रायपुर

महिलाएं आत्मबल- इच्छा शक्ति को मजबूत रखते हुए आम धारणा को तोड़े- उइके
23-Mar-2021 5:34 PM
महिलाएं आत्मबल- इच्छा शक्ति को मजबूत रखते हुए आम धारणा को तोड़े- उइके

राज्यपाल सखी फाउंडेशन द्वारा आयोजित वीरांगना सम्मान समारोह में हुई शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 23 मार्च।
राज्यपाल अनुसुईया उइके ने कहा है कि महिलाओं को लंबा संघर्ष और चुनौतियों का सामना करने के लिए सदैव तैयार रहना चाहिए। साथ ही आत्मबल और इच्छा शक्ति को मजबूत रखते हुए आम धारणा को तोडऩे का प्रयास कर विशेष उपलब्धियां हासिल करना चाहिए। उन्होंने शहीद राजीव पांडेय सभागार में सखी फाउंडेशन रायपुर द्वारा आयोजित वीरांगना सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान किया गया।

सुश्री उइके ने कहा कि सखी फाउंडेशन स्वास्थ्य शिक्षा तथा महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम कर रहा है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि आज हम जिनको सम्मानित कर रहे हैं, वाकई में वे भी वीरांगनाएं हैं, क्योंकि उन्होंने वह कर दिखाया है जो आम लोग नहीं कर पाते। इन महिलाओं ने अपने-अपने क्षेत्र में आज जो उपलब्धियां हासिल की है और जिस मुकाम पर पहुंची है वह रास्ता आसान नहीं था। उन्हें लंबा संघर्ष और कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा है, चाहे वह घर की हो या बाहर की।

राज्यपाल ने कहा कि पिछले कुछ समय में महिलाओं ने अपने आत्मबल और इच्छाशक्ति के बलबूते वह कर दिखाया है जो वाकई में संभव नहीं था। चाहे महिला पवर्तारोही अरूणिमा सिन्हा हो या मिताली राज, इन्होंने खेल के क्षेत्र में परचम लहराया वहीं अन्य क्षेत्रों जैसे व्यापार और कार्पोरेट क्षेत्र में सुनीता रेड्डी, मल्लिका श्रीनिवासन, जिया मोदी, किरण मजूमदार, कली पुरी जैसे महिलाएं जिन्हें फार्च्यून इंडिया की सूची में शीर्ष स्थान मिला। इन महिलाओं ने आम धारणा को तोड़ी है और पुरूषों के क्षेत्र माने जाने वाले कार्यों में अपनी दक्षता दिखाई है।
राज्यपाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी हर क्षेत्र में महिलाएं उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। यदि हम कोरोना काल की बात करें तो महिलाओं ने स्वास्थ्य, सुरक्षा जैसे तमाम क्षेत्रों में पुरूषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर कार्य किया। कुछ जिलों में कलेक्टर के रूप में या पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी भूमिका निभा रही है। हम पाएंगे कि कोरोना काल में स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी एक महिला के पास थी और उन्होंने अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन किया। इस समय प्रमुख विश्वविद्यालयों की कमान महिला वाइस चांसलर के कंधों पर है। ये सब महिलाएं हमारी बेटियों को प्रेरणा देती है कि वे आगे बढ़ते रहें और किसी भी हाल में हिम्मत न हारें।

राज्यपाल ने कहा कि महिला-पुरूष एक रथ के दो पहिए होते है। किसी पुरूष की सफलता के पीछे एक महिला का हाथ होता है, चाहे वह मां, पत्नी व बहन के रूप में हो। उसी तरह किसी महिला कीे सफलता के पीछे पुरूष का हाथ होता है। वेे एक पिता, भाई, पति या एक मार्गदर्शक के रूप में हो सकते हैं। मुझे मेरे शिक्षकों का मार्गदर्शन और संरक्षण मिला, उन्होंने मुझे आगे बढऩे की प्रेरणा दी। साथ ही सकारात्मक दृष्टिकोण वाले पुरूषों का भी मार्गदर्शन मिलते रहा। उनसे मुझे विभिन्न दायित्वों के अलावा यहां तक पहुंचने का सहयोग मिला।

सुश्री उइके ने उनके द्वारा गोद लिए गए गांव सल्फीपदर की जिक्र करते हुए कहा कि आज से कुछ समय इस गांव के पुरूष और महिलाएं राजभवन आए थे और मेरे साथ गांव के विकास के कुछ मुद्दों पर चर्चा की थी। उनकी बातों को सुनकर मैंने उस गांव को गोद लेने का निर्णय लिया। आज वह गांव विकास की राह पर है, यह वहां की रहने वाली महिलाओं की लगन और आत्मबल के फलस्वरूप हो पाया है।

इस समारोह की अध्यक्षता रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर केसरीलाल वर्मा ने की और विशेष अतिथि राज्य एनएसएस अधिकारी डॉ. समरेन्द्र सिंह थे। उन्होने भी अपने विचार व्यक्त किए। सखी फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती नीलम सिंह ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. नीता बाजपेयी ने स्वागत उद्बोधन दिया। 

वहीं पर पूर्व राज्यसभा सांसद श्री गोपालव्यास तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। राज्यपाल ने इस कार्यक्रम में पर्वतारोही याशी जैन को भविष्य के अभियानों के लिए फ्लैग दिखाया और उज्जवल भविष्य की कामना की।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news