रायपुर

पुरंदेश्वरी का सवाल, प्रत्याशियों ने नाम वापस क्यों लिए...
08-Dec-2021 5:53 PM
पुरंदेश्वरी का सवाल, प्रत्याशियों ने नाम वापस क्यों लिए...

भिलाई, देवकर में भाजपा प्रत्याशी ने मैदान छोड़ा था

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 दिसंबर। प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने बुधवार को भिलाई पहुंचकर तीनों नगर निगमों के चुनाव संचालकों, और जिले के पदाधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने चुनाव प्रचार की जानकारी भी ली। साथ ही भिलाई में भाजपा प्रत्याशी के नाम वापस लेने के मामले में भी  पदाधिकारियों से सवाल किए।

भिलाई नगर निगम के वार्ड-19 के भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी अजितेश सिंह ने निर्दलीय प्रत्याशी के पक्ष में नाम वापस लेकर सबको चौंका दिया। यह सब आखिरी समय में हुआ, और पार्टी दूसरे को अधिकृत नहीं कर पाई। इस पूरे मामले पर प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने पार्टी प्रत्याशी के बैकग्राउंड के बारे में जानकारी ली, और यह भी पूछा कि अजितेश को किसकी सिफारिश से टिकट मिली है।

कहा जा रहा है कि अजितेश को टिकट दिलाने में चुनाव समिति के सदस्य राकेश पाण्डेय की भूमिका रही है। पुरंदेश्वरी ने देवकर नगर पंचायत में भी एक प्रत्याशी के नाम वापस लिए जाने के मामले में भी जिलाध्यक्ष से पूछताछ की। पुरंदेश्वरी ने दोनों के नाम वापस लिए जाने पर नाराजगी जताई है। सूत्रों के मुताबिक पुरंदेश्वरी ने भिलाई के चुनाव संचालक भूपेन्द्र सवन्नी, और पूर्व मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय से चर्चा की। रिसाली के प्रत्याशियों, और चुनाव प्रचार की स्थिति को लेकर नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक से भी बात की है।

पुरंदेश्वरी ने पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल से चर्चा कर भिलाई-चरौदा की स्थिति की भी जानकारी ली। बृजमोहन भिलाई-चरौदा के चुनाव संचालक हैं। उन्होंने जिलाध्यक्षों से भी चर्चा की। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, और पवन साय भी थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news