रायपुर

विधानसभा बजट सत्र: आत्मानंद अंग्रेजी स्कूलों की संचालन समितियां नए सत्र से भंग, होगी जांच
08-Feb-2024 8:36 PM
 विधानसभा बजट सत्र:  आत्मानंद अंग्रेजी स्कूलों की संचालन समितियां नए सत्र से भंग, होगी जांच

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 फरवरी। प्रदेश में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल भवनों के पुनर्निर्माण के नाम पर अनियमितता का मामला विधानसभा में उठा। इस मामले में स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि स्कूल अब शिक्षा विभाग के नियंत्रण में आएंगे। कलेक्टर की अध्यक्षता वाली समिति अगले सत्र से भंग की जाएगी।

भाजपा सदस्य अजय चंद्राकर, अनुज शर्मा, और भावना बोहरा ने ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए मामला उठाया। उन्होंने कहा कि स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी स्कूल खोलने के नाम पर अनियमितता की गई। स्कूली बच्चों, और शिक्षकों के जानमाल के साथ खिलवाड़ किया गया। उन्होंने आमापारा के रामदयाल तिवारी माध्यमिक विद्यालय का जिक्र किया, और कहा कि भवन के पुनर्निर्माण के नाम पर 50 लाख खर्च किया गया। बाद में भवन का स्ट्रक्चर मजबूत नहीं किए जाने से स्लैब का बड़ा टुकड़ा गिरा, और स्कूल के बच्चे व शिक्षक सहम गए। उन्होंने इस पूरे मामले पर जांच और कार्रवाई की मांग की।  भाजपा सदस्यों ने आरोप लगाया कि बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई है।

स्कूल शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने बताया कि प्रदेश में कुल 751 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय हैं। इन विद्यालयों के संचालन के लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी बनाई गई है। इनके द्वारा सभी कार्यों का संचालन किया जाता है। उन्होंने माना कि 8 सौ करोड़ रूपए खर्च किए गए। इस मामले में शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि राजधानी में आमापारा के रामदयाल तिवारी स्कूल को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी विद्यालय में तब्दील किया गया था। उसकी छत का कुछ हिस्सा गिरा है, जिसकी मरम्मत कराई जा रही है। स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि इसकी जांच कराई गई, और यह पाया गया कि जहां प्लास्टर गिरा है वहां जब पूरे स्कूल का मरम्मत कार्य किया जा रहा था तब वह प्लास्टर ठीक नहीं होने के कारण नया प्लास्टर नहीं किया गया था। उन्होंने कहा कि जीर्णोद्धार कार्य पर 40 लाख 7 हजार से अधिक खर्च किए गए हैं। कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी के माध्यम से निर्माण कार्य कराया गया था। इसके लिए स्मार्टसिटी के मद से काम किया गया। स्कूल शिक्षा मंत्री ने बताया कि प्लास्टर गिरने की घटना के बाद तत्काल शासन-प्रशासन द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। इससे प्रबंधन और बच्चों में आक्रोश नहीं है।

स्कूल शिक्षा मंत्री ने घोषणा की कि आगामी शिक्षा सत्र से कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति को भंग किया जाएगा। जिन-जिन महापुरूष के नाम को हटाया गया है उन्हें फिर से स्थापित किया जाएगा। महापुरूष के नाम की तख्ती लगाई जाएगी।

दो साल में 264 किसानों ने की आत्महत्या विधानसभा में गृहमंत्री का जवाब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 8 फरवरी। प्रदेश में दो साल में 264 किसानों ने आत्महत्या की है। यह जानकारी गृहमंत्री विजय शर्मा ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

कांग्रेस सदस्य बालेश्वर साहू ने जानना चाहा कि प्रदेश में एक अप्रैल 2020 से 31 जनवरी 2022 तक कितने किसानों ने, किन-किन कारणों से आत्महत्या की है? इसके जवाब में गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि उक्त अवधि में कुल 264 किसानों ने आत्महत्या की है।

गृहमंत्री ने यह भी बताया कि आत्महत्या के अलग-अलग कारण रहे हैं। पारिवारिक समस्या की वजह से 27, कृषिगत कारण से 2, बीमारी की वजह से 54, नशे की वजह से 51, और अन्य कारणों से 87 किसानों ने आत्महत्या की है। इनमें से 43 के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news