सरगुजा

आपदा के समय महापौर निगम को प्राप्त अधिकारों का उपयोग कर जनता को दे राहत-प्रबोध
26-Apr-2021 9:52 PM
आपदा के समय महापौर निगम को प्राप्त अधिकारों का उपयोग कर जनता को दे राहत-प्रबोध

अंबिकापुर, 26 अप्रैल। कोरोना महामारी की स्थिति में निगम क्षेत्र की जनता के लिए आवश्यक व्यवस्था किए जाने की मांग को लेकर नगर निगम नेता प्रतिपक्ष प्रबोध मिंज ने महापौर को ज्ञापन प्रेषित किया है।

निगम नेता प्रतिपक्ष श्री मिंज ने ज्ञापन में कहा है कि कोरोना महामारी अंबिकापुर नगर में भी विकराल रूप ले रहा है, एवं संक्रमण बढ़ता जा रहा है। शासन स्तर पर इसकी रोकथाम एवं इलाज की व्यवस्था लगभग फेल होती जा रही है। संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसको देखते हुए लॉकडाउन को भी 5 मई तक बढ़ाया गया है। लॉकडाउन से व्यापारी, कामगार एवं आम लोगों की आर्थिक स्थिति भी खराब हो रही है। नगर पालिक निगम अधिनियम की धारा 66 एवं 67 तथा 69( 3) में भी ऐसी आपदाओं एवं संक्रमण से जनता की सुरक्षा एवं बचाव हेतु प्रावधान दिया गया है, परंतु नगर निगम सरकार द्वारा ऐसा कोई विशेष प्रयास नहीं हो रहा है। केवल जिला प्रशासन के कार्यों में निगम अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा सहयोग हो रहा है। इस आपदा के समय निगम द्वारा भी कई व्यवस्था किया जाना चाहिए।

नेता प्रतिपक्ष ने मांग करते हुए कहा कि नगर निगम का राज मोहनी भवन, सरगुजा सदन एवं अन्य उपयुक्त भवनों को भी नगर के संक्रमित लोगों के लिए कोविड अस्पताल, आइसोलेशन केंद्र के रूप में तैयार करना चाहिए। नगर निगम की ओर से ऑक्सीजन सिलेंडर व आवश्यक उपकरण की व्यवस्था किया जाना चाहिए। निगम की ओर से मृतकों के लिए शव वाहन एवं अंतिम संस्कार की निशुल्क व्यवस्था होनी चाहिए। गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने हेतु एंबुलेंस की व्यवस्था, कोरोना काल के लॉकडाउन अवधि में निगम के टैक्स एवं किराया में छूट देना चाहिए। छोटे व्यापारी, ठेले वालों तथा दैनिक कामकाज करने वालों गरीब परिवारों को पार्षद के सहयोग से चिन्हांकित कर राहत सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए। नगर निगम नगर की जनता से संपत्ति कर, समेकित कर एवं अन्य करों के माध्यम से एवं जुर्माना राशि वसूल करती है, तो ऐसे आपदा के समय में नगर की जनता को राहत देने के लिए निगम को प्राप्त अधिकारों का उपयोग कर उपरोक्त व्यवस्था करनी चाहिए। नेता प्रतिपक्ष ने अनुरोध किया कि संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए निगम निधि, महापौर, पार्षद निधि सभी के सहयोग से नगर के जनप्रतिनिधियों पार्षदों से चर्चा कर जिला प्रशासन के साथ इस महामारी से लडऩे में उपरोक्त व्यवस्था नगर की जनता के लिए की जाए।

अन्य पोस्ट

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news