रायपुर

बाइक से कट मारा विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार
10-Jun-2022 7:11 PM
 बाइक से कट मारा विवाद में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

टिकरापारा थाना में चाकूबाजी की वारदात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 10 जून। गाड़ी टकराने के मामूली विवाद में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। टिकरापारा इलाके में कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर बाइक सवार की हत्या कर दी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। शुक्रवार को टिकरापारा पुलिस ने महेंद्र बाघ और गोविंद जोशी नामक युवक को गिरफ्तार करने की पुष्टि की। टिकरापारा में रहने वाले अमान को कट मारने के विवाद में चाकू से हमला कर उसकी हत्या के अपराध में आरोपियों को पकड़ा गया। पुलिस का कहना है, अमान सेजबहार डूंडा के अविवा सोसायटी में रहता है। गुरूवार की रात करीब बारह बजे वह खाना खाकर अपनी दोपहिया से  लौट रहा था। इसी दौरान संतोषी नगर में पैदल जाते वक्त महेंद्र और गोविंद से विवाद हो गया। पुलिस का कहना है दोपहिया से जाते वक्त आरोपियों ने कट मारने के विवाद में उसे रोक लिया। इसके बाद गाली गलौज करने लगे। अमान ने जब दोपहिया को खड़े किया और कुछ निकालने लगा तभी आरोपियों ने अपने पास में रखे चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। पेट में गंभीर चोट आने की वजह से अमान की मौत हो गई। चाकूबाजी की घटना के बारे में देर रात सूचना मिलने पर पुलिस ने फौरन आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला। हमलावरों की शिनाख्त होने के बाद दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों को हिरासत में लिया था। पकड़े जाने के बाद सीसीटीवी फुटेज की तस्दीकी की। इसके बाद हमलावरों की पहचान करते हुए उनके खिलाफ सबूत जुटाए। देर रात आरोपियों को उनके ठिकाने से दबोचा। मामले में हत्या के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news