रायपुर

नए साल में मेयर-अध्यक्ष चुनाव, जामुल-खैरागढ़ में भी बहुमत के लिए प्रयास कर रहे कांग्रेस नेता
28-Dec-2021 6:42 PM
नए साल में मेयर-अध्यक्ष चुनाव, जामुल-खैरागढ़ में भी बहुमत के लिए प्रयास कर रहे कांग्रेस नेता

भाजपा में टूट की आशंका

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 28 दिसंबर। नए साल में नगर निगमों में मेयर, और पालिकाओं-पंचायतों में अध्यक्ष बिठाने की होड़ मचेगी। कांग्रेस जिन दो नगर पालिका जामुल, और खैरागढ़ में बहुमत से दूर है वहां भी अपना अध्यक्ष बनाने के लिए जोड़ तोड़ में जुट गई है। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया है कि दोनों नगर पालिकाओं में भी कांग्रेस के अध्यक्ष बनेंगे।

 नगरीय निकायों के मेयर-अध्यक्ष का निर्वाचन नए साल में होगा। जिन 15 निकायों में चुनाव हुए हैं, वहां 13 में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। जबकि जामुल में भाजपा बहुमत के करीब हैं, और खैरागढ़ में बराबर पर है। बीरगांव में चार जनवरी, और जामुल में 6 अथवा 7  जनवरी को अध्यक्ष के चुनाव होने की उम्मीद है। जामुल में भाजपा बहुमत के करीब है। यहां भाजपा के 10 पार्षद हैं। जबकि कांग्रेस के 6, जोगी पार्टी के 1 व 3 निर्दलीय हैं।

कांग्रेस नेताओं का दावा है कि सभी निर्दलीय पार्षद कांग्रेस के समर्थन में आ गए हैं। सूत्रों के मुताबिक दो दिन पहले जामुल में कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ पार्षदों की बैठक भी हुई थी। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि जामुल में बहुमत के लायक पार्षदों का समर्थन मिल जाएगा।

कहा जा रहा है कि भाजपा के कुछ पार्षद भी कांग्रेस का साथ दे सकते हंै। इसी तरह खैरागढ़ में भी बहुमत का दावा किया जा रहा है। कांग्रेस के एक नेता ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि खैरागढ़ को जिला बनाने की सीएम की घोषणा के बाद उत्साह का वातावरण है, और विकास के नाम पर कई भाजपा पार्षद कांग्रेस से जुड़ सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस का नगर पालिका अध्यक्ष बनना तय है। चर्चा है कि कुछ भाजपा पार्षदों की कांग्रेस नेताओं से चर्चा भी हो चुकी है। बहरहाल, कांग्रेस नेताओं की सक्रियता के चलते दोनों निकायों के चुनाव को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news