रायपुर

मुर्मू के आने से पहले कांग्रेस-भाजपा में रार
12-Jul-2022 5:40 PM
मुर्मू के आने से पहले कांग्रेस-भाजपा में रार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 12 जुलाई। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई को रायपुर आ रही हैं। वे यहां विधायकों से संपर्क कर मतदान की अपील करेंगी। मुर्मू भाजपा और एनडीए की प्रत्याशी हैं। वहीं कांग्रेस और यूपीए की ओर से यशवंत सिन्हा प्रत्याशी हैं। सिन्हा पिछले दिनों रायपुर आकर कांग्रेस के विधायकों से संपर्क कर लौट चुके हैं। मुर्मू के पक्ष में मतदान करने भाजपा ने कांग्रेस खासकर आदिवासी विधायकों से अपील की है। उनके आने से पहले ही यहां बयानबाजी तेज हो गई है।

मतदान सामग्री कल आएगी, प्लास्टिक का उपयोग नहीं होगा

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान की तैयारी अंतिम चरण में है। मतदान सामग्री बुधवार रात तक रायपुर आ जाएगी। मतदान स्थल पर मोबाइल और प्लास्टिक दोनों ही प्रतिबंधित किए गए हैं। विधानसभा स्थित समिति कक्ष 2 को मतदान स्थल के रूप में तैयार कर लिया गया है। 18 जुलाई को मतदान के लिए मतदान सामग्री लेने मंगलवार को दो अफसर दिल्ली जा रहे हैं। इनमें एक उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी विनय अग्रवाल और दूसरे विस के अवर सचिव दिनेश त्रिवेदी हैं। ये दोनों कल मतपेटी, मतपत्र, वोटर लिस्ट, मतदान के लिए 10 नग अल्ट्रावायलेट पेन लेकर पहुंचेंगे।  अब तक की जानकारी के अनुसार प्रदेश के सभी सांसद, विधायक विस में ही मतदान करेंगे। किसी ने भी प्रदेश से बाहर मतदान की अनुमति नहीं ली है। अनुमति के लिए 10 जुलाई तक आवेदन करना था लेकिन किसी ने भी आवेदन नहीं दिया।

मतदान 18 को सुबह 10 से शाम 5 बजे तक होगा। मतदान स्थल पर मोबाइल के साथ साथ प्लास्टिक का उपयोग भी प्रतिबंधित किया गया है। मतदान सामग्री को लाए जाने के समय मीडिया कवरेज के लिए केवल डीडी न्यूज और छत्तीसगढ़ डीपीआर को ही अनुमति दी गई है।

आत्मा की आवाज पर भाजपा पुराने साथी का सहयोग करे-सीएम

एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को लेकर  सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि आत्मा की आवाज सुनकर अगर वोट डाले जाएं, तो भाजपा नेताओं को अपने पुराने साथी (यशवंत सिन्हा) का सहयोग करना चाहिए। क्योंकि ऑडियोलॉजी का है। वहीं, मंत्री कवासी लखमा ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का चुनाव दल से तय होता है। हमारे हाईकमान तय करते हैं। ये उनके पक्ष के आदिवासी हैं, हमारे पक्ष का कोई नहीं है। हमने समझदार, योग्य व्यक्ति को खड़ा किया है. राष्ट्रपति चुनाव काफी बड़े पद का चुनाव है। जरूरत पड़ी तो चुनाव के बाद बोलूंगा।

लखमा ने कहा कि उन्होंने किस तरह के प्रत्याशी को खड़ा किया है? आदिवासियों को ही खड़ा करना था तो राज्यपाल अनुसुईया उइके, केदार कश्यप और रामविचार नेताम को प्रत्याशी के तौर पर खड़ा करते तो हम आदिवासी लोग खुश हो जाते।

मुर्मू को समर्थन देने रेणुका सिंह ने सीएम बघेल को पत्र लिखा

केंद्रीय जनजाति कार्य राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने सीएम भूपेश बघेल, पीसीसी अध्यक्ष मोहन मरकाम, महिला कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद फुलोदेवी नेताम को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू के पक्ष मे मतदान करने की अपील है।

भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने भी कहा है कि पहली बार देश में आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार बनाया गया है, जिसके कारण एनडीए से बाहर भी समर्थन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से भी आग्रह किया कि प्रदेश में अनुसूचित जनजाति की आबादी 32 फीसदी है इसलिए आदिवासी महिला राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार होने के कारण समाज एवं राज्य को भी प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है, इसे ध्यान में रखते हुए पार्टी से अलग हटकर छत्तीसगढ़ के विधायकों का भी उन्हें समर्थन मिलना चाहिए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news