राजनांदगांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 19 मई। शहर के नंदई चौक में एक युवक विद्युत करंट से बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद युवक को गंभीर हालत में शासकीय अस्पताल में उपचारार्थ भर्ती किया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक 40 वर्षीय शेखर मानिकपुरी नामक युवक घरेलू विवाद के बाद ट्रांसफार्मर में चढ़ गया। युवक जैसे ही विद्युत तार के समीप पहुंचा उसे जोरदार करंट का झटका लगा। झटके से वह ट्रांसफार्मर में एक पैर फँसने की वजह से उल्टा लटकता रहा। मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह विद्युत सप्लाई को बंद किया। तब तक उसकी स्थिति नाजुक हो गई।
बसंतपुर थाना प्रभारी कमलेश बंजार ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते युवक ट्रांसफार्मर में चढ़ा था। फिलहाल परिवार के लोगों का कथन लिया जा रहा है। इस बीच युवक की स्थिति नाजुक हालत में है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।