बस्तर

2023 में प्रदेश व 2024 में देश जीतेगी भाजपा
10-Feb-2023 8:23 PM
2023 में प्रदेश व 2024 में देश जीतेगी भाजपा

   बस्तर से चुनावी शंखनाद करेंगे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा   

भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप व बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पाण्डेय ने ली पत्रवार्ता
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 10 फरवरी।
भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव का शंखनाद बस्तर से करने जा रही है. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा 11 फरवरी को बस्तर पहुँच कर चुनावी रण का आगाज करेंगे। वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ प्रदेश और 2024 में देश में विजयश्री पाने का लक्ष्य भाजपा ने तय किया है और जीत का परचम लहरायेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप व बस्तर संभागीय प्रभारी संतोष पाण्डेय ने पत्रवार्ता में उपरोक्त बातें कहीं।

भाजपा जिला कार्यालय में श्री कश्यप व श्री पाण्डेय ने कहा कि 11 फरवरी को सुबह 11 बजे भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा जगदलपुर पहुँचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन पर उनके भव्य स्वागत व अभिनंदन की तैयारियां की जा रही है.  श्री नड्डा पहले स्थानीय मांई दंतेश्वरी मंदिर में दर्शन पूजन  करेंगे, उसके बाद डिमरापाल में केन्द्र की मोदी सरकार के घोषणा स्वरूप 200 करोड़ की लागत से बन रहे सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल का अवलोकन करने जायेंगे। दोपहर 1.30 बजे श्री नड्डा लालबाग मैदान में आमसभा को संबोधित करेंगे।

नेताद्वय ने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए श्री नड्डा ने बस्तर में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की नींव रखने के लिये सुपर स्पेशियलिटी हास्पिटल को स्वीकृति दी थी और दक्षिण बस्तर के सुदूर क्षेत्र जावंगा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आयुष्मान स्वास्थ्य योजना का शुभारंभ किया था। बस्तर के निवासी केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री रहते जगत प्रसाद नड्डा के कार्यों के आभारी हैं।

केदार कश्यप व संतोष पाण्डेय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी राष्ट्र के विकास के लिये सतत कार्य कर रही है। आगामी विधानसभा सभा चुनाव में छत्तीसगढ़ में भाजपा जीत का डंका बजायेगी और अगले वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में देश में देश वासियों के आशीर्वाद से भाजपा पुन: विजय श्री हासिल करेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा के बस्तर प्रवास से कार्यकर्ताओं में बेहद उत्साह है। बस्तर से भाजपा चुनावी रणभेरी फूंक रही है, जिसकी गूंज समूचे छत्तीसगढ़ में सुनायीं देगी।

पत्रकारवार्ता में प्रमुख रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष रूप सिंह मण्डावी, पूर्व विधायक संतोष बाफना, जगदलपुर विधानसभा प्रभारी निखिल राठौर, विद्या शरण तिवारी, योगेन्द्र पाण्डेय, वेदप्रकाश पाण्डेय, राजेन्द्र बाजपेयी, आलोक अवस्थी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news