ताजा खबर

ममता ने पश्चिम बंगाल के पहले मुख्यमंत्री बिधान चंद्र रॉय को श्रद्धांजलि दी
01-Jul-2024 11:34 AM
ममता ने पश्चिम बंगाल के पहले मुख्यमंत्री बिधान चंद्र रॉय को श्रद्धांजलि दी

कोलकाता, 1 जुलाई। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को राज्य के पहले मुख्यमंत्री बिधान चंद्र रॉय को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के रूप में मनायी जाने वाली उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

बनर्जी ने इस अवसर पर चिकित्सकों, नर्स और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को भी शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री और महान चिकित्सक डॉ. बिधान चंद्र रॉय को उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर मेरी श्रद्धांजलि। 'राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस' के इस विशेष अवसर पर बंगाल और देश के सभी चिकित्सकों, नर्स और स्वास्थ्य कर्मियों को उनकी निस्वार्थ और समर्पित सेवाओं के लिए मेरी शुभकामनाएं और सम्मान।"

उन्होंने कहा, "स्वास्थ्य क्षेत्र में मेरे सहयोगियों के समर्पित समर्थन से ही हमारी सरकार पिछले 13 वर्षों में बंगाल में इस क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने में सक्षम हुई है। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त इलाज, हमारे स्वास्थ्य साथी के तहत निजी अस्पतालों में भी नकदरहित और लगभग मुफ्त इलाज, कई नए मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, स्वास्थ्य केंद्र और चिकित्सा सेवाएं, स्वास्थ्य के लिए हमारी उपलब्धियां और प्राथमिकताएं हैं।"

राज्य सरकार ने रॉय की स्मृति में राजस्व विभाग को छोड़कर अपने सभी विभागों के लिए आधे दिन की छुट्टी घोषित की है।

देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में रॉय के योगदान को याद करते हुए 1991 में पहला राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया गया था। कांग्रेस के नेता रॉय को आधुनिक पश्चिम बंगाल का निर्माता कहा जाता है।

आज ही के दिन 1882 में उनका जन्म हुआ था और उनकी मृत्यु भी आज ही के दिन 1962 में हुई थी।

बिधान रॉय 1950 से 1962 तक राज्य के मुख्यमंत्री रहे। उन्हें 1961 में भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने कल्याणी, दुर्गापुर और साल्ट लेक जैसे शहरों की नींव रखने और आईआईटी-खड़गपुर सहित कई संस्थानों की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news