रायपुर

रेणुका-रमन, और अजय को झटका, अमरजीत, रूद्रगुरू भी नहीं दिला पाए अपने प्रभार वाले इलाकों से बढ़त
23-Dec-2021 6:01 PM
 रेणुका-रमन, और अजय को झटका, अमरजीत, रूद्रगुरू भी नहीं दिला पाए अपने प्रभार वाले इलाकों से बढ़त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 दिसंबर। नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस, और भाजपा के कई बड़े नेताओं को झटका लगा है। केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह, पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह, और अजय चंद्राकर अपने इलाके से भाजपा उम्मीदवार को नहीं जीता सके। दूसरी तरफ, खाद्य मंत्री अमरजीत भगत, रूद्रकुमार गुरू के प्रभार वाले इलाके में कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ा।

नगरीय निकाय चुनाव में दिग्गज नेताओं को बड़ा झटका लगा है। केन्द्रीय मंत्री रेणुका सिंह पूरे समय प्रेमनगर नगर पंचायत चुनाव में सक्रिय रहीं। रेणुका सिंह यहां से दो बार विधायक भी रह चुकी हैं। उनके साथ अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्याक्ष कमलभान सिंह, किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल, और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी भी डटे थे। लेकिन भाजपा को यहां बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा।

प्रेमनगर नगर पंचायत की 15 सीटों में से मात्र दो सीट पर भाजपा उम्मीदवार जीत पाए। यहां कांग्रेस को एकतरफा बहुमत मिला है। इसी तरह पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव शहर के एक वार्ड में चुनाव हो रहे थे वहां भी उनके पुत्र पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, और शहर जिलाध्यक्ष मधुसूदन यादव लगे थे। लेकिन वो भी नहीं जीता सके। यहां भाजपा प्रत्याशी को बुरी हार का सामना करना पड़ा है।

इसी तरह पीएचई मंत्री रूद्रकुमार गुरू के अपने विधानसभा क्षेत्र की नगर पालिका जामुल में कांग्रेस को बढ़त नहीं दिला पाए। यहां कांग्रेस, भाजपा के मुकाबले पिछड़ गई। इसी तरह खाद्य मंत्री अमरजीत भगत भी अपने प्रभार के जिले के खैरागढ़ नगर पालिका में कांग्रेस को बढ़त नहीं दिला पाए यहां भी कांग्रेस, भाजपा से पीछे रह गई। भिलाई-चरौदा में भाजपा की महापौर चंद्रकला मांडले पार्षद चुनाव हार गई।

भिलाई-चरौदा में पिछले चुनाव की तुलना में भाजपा का प्रदर्शन बेहतर रहा है। पिछली बार भाजपा के 13 वार्ड प्रत्याशी जीते थे, लेकिन इस बार 14 प्रत्याशियों को बढ़त मिलती दिख रही है। पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल तमाम कोशिशों के बावजूद यहां बहुमत दिला पाने में कामयाब नहीं हो पाए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news