ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 नवंबर। डोंगरगढ़ के एक संभ्रात परिवार की महिला को हरियाणा में बेचने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि आरोपियों की महिला से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर महिला को चारों ने बंधक बनाने के बाद उसके बच्चे की जान लेने की धमकी देकर हरियाणा में बेच दिया। महिला को 11 सितंबर को आरोपी अपने साथ रायपुर से हवाई जहाज के जरिये दिल्ली ले गए और वहां से हरियाणा जाकर बेच दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने सलमान खान, जुनैद खान, शुभम तिवारी और साजदा सैय्यद (सभी डोंगरगढ़) को महिला को हरियाणा में बेचने के मामले में गिरफ्तार किया। बताया गया है कि दिल्ली ले जाकर सबसे पहले आरोपी शुभम तिवारी द्वारा जबर्दस्ती उसका बलात्कार किया और उसके बाद हरियाणा ले जाकर अजय नामक व्यक्ति के माध्यम से महिला को सुरेश नामक व्यक्ति के पास बेच दिया।
महिला शादीशुदा होने की बात सुनकर उक्त व्यक्ति ने वापस आरोपियों को उसे लौटा दिया। फिर आरोपियों ने राजेश चमरा नामक एक व्यक्ति से उसकी शादी करा दी। महिला ने जब अपनी आप बीती सुनाई तो राजेश चमरा ने एक पार्षद के माध्यम से उसे पुलिस को सौंप दिया और पुलिस ने उसे दुर्ग ट्रेन के जरिये भेजा। वहां से लौटने के बाद महिला ने डोंगरगढ़ पुलिस से अपने साथ हुई घटना को लेकर शिकायत की।
थाना प्रभारी अलेक्जेंडर किरो ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि महिला को बेचने के मामले में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। शेष आरोपियों की पतासाजी की जा रही है। बताया जा रहा है कि महिला का पति के साथ किसी बात को लेकर अनबन हुआ था और इसी बीच महिला आरोपियों के चंगुल में फंस गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से इस मामले में मानव तस्करी के आधार पर पूछताछ की जा रही है।