बस्तर

691 बस्तर फाईटर नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह
16-Apr-2023 9:55 PM
691 बस्तर फाईटर नव आरक्षकों का दीक्षांत समारोह

   आईजी ने परेड का किया निरीक्षण   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जगदलपुर, 16 अप्रैल।
आज संभाग मुख्यालय जगदलपुर के लालबाग परेड ग्राउंड में जिला बीजापुर व बस्तर के नव आरक्षक, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र बोधघाट में जिला दंतेवाड़ा के नव आरक्षक एवं 5वी वाहिनी छसबल जगदलपुर में जिला नारायणपुर के नव आरक्षकों का संयुक्त रूप से कुल 691 बस्तर फाईटर नव आरक्षकों का पासिंग आउट परेड संपन्न की गई। 

छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा  बस्तर संभाग में वनांचल एवं अंदरूनी क्षेत्र की विकास एवं सुरक्षा स्थानीय युवक-युवतियों को अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से बस्तर संभाग के जिलों में बस्तर फाईटर्स नामक विशेष बल के गठन हेतु (राजपत्रित अधिकारी/अराजपत्रित अधिकारी/प्रधान आरक्षक/आरक्षक सहित) कुल 2,800 नवीन पदों  के सृजन की स्वीकृति प्रदान की गई। उक्त स्वीकृत नवीन पदों के तहत् जिला बस्तर, दन्तेवाड़ा, कांकेर, बीजापुर, नारायणपुर, सुकमा एवं कोण्डागांव में बस्तर फाईटर आरक्षक के 300-300 पद कुल 2,100 पदों की स्वीकृति प्रदान किया गया। बस्तर फाईटर आरक्षक भर्ती समस्त प्रक्रिया पूर्ण किया जाकर संबंधित पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 अगस्त 2022 को अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी की गई थी।

उल्लेखनीय है कि बस्तर फाईटर में बस्तर संभाग अंतर्गत पहली बार तृतीय लिंग के 9 अभ्यर्थी  आरक्षक पद में भर्ती होकर  पुलिस विभाग में सेवा देंगे।

बस्तर फाईटर में भर्ती हुये नव आरक्षकों को सितम्बर 2022 से प्रदेश के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्र में बुनियादी प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाकर जवानों को कानून एवं प्रक्रिया की जानकारी, अनुशासन, मानव अधिकारों की रक्षा, युद्ध कौशल, फील्ड क्राफ्ट, हथियारों का संचालन का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने संभाग मुख्यालय लालबाग परेड ग्राउंड जगदलपुर में पासिंग आउट परेड में शामिल होकर जवानों को संबोधित कर बताया कि प्रशिक्षण उपरांत बस्तर क्षेत्र में शांति व्यवस्था स्थापित करने, जनता के मंशानुरूप विकास कार्य को गति प्रदान कराने जैसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी केंद्रीय अर्द्धसैनिक, छसबल एवं जिला पुलिस बल के साथ-साथ बस्तर फाईटर के जवानों द्वारा निभाई जाएगी। 

इस दौरान सभी नव आरक्षकों को साहस एवं समर्पण का भाव रखते हुए अपने जिम्मेदारी को पूरा करने हेतु जवानों को समझाईश दी गई। 

पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज द्वारा आज के दीक्षांत परेड के पश्चात नव आरक्षक से आरक्षक बने सभी बल सदस्यों के साथ-साथ उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना दी गई। 

इस दीक्षांत परेड समारोह में उमनि व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बस्तर जितेंद्र सिंह मीणा, उप पुलिस महानिरीक्षक, छसबल रेंज जगदलपुर बी.एस. ध्रुव, उप पुलिस महानिरीक्षक, दन्तेवाड़ा रेंज कमलोचन कश्यप, उप महानिरीक्षक कोबरा अखिलेश सिंह, सेनानी 5वीं वाहिनी छसबल जगदलपुर शशिमोहन सिंह, प्रभारी अधिकारी, एपीटीएस लालबाग-जगदलपुर एम. आर. मंडावी, प्रभारी अधिकारी पीटीएस बोधघाट-जगदलपुर योगेश देवांगन सहित  पुलिस बल के अधिकारी व बल सदस्य एवं उनके परिजन तथा गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि 15 अप्रैल को जिला मुख्यालय बीजापुर के 15वीं वाहिनी छसबल, बीजापुर में जिला कोण्डागांव के बस्तर फाईटर के 204 नव आरक्षकों का पासिंग आउट परेड संपन्न की गई है।

इसी प्रकार 17 अप्रैल को 16वीं वाहिनी छसबल, नारायणपुर, 18 अप्रैल को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, माना-रायपुर, 20 अप्रैल को पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र बोरगांव जिला कोण्डागांव, 21 अप्रैल को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय, राजनांदगांव एवं 22 अप्रैल  को 9वीं वाहिनी छसबल, दन्तेवाड़ा में बस्तर संभाग के अन्य जिलों के प्रशिक्षणरत बस्तर फाईटर नव आरक्षकों की दीक्षांत परेड का आयोजन किया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news