सरगुजा

उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में सूरजपुर जिले की तीनों विस के प्रत्याशियों ने पर्चा भरा
30-Oct-2023 7:44 PM
उपमुख्यमंत्री की मौजूदगी में सूरजपुर जिले की तीनों विस  के प्रत्याशियों ने पर्चा भरा

  कोरिया जिले से अंबिका सिंहदेव ने भी किया नामांकन दाखिल  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 30 अक्टूबर। सूरजपुर जिले की तीनों विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के साथ -साथ कोरिया जिले में अम्बिका सिंहदेव ने आज उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव की उपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल किया।

प्रेमनगर से खेलसाय सिंह, भटगांव से पारस राजवाड़े एवं प्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र से राजकुमारी मरावी ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव तीनों प्रत्याशियों के नामांकन रैली के दौरान प्रत्याशियों के साथ खुले जीप में नजऱ आये।

इस दौरान काफी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं आमजनों की उपस्थिति रही। विशाल रैली के माध्यम से सूरजपुर के तीनों ही प्रत्याशियों ने अपना दमखम दिखाते हुए नामांकन दाखिल किया है। ज्ञात हो कि सूरजपुर जिले की तीनों ही सीट पर कांग्रेस का कब्जा है।  मीडिया से बात करते हुए उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि नामांकन रैली में आयी भीड़ इस बात की परिचायक है कि जनता फिर से कांग्रेस के साथ है।

टीएस सिंहदेव ने कहा कि जनता ने देखा है कांग्रेस ने जो घोषणा की उनमें से अधिकतर जनहित से जुड़े वायदे पुरे हुए हैं, सरकार बनते ही पहला काम किसानों के कर्जमाफी का किया था और धान का दाम बढ़ाने का फैसला हुआ था। हमारे नेता राहुल गांधी ने कहा है कि किसान, गरीब, मजदूर के साथ हमें खड़ा रहना है, उनके लिये कार्य करना है, यहीं कारण है कि हम धान का दाम बढ़ा कर अब प्रति क्विंटल 3000 के पार ले जाने वाले हैं। प्रत्येक एकड़ 20 क्विंटल धान की खरीदी करने वाले हैं, किसान श्रमिक न्याय योजना की राशि 7000 से बढ़ा कर 10 हजार करेंगे, किसानों का कर्जा माफ होगा। हमारे अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्रति अभिभावकों का रूझान देखिये, लगातार और नये अंग्रेजी माध्यम विद्यालय खोलने की मांग हो रही है, स्वास्थ्य के क्षेत्र में हम बड़ी बिमारियों के लिये 25 लाख तक का मुफ्त इलाज दे रहे हैं। जिला अस्पतालों में डायलिसिस की सुविधायें बढ़ी हैं, कैंसन रोगियों के लिये सुविधा का विस्तार कर रहे हैं।  

उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया के सवाल पर कहा कि कांग्रेस जोडऩे का कार्य करती है, हम किसान, गरीब, मजदूर, महिला, स्कूली छात्र-छात्रायें सबके बारे में सोच रहे हैं। मुझे नहीं लगता कि कोई सरकार 5 सालों में इतना कुछ कर सकती है। हमने हर क्षेत्र में मजबुती के साथ 5 सालों में कार्य किया है और यहीं कारण है कि जनता का रूझान कांग्रेस की ओर है और कांग्रेस दुबारा सरकार बनाने जा रही है। 

इस दौरान पूर्व मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह, जिलाध्यक्ष भगवती राजवाड़े, जेपी श्रीवास्तव, भानुप्रताप सिंह, शशि सिंह, अनुपम फिलिप, जफर हैदर सहित काफी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news