खैरागढ़-छुईखदान-गंडई

देवव्रत की प्रतिमा का शीघ्र होगा अनावरण
05-Oct-2024 6:58 PM
देवव्रत की प्रतिमा का शीघ्र होगा अनावरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

खैरागढ़, 5 अक्टूबर। सालभर से कपड़ों और पॉलीथिन में लिपटी राजा देवव्रत सिंह के प्रतिमा अनावरण को लेकर कांग्रेसियों ने राजकुमारी शतासिंह के साथ कलेक्टर से मुलाकात कर विजयादशमी के पूर्व अनावरण कार्यक्रम तय करने कहा।

शतासिंह ने कहा कि उनके पिता राजा देवव्रत सिंह रियासत से लोगों से काफी प्रेम करते थे। राजा और रियासत को लेकर क्षेत्र की जनता बेहद भावुक है लेकिन अफसोस की बात है कि कांग्रेस शासन काल में सिविल लाइन में स्थित उनके पिता की प्रतिमा सालभर से कपड़ों और पॉलीथिन में लपटेकर रखी हुई है। उन्होंने कहा कि यह बेहद पीड़ाजनक स्थिति है कि सबके साथ पूरे जीवन सद्भाव रखने वाले उनके पिता राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा का अनावरण सालभर से नहीं हो पाया है। मौजूद कांग्रेसियों ने पूरे वाकिए को काफी पीड़ादायक बताते हुए कहा कि राजा का दुनिया छोडक़र जाना आज उतना दुख नहीं दे रहा जितना दुख उनके निधन बाद प्रतिमा को मैले कुचले कपड़ों में लिपटे देखकर हो रहा है।

पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार द्वारा विधायक यशोदा वर्मा के प्रयास से जिला मुख्यालय में स्व. राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा स्थापना के लिए स्वीकृति प्रदान की गई थी। स्वीकृति पश्चात नपा परिषद द्वारा ठेकेदार के माध्यम से देवव्रत सिंह की आदमकद प्रतिमा बनाकर सालभर से सिविल लाईन चौक में स्थापित किया गया है लेकिन उसका लोकार्पण अथवा अनावरण आज तक नपा ने नहीं कराया है जबकि ठेकेदार द्वारा काम पूरा कर नपा को हैंडओवर कर दिया गया है। दशहरे के दिन क्षेत्रवासी परंपरानुसार राजा का दर्शन करने शहर आते है, ऐसी स्थिति में पर्व पूर्व प्रतिमा का अनावरण किया जाना जनता की भावना के अनुरूप और राजा देवव्रत सिंह के सम्मान को देखते हुए आवश्यक है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि स्व. राजा देवव्रत सिंह की प्रतिमा को जल्द अनावरण करने पूरे जिले में 2 अक्टूबर को हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था जिसमें पांच हजार से अधिक लोगों ने समर्थन दिया है। हस्ताक्षर की कॉपी को कलेक्टर को सौंपते हुए उन्होंने कहा कि स्व. प्रतिमा का अनावरण दशहरे से पूर्व नवरात्रि के दौरान प्रशासन द्वारा किया जाए अथवा क्षेत्रवासी व राज परिवार समर्थकों द्वारा मजबूरी वश दशहरे के दिन सिविल लाईन में स्थापित प्रतिमा का अनावरण विधायक की उपस्थिति में स्व. राजा देवव्रत सिंह के सुपुत्र और वर्तमान राजा आर्यव्रत सिंह व राजकुमारी शतासिंह के हाथो अनावरण किया जाएगा जिसकी संपूर्ण जवाबदारी प्रशासन की रहेगी।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news