ताजा खबर

त्रिपुरा पश्चिम में सुबह नौ बजे तक 15.09 प्रतिशत मतदान
19-Apr-2024 11:22 AM
त्रिपुरा पश्चिम में सुबह नौ बजे तक 15.09 प्रतिशत मतदान

अगरतला, 19 अप्रैल। लोकसभा सीट त्रिपुरा पश्चिम पर शुक्रवार सुबह नौ बजे तक 15.09 प्रतिशत मतदान हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ था। गर्मी से बचने के लिए लोग सुबह-सुबह ही मतदान केंद्र पहुंच गए, जहां सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं।

अधिकारी ने कहा, ‘‘ सुबह नौ बजे तक त्रिपुरा पश्चिम निर्वाचन क्षेत्र में 15.90 प्रतिशत मतदान हुआ।’’

उन्होंने बताया कि रामनगर विधानसभा सीट पर हो रहे उपचुनाव में 12.28 प्रतिशत मतदान हुआ।

मुख्यमंत्री माणिक साहा ने लोगों से लोकतंत्र के उत्सव में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच फेसबुक पर लिखा, ‘‘ मैं महिलाओं और युवा मतदाताओं से चुनाव में अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने का विशेष अनुरोध करता हूं।’’

इस बीच कांग्रेस ने कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर ‘‘धांधली’’ का आरोप लगाया।

कांग्रेस के त्रिपुरा पश्चिम के उम्मीदवार आशीष कुमार साहा ने कहा, ‘‘ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित गुंडों के विपक्ष के कई पोलिंग एजेंट पर हमला करने से यह मतदान एक तमाशा बन गया है। हमें उदयपुर, बेलोनिया और सोनामुरा सहित विभिन्न स्थानों पर हमारे पोलिंग एजेंट पर हमलों की खबर मिल रही है। रामनगर विधानसभा सीट पर स्थिति सबसे खराब है।’’

उन्होंने कहा, "मैंने निर्वाचन अधिकारी विशाल कुमार तथा पुलिस अधीक्षक किरण कुमार से बात की और उन्हें जमीनी स्थिति के बारे में जानकारी दी है।’’

भाजपा ने कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष साहा द्वारा लगाए गए आरोपों का खंडन किया है।

त्रिपुरा में लोकसभा चुनाव के इस चरण में कुल 14.61 लाख पात्र मतदाता हैं।

त्रिपुरा पश्चिम सीट पर साहा का मुकाबला भाजपा के बिप्लब कुमार देब से है। देब पूर्व मुख्यमंत्री हैं। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news