ताजा खबर

भाजपा नीत केन्द्र सरकार संविधान बदलने पर तुली है: प्रियंका गांधी
23-May-2024 10:44 AM
भाजपा नीत केन्द्र सरकार संविधान बदलने पर तुली है: प्रियंका गांधी

गोड्डा/रांची (झारखंड), 22 मई। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने बुधवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केन्द्र सरकार संविधान को बदलने पर तुली हुई है और उसने पिछले 10 वर्ष में संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को कमजोर किया है।

वाद्रा ने गोड्डा और रांची में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए यह भी दावा किया कि केंद्र की नीतियों का विरोध करने वाले सभी लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘यदि वे (भाजपा) दोबारा सत्ता में आए तो संविधान बदल देंगे और आरक्षण में कटौती करेंगे। उन्होंने पिछले 10 वर्ष में लोकतंत्र के साथ-साथ संसद और न्यायपालिका जैसी संस्थाओं को भी कमजोर कर दिया है।’’

उन्होंने दावा किया कि भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) जैसे देश के सभी प्रमुख संस्थान कांग्रेस की देन हैं।

वाद्रा ने कहा कि भाजपा सरकार से भिन्न कांग्रेस की नीतियों का उद्देश्य आदिवासियों के अधिकारों को मजबूत करना है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने झूठे मामले में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जेल भिजवा दिया। उनकी पत्नी कल्पना शेरनी की तरह लड़ रही हैं....पहले कानून बनाने के लिए संसद में बहस होती थी लेकिन अब वे (भाजपा नेता) विपक्ष पर हमला करते हैं।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री ने कोविड टीके बनाने वाली एक कंपनी से ‘‘52 करोड़ रुपये का चंदा’’ लिया। उन्होंने कहा, ‘‘यह टीका अब लोगों के शरीर में दुष्प्रभाव पैदा कर रहा है; कई लोगों की जिम में कसरत करते हुए या काम के दौरान अचानक मौत हो गई।’’

वाद्रा ने कहा कि भाजपा ने हेमंत सोरेन (झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री) को सलाखों के पीछे डालकर सोचा था कि वह आसानी से आगे बढ़ जाएगी, लेकिन इसके बजाय, “आदिवासी मजबूत होकर उभरे हैं और भाजपा को उसकी आदिवासी विरोधी नीतियों के लिए चुनौती दे रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार अरबपतियों के लिए नीतियां बना रही है और उसने हवाईअड्डों और बंदरगाहों जैसी देश की संपत्तियों को उद्योगपतियों को बेच दिया है। इस सरकार ने कई अरबपतियों के 16 लाख करोड़ रुपये भी माफ कर दिए, लेकिन आत्महत्या कर रहे किसानों को कोई राहत नहीं दी।’’

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पूंजीपतियों की नजर आपके जल, जंगल और जमीन पर है और गोड्डा इसका उदाहरण है, जहां अडाणी समूह ने ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया है लेकिन यहां गरीबों के लिए बिजली उपलब्ध नहीं है।’’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘आपकी जमीन, आपका पानी… प्रधानमंत्री के अरबपति दोस्त अडाणी को दे दिया गया है… और यही भाजपा की नीति है।’’

उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में 70 करोड़ युवा बेरोजगार हैं क्योंकि भाजपा ने देश की संपत्ति पूंजीपतियों को सौंप दी है।

वाद्रा ने गोड्डा से भाजपा उम्मीदवार निशिकांत दूबे का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष किया और कहा कि हालांकि वह क्षेत्र में कभी मौजूद नहीं होते हैं, लेकिन वह ‘‘पूंजीपतियों की आवभगत में व्यस्त’’ रहते हैं।

उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकार महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए काम करेगी।

बाद में, कांग्रेस उम्मीदवार यशस्विनी सहाय के पक्ष में रांची में एक रैली को संबोधित करते हुए वाद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘चंद्रयान 3’ जैसे मिशन का श्रेय लेना कभी नहीं भूलते, लेकिन इसके कलपुर्जे बनाने वाले हेवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) के इंजीनियरों को कोई वेतन नहीं दिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि एचईसी जैसा महत्वपूर्ण उद्योग बंद होने की कगार पर है।’’

उन्होंने दावा किया कि इसरो के लिए अन्य रणनीतिक उपकरणों के अलावा ‘लॉन्च पैड’ बनाने वाले एचईसी के लगभग 1,300 कर्मचारियों को लगभग दो वर्षों से उनके वेतन का भुगतान नहीं किया गया है।

वाद्रा ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार को महंगाई, बेरोजगारी और अन्य प्रमुख मुद्दों की कोई परवाह नहीं है और उसकी मुख्य चिंता यह है कि चुनी हुई सरकारों को कैसे गिराया जाए। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘सत्ता बरकरार रखने के लिए वे किसी भी हद तक जा सकते हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि आईआईएम, आईआईटी, इसरो, डीआरडीओ, एम्स जैसे देश के सभी प्रमुख संस्थान कांग्रेस की देन हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सत्तर प्रतिशत मीडिया संस्थान अरबपतियों और पूंजीपतियों के स्वामित्व में हैं और यही कारण है कि मीडिया ने केवल यह दिखाया कि देश में चहुंओर विकास हुआ है... वे सच्चाई नहीं दिखाते हैं।’’

कांग्रेस नेता ने कहा कि इस समय भारत में सबसे ज्यादा बेरोजगार हैं और यहां महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं।

वाद्रा ने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि यह सच है कि देश की संपत्ति पूंजीपतियों और अरबपतियों को सौंपकर प्रधानमंत्री मोदी वह कर सकते हैं जो कांग्रेस 70 साल में नहीं कर पाई।

उन्होंने कहा, ‘‘उनके (प्रधानमंत्री मोदी) के पास किसानों का कर्ज माफ करने के लिए धन नहीं है, लेकिन 16,000 करोड़ रुपये के दो विमान खरीदने के लिए धन है।’’

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा कांग्रेस को भ्रष्ट कहते हैं, लेकिन इसके बजाय ‘‘उन्होंने भारी संपत्ति अर्जित की और भाजपा को 10 वर्षों में सबसे अमीर पार्टी बना दिया’’।

वाद्रा ने कहा कि कि मोदी ने एक साक्षात्कार में ‘‘हिंदू-मुस्लिम राजनीति’’ में शामिल होने से इनकार किया था, लेकिन ‘‘वह (मोदी) झूठ बोल रहे हैं और लोग उन्हें सबक सिखाएंगे’’।

हाथरस और उन्नाव बलात्कार की घटनाओं और महिला पहलवानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने महिलाओं पर अत्याचार के संबंध में मोदी की ‘‘चुप्पी’’ पर सवाल उठाया।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हाथरस में एक महिला के साथ यौन उत्पीड़न किया गया और उसे जलाकर मार डाला गया...ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवानों ने भाजपा नेता पर अपने साथ ज्यादती करने का आरोप लगाया और प्रधानमंत्री मोदी से गुहार लगाई लेकिन उन्होंने नहीं सुनी।’’

वाद्रा ने कहा कि लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी20 जैसे बड़े आयोजन की बात करते हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र को ‘न्याय पत्र’ नाम दिया है क्योंकि मोदी सरकार के 10 वर्ष के शासन में लोगों के साथ अन्याय हुआ है जबकि उद्योगपति फल-फूल रहे हैं।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि चुनावी बॉण्ड योजना प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू की गई ‘‘भ्रष्टाचार की सबसे बड़ी योजना’’ थी। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news