ताजा खबर

सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी मामले में मुंबई पुलिस ने पंजाब में दो लोगों को गिरफ्तार किया
25-Apr-2024 10:31 PM
सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी मामले में मुंबई पुलिस ने पंजाब में दो लोगों को गिरफ्तार किया

मुंबई, 25 अप्रैल। मुंबई में अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर हाल में हुई गोलीबारी के संबंध में मुंबई पुलिस ने बृहस्पतिवार को पंजाब में दो लोगों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुभाष चंद्र (37) और अनुज थापन (32) ने 15 मार्च को गोलीबारी करने वालों को हथियार उपलब्ध कराए थे। अधिकारी ने कहा कि दोनों को अपराध शाखा की टीम ने गिरफ्तार कर लिया और उन्हें मुंबई ले जाया जा रहा है।

इस बीच, मुंबई की एक अदालत ने सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार दो लोगों की पुलिस हिरासत 29 अप्रैल तक बढ़ा दी।

बिहार के रहने वाले आरोपी विक्की गुप्ता (24) और सागर पाल (21) को उनकी पिछली हिरासत बृहस्पतिवार को समाप्त होने के बाद यहां मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया गया।

गुप्ता और पाल 14 अप्रैल की सुबह बांद्रा में गैलेक्सी अपार्टमेंट में खान के आवास के बाहर गोलीबारी के बाद मोटरसाइकिल से फरार हो गए थे। आरोपियों को 16 अप्रैल को गुजरात के कच्छ जिले के माता नो मध गांव से पकड़ा गया था।

बाद में, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने गोलीबारी में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करने के लिए एक तलाशी अभियान के दौरान गुजरात में तापी नदी से दो पिस्तौल, मैगजीन और गोलियां बरामद कीं।

मुंबई पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उसके छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को भी मामले में ‘‘वांछित आरोपी’’ घोषित किया है। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news