कोण्डागांव

कॉलेज में पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, क्विज-पोस्टर स्पर्धाएं
24-Aug-2024 9:52 PM
कॉलेज में पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस, क्विज-पोस्टर स्पर्धाएं

कोण्डागांव, 24 अगस्त। शासकीय गुण्डाधुर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव में भौतिकशास्त्र विभाग के द्वारा प्रथम राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।

महाविद्यालय में इस कार्यक्रम के उपलक्ष्य पर पोस्टर तथा क्विज प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिसमें पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रामायण सिंह राठौर(एमएससी रसायन), द्वितीय स्थान भूपेश कुमार देवांगन(बीएससी-2) तथा तृतीय स्थान तरुण कुमार पोयाम (बीएससी-2) ने प्राप्त किया। क्विज़ प्रतियोगिता का संचालन बीएससी अंतिम वर्ष के छात्र सूर्य प्रकाश, दीपिका तथा दामिनी देवांगन ने किया जिसमें प्रथम स्थान पिंकू राम, गुलशन ठाकुर, तरुण पोयाम व हेमलाल पोयाम ने, द्वितीय स्थान मिनिता कोर्राम, नेहा देवांगन, भूपेश देवांगन व सौरभ बघेल ने, तथा तृतीय स्थान अंजू बोस, उमेंद्री दीवान, पायल साहू व सलोनी देवांगन ने प्राप्त किया जिन्हें प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया।

ज्ञात हो कि 23 अगस्त 2023 में भारत ने चंद्रयान - 3 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलता पूर्वक लैंडिंग करवाने वाला विश्व का प्रथम देश बनकर इतिहास बनाया था। इस दिन को यादगार बनाने के उद्देश्य से 23 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित किया है। इस आयोजन की इस वर्ष की थीम-चंद्रमा को छूते हुये जीवन को छूना भारत की अंतरिक्ष गाथा रखी गई है।

स्वागत उद्बोधन में संस्था के प्राचार्य डॉ. चेतन राम पटेल ने भारत की अंतरिक्ष गाथा का वर्णन करते हुए छात्रों को विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों को अपने जीवन में उतारने हेतु प्रेरित किया। विज्ञान संकाय के संकायाध्यक्ष शोभाराम यादव ने कार्यक्रम की पृष्ठभूमि के बारे में बताया। वनस्पति शास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष शशिभूषण कन्नौजे ने भारत की अंतरिक्ष में बढ़ती शक्तियों के बारे विस्तार से छात्रों को बताया। रसायनशास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ अलका शुक्ला ने अपने उद्बोधन में चंद्रयान पर होने वाले खर्चों पर उठने वाले सवालों पर कहा कि कई बार हमें अपनी शक्तियां भी दुनिया को दिखाने की जरूरत होती है।

 गृहविज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष नेहा बंजारे ने छात्रों को इस दिन को ऐतिहासिक बनाने पर सहभागिता के लिए बधाई दी। रसायन शास्त्र के सहायक प्राध्यापक नसीर अहमद ने इस दिन को ऐतिहासिक दिन बनाते हुए राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस घोषित करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री जी का आभार व्यक्त किया और इस चंद्रयान 3 से जुड़े समस्त वैज्ञानिकों समेत प्रत्येक कर्मचारियों के प्रति अपना उद्गार व्यक्त किया।

आभार प्रदर्शन करते हुए भौतिकशास्त्र विभागाध्यक्ष लोचन सिंह वर्मा ने कणों का पृथ्वी से अंतरिक्ष की किसी कक्षा पर स्थापित होने के पीछे लगने वाले सामान्य भौतिक के नियम पलायन वेग के बारे में बताया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news