रायपुर

द्रौपदी मुर्मू 15 को आ रहीं, कल्पना नहीं थी कि आदिवासी वर्ग से राष्ट्रपति होगा
13-Jul-2022 7:47 PM
द्रौपदी मुर्मू 15 को आ रहीं, कल्पना नहीं थी कि आदिवासी वर्ग से राष्ट्रपति होगा

वर्षों बाद नंदकुमार साय की एकात्म परिसर में पत्रकारवार्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 13 जुलाई। राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू समर्थन जुटाने के लिए 15 जुलाई को छत्तीसगढ़ आएंगी।ओडिशा के मयूरभंज जिले की संथाल जनजाति से जुड़ीं द्रोपदी मूर्मु के छत्तीसगढ़ प्रवास की जानकारी देते हुए भाजपा के आदिवासी नेताओं ने प्रदेश के अलग-अलग राजनीतिक दल के विधायकों से समर्थन मिलने की बात कही। इसके साथ ही कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि जनजातीय वर्ग से राष्ट्रपति होगा।

वर्षों बाद पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और पूर्व सांसद नंदकुमार साय के लिए पार्टी ने एकात्म परिसर कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की। वे संगठन से नाराज लोगों में गिने जाते हैं। उनके साथ पूर्व मंत्री केदार कश्यप भी थे। साय ने विपक्षी दलों की ओर से राष्ट्रपति पद के दूसरे दावेदार यशवंत सिन्हा के संबंध में कहा कि हमारे पुराने साथी हैं, लेकिन फिलहाल हमारा ध्यान द्रौपदी मुर्मू की तरफ़ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है। द्रौपदी मुर्मू दो वर्गों  जनजातीय के साथ साथ नारी समाज का भी प्रतिनिधित्व करती हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज हिंदुस्तान का बड़ा समाज है। पूरे देश में 12 फीसदी जनजातीय समाज है, और ये अधिक भी हो सकता है। जनजातीय वर्ग को आगे बढ़ाने की बीजेपी लगातार कोशिश कर रही है?।अटल बिहारी बाजपेयी ने जनजातीय वर्ग के लिए अलग आयोग और  बनाया था। पूरे देश में जनजातीय वर्ग को खड़ा करने की कोशिश की गई।हम उम्मीद करते हैं कि छत्तीसगढ़ में अलग-अलग राजनीतिक दल से जुड़े विधायकों का भी सहयोग मिलेगा। उन्होंने बताया कि  15 तारीख को द्रोपदी मुर्मू के छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान सर्व आदिवासी समाज उनका स्वागत करेगा।

पूर्व मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि ये समाज के लिए सौभाग्य की बात है कि द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया गया है। प्रदेश के सभी दलों से आग्रह है कि द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनाए जाने के लिए अपना समर्थन करें। जनजातीय वर्ग की बेटी को अपना समर्थन देकर राष्ट्रपति बनाएं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news