रायपुर

ज्ञानार्जन के साथ विद्यार्थियों को रोजगार अर्जन के भी योग्य बनाए कृषि शिक्षा प्रणाली-राज्यपाल
02-Jan-2022 7:08 PM
ज्ञानार्जन के साथ विद्यार्थियों को रोजगार अर्जन के भी योग्य बनाए कृषि शिक्षा प्रणाली-राज्यपाल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जनवरी। छत्तीसगढ़ की राज्यपाल सुश्री अनुसुईया उइके ने कहा है कि राज्य की कृषि शिक्षा प्रणाली ऐसी होनी चाहिए जो विद्यार्थियों को कृषि, और संबंधित विषयों के ज्ञानार्जन के साथ ही रोजगार-व्यवसाय अर्जन के योग्य बनाए।

उन्होंने कहा कि देश की नवीन शिक्षा नीति के अनुरूप कृषि शिक्षा प्रणाली में भी उद्यमिता विकास पर अधिक ध्यान दिया जाना चाहिए और यह प्रयास किया जाना चाहिए कि कृषि स्नातक अथवा स्नातकोत्तर विद्यार्थी अपनी आजीविका हेतु केवल नौकरी पर आश्रित न रहें बल्कि स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर अन्य लोगों को रोजगार प्रदान करने में समर्थ बन सकें।

सुश्री उइके ने कहा यहां इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में राष्ट्रीय कृषि शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप छत्तीसगढ़ कृषि शिक्षा प्रणाली विषय पर आयोजित एक दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ कर रहीं थीं। उन्होंने इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि पंचांग-2022, कृषि ई-पंचांग एवं विश्वविद्यालय के अन्य प्रकाशनों का विमोचन किया। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित विभिन्न कृषि महाविद्यालयों, अनुसंधान प्रक्षेत्रों, उत्कृष्टता केन्द्रों तथा कृषि विज्ञान केन्द्रों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया, जहां कृषि विश्वविद्यालय द्वारा विकसित नवीनतम कृषि प्रौद्योगिकी, अनुसंधान कार्यों तथा जैव विविधता को प्रदर्शित किया गया। प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्रों के मार्गदर्शन में कार्य कर रहे स्व-सहायता समूहों के उत्पादों एवं मार्केटिंग मॉडल को भी प्रदर्शित किया गया था।

 राज्यपाल सुश्री उइके ने अपने संबोधन में सभी उपस्थित जनों को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में संचालित अनुसंधान एवं विकास कार्यों को देखकर उन्हें सुखद अनुभुति हुई। उन्होंने कहा कि अक्ति जर्मप्लाज्म संग्रहालय में धान की 24 हजार से अधिक धान की परंपरागत प्रजातियों के बीजों को देखकर उन्हें सुखद आश्चर्य हुआ।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news