विकास से 6,953 मतों के अंतर से हार गए।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली की सीलमपुर सीट से शकीला बेगम समेत तीन निर्दलीय उम्मीदवारों को भी जीत मिली है। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news