बस्तर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 14 अप्रैल। कोड़ेनार थाना क्षेत्र के एरडवाल गांव में गुरुवार की शाम एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने सडक़ पार कर रही एक महिला को ठोकर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए मेकाज लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतिका लच्छनदई के पति शंभू ने बताया की वह खेती-किसानी का काम करता है, पत्नी लच्छनदई अपने घर रायकोट से 3 किमी दूर एरडवाल में हो रहे देवी धामी के विदाई समारोह में शामिल होने आई थी, शाम करीब 4 बजे के लगभग जैसे ही वहां से निकलकर सडक़ को पार कर रही थी, तभी जगदलपुर से दंतेवाड़ा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार स्कार्पियो के चालक ने महिला को ठोकर मार दी।
घटना के बाद वाहन चालक ने महिला को अपनी वाहन में लेकर मेकाज पहुंचे, जहां महिला को भर्ती करने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी कुछ लोगों ने महिला के पति को दी। जिसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि महिला की कोई भी बच्चे नहीं है। मृतिका के पति के द्वारा अपने भाइयों के बच्चों का लालन पालन अपने बच्चों की तरह कर रहे थे। महिला के मौत के साथ ही परिजनों में शोक का माहौल छा गया। शुक्रवार को महिला के शव के पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।