रायपुर

राहुल को काले झंडे दिखाने से पहले हिरासत में लिए गए भाजयुमो नेता
03-Feb-2022 5:12 PM
राहुल को काले झंडे दिखाने से पहले हिरासत में लिए गए भाजयुमो नेता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 3 फरवरी। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के दौरे के विरोध के लिए रायपुर आ रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं को प्रदेश भर में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बीती रात से जारी है।

भाजयुमो ने बेरोजगारी भत्ता देने की मांग को लेकर राहुल गांधी को काले झंडे दिखाने की घोषणा की है।  युवा मोर्चा के नेताओं को  पुलिस थाने में बिठाकर पूछताछ की जा रही है। राजधानी में  महामंत्री संजू नारायण सिंह समेत एक दर्जन से ज्यादा नेताओं को पुलिस ने  हिरासत में लिया है। इन लोगों ने काले कपड़े पहने हुए थे।

इनके अलावा गोविंदा गुप्ता, राहुल राव, अमित मैशेरी, मुकेश पटेल सहित कुछ मंडल अध्यक्षों की भी गिरफ्तारी की सूचना हैं। इधर शहर जिला भाजपा ने एकात्म परिसर से जयस्तंभ चौक तक पैदल मार्च निकालने की अनुमति मांगी थी। जिला प्रशासन ने कोरोना प्रोटोकाल के चलते अनुमति नहीं दी। इसे देखते हुए एकात्म परिसर के पास भी पुलिस की चाक चौबंध व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद शहर अध्यक्ष श्रीचंद सुंदरानी के साथ कार्यकर्ता 12 बजे एकात्म परिसर से निकले जिन्हें पुलिस हिरासत में लेकर केन्द्रीय जेल ले गई। तेलीबांधा के पास भाजयुमो नेता उमेश घोरमुड़े, गोपाल बिस्ट, रंजीत सिंह, रितेश मिश्रा, कंवर पाल को गिरफ्तार किया। प्रदेश मीडिया प्रभारी नलनीश ठोकने ने कहा छत्तीसगढ़ में पहले प्रशासनिक व्यवस्था के अंदेशे को राहुल गांधी दूर करें उनसे यही अपेक्षा है। पूर्व मंत्री व भाजपा प्रवक्ता राजेश मूणत ने छत्तीसगढ़ सरकार और प्रशासन को कांग्रेस की कठपुतली करार दिया हैं। उन्होंने पूछा कि भाजपा को जनसमस्या के निवारण हेतु पैदल मार्च की अनुमति नहीं दी जाती वही  राहुल गांधी की भीड़ भाड़ वाली जनसभा सहित विभिन्न भीड़ जुटाउ कार्यक्रम की अनुमति किस अधिकार किस कानून के तहत दी गयी हैं? उन्होंने कहा कि शासन के आदेशानुसार जब राजधानी रायपुर में धरना, जुलूस आदि पर प्रतिबंध हैं तो राहुल गांधी का कार्यक्रम किस कानून के तहत हो रहा हैं?

प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा भाजयुमो ने खुद ही प्रदर्शन की आशंका जताई थी। पुलिस की ओर से उसी सिलसिले में कार्रवाई की गई।

कार्यकर्ता डरने वाले नहीं-रमन 

भाजपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर पूर्व सीएम रमन सिंह ने ट्वीट किया कि सरकार को भाजपा कार्यकर्ताओं से इतना डर है कि उन्हें घर से उठा ले गई। राहुलजी आपके मुख्यमंत्री तानाशाही पर उतारू हैं, याद रखें भाजपा संघर्ष और बलिदान देने वाली पार्टी है। हमारे कार्यकर्ता इन हरकतों से डरने वाले नहीं। सब याद रखा जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news