रायपुर

दिल्ली जाने से पहले सीएम बोले- किसानों को नुकसान नहीं होगा, खरीदी की डेट बढ़ाने चर्चा जारी
15-Jan-2022 5:27 PM
दिल्ली जाने से पहले सीएम बोले- किसानों को नुकसान नहीं होगा, खरीदी की डेट बढ़ाने चर्चा जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 15 जनवरी। खराब मौसम की वजह से प्रदेश के ज्यादातर जिलों में धान खरीदी बंद है, वहीं दूसरी ओर खरीदी के लिए निर्धारित समय सीमा 31 जनवरी को समाप्त हो जाएगी। इसकी वजह से किसानों की चिंता बढ़ी हुई है। इस खबर को ‘छत्तीसगढ़’  ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। शनिवार दोपहर को दिल्ली रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि प्रदेश के किसानों का नुकसान नहीं होगा। धान खरीदी की तारीख बढ़ाने समीक्षा की जा रही है। कलेक्टरों से जायजा लेने कहा गया है। जरूरत पड़ी तो डेट बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा है कि बीते कुछ दिनों से मौसम ठीक नहीं होने की वजह से राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की स्थिति प्रभावित हुई है। इसे लेकर किसानों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। मौसम ठीक होते ही उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी में तेजी लाई जाएगी।

उन्होंने कहा है कि राज्य में धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी है। सरकार की यह कोशिश होगी की इस अवधि में शत-प्रतिशत किसानों से उनके पंजीकृत रकबे के धान की खरीदी समर्थन मूल्य पर पूरी कर ली जाए। उन्होंने कहा है कि आवश्यकता पडऩे पर किसानों के सहूलियत के लिए धान खरीदी के निर्धारित अवधि में वृद्धि करने का विचार किया जाएगा।

वर्तमान स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री बघेल ने कृषि मंत्री रविंद्र चौबे से धान उपार्जन की व्यवस्था की समीक्षा की और इस संबंध में आवश्यक कदम उठाने को कहा है।  मौसम खुलते ही किसानों से तेजी से धान खरीदी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

 इधर खरीदी तिथि बढ़ाने कांग्रेस और भाजपा के विधायक और नेता दबाव बनाने लगे हैं। विधायक संतराम नेताम ने शुक्रवार को इस संबंध में सीएम को पत्र भेजा है।

भाजपा के सहकारी प्रकोष्ठ के महासमुंद जिला सहसंयोजक देवेंद्र चंद्राकर ने धान खरीदी की तिथि एक माह बढ़ाने की मांग की है। वहीं किसान नेता तुषार साहू ने बीस दिवस धान खरीदी की तिथि बढ़ाने की मांग को लेकर डिप्टी कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है।

तिथि बढऩे पर ही हो  पाएगी धान खरीदी

किसान भूखन लाल, नरोत्तम बंजारे, धनेश साहू, मोहन लाल साहू ने धान खरीदी को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कम से कम 15 दिन का समय खरीदी को पूरा करने के लिए और चाहिए।

धान खरीदी की स्थिति

अब तक खरीदी- 69.05 लाख टन

खरीदी का लक्ष्य-105 लाख टन

अब तक धान बेच चुके किसानों की संख्या- 17.14 लाख

पंजीयन कराने वाले किसानों की संख्या- 22.66 लाख

बीजेपी के डूबते जहाज से सब कोई भाग रहे-बघेल

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शनिवार को दिल्ली रवाना हुए । वे वहां से उत्तर प्रदेश जाएंगे। रायपुर हवाई अड्डे में उन्होंने कहा है पूरे देश में भाजपा के खिलाफ जो माहौल बना हुआ है। बीजेपी की केंद्र और राज्य सरकार आम जनता की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। इन्हीं कारणों से यूपी जैसे बड़े राज्य से बीजेपी टूट रही है। स्वामी प्रसाद मौर्य समेत तीन मंत्री और 8 विधायकों के भाजपा छोडऩे पर कहा कि यह संकेत है कि बीजेपी के जाने के दिन आ गए हैं। भाजपा में भगदड़ मची हुई है, डूबते जहाज से सब कोई भाग रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news