ताजा खबर

राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव को दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई बताया
17-Apr-2024 9:08 PM
राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव को दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई बताया

मांड्या (कर्नाटक), 17 अप्रैल। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को लोकसभा चुनाव को दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई करार दिया जिसमें एक तरफ ‘इंडिया’ समूह "संविधान के लिए लड़ रहा है" वहीं दूसरी ओर भाजपा "संविधान और लोकतंत्र को समाप्त करना चाहती है।’’

राहुल गांधी ने चुनाव के लिए अपनी पार्टी के घोषणापत्र का जिक्र करते हुए कहा कि अगर ‘इंडिया’ समूह सत्ता में आता है, तो यह "आम नागरिकों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों की सरकार" होगी।

उन्होंने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, “यह दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है। एक तरफ कांग्रेस और ‘इंडिया’ समूह है जिसने संविधान के लिए लड़ाई लड़ी, देश को संविधान और लोकतंत्र दिया। दूसरी ओर भाजपा है, जो संविधान और लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है और सभी संस्थानों में अपने लोगों को नियुक्त कर रही है।''

राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार ''22 से 25 अमीर लोगों की है'' लेकिन कांग्रेस ऐसी सरकार देगी जो आम नागरिकों, किसानों, मजदूरों और व्यापारियों के लिए काम करेगी।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा नीत केंद्र सरकार "हफ्ता बाजी" चलाती है। इसके साथ ही उन्होंने अब खत्म हो चुकी चुनावी बॉण्ड योजना को दुनिया में अब तक का सबसे बड़ा जबरन वसूली घोटाला करार दिया।

राहुल गांधी ने लोगों से कहा कि वे चुनावी बॉण्ड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का साक्षात्कार गूगल पर देखें कि उनके हाथ कैसे कांप रहे थे।

उन्होंने कहा, “आपने नरेन्द्र मोदी का इंटरव्यू देखा होगा। उस इंटरव्यू में उन्होंने चुनावी बॉण्ड के बारे में चर्चा की थी। यह एक घंटा लंबा साक्षात्कार था जहां उन्होंने चुनावी बॉण्ड पर स्पष्टीकरण देने की कोशिश की।’’

गांधी ने कहा, "सिर्फ एक काम करें। गूगल पर जाएं और उनका साक्षात्कार देखें, आप देखेंगे कि उनके हाथ कांप रहे हैं क्योंकि चुनावी बॉण्ड भारत में अब तक का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार है।"

उन्होंने आरोप लगाया, “सड़क पर इसे जबरन वसूली और हफ्ता बाजी कहा जाता है। आमतौर पर छोटे-मोटे गुंडे ऐसे काम करते हैं। वे धमकाते हैं और पैसे वसूलते हैं। चुनावी बॉण्ड दुनिया का अब तक का सबसे बड़ा जबरन वसूली घोटाला है। यही वजह है कि इसे स्पष्ट करते हुए प्रधानमंत्री के हाथ कांप रहे थे।’’

एक महीने पहले चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने के बाद वह कांग्रेस शासित कर्नाटक की पहली यात्रा पर आए हैं।

मांड्या क्षेत्र में कांग्रेस का मुकाबला जद (एस) से है जिसका भाजपा के साथ गठबंधन है। इस सीट पर जद (एस) के एचडी कुमारस्वामी और 'स्टार चंद्रू' के नाम से मशहूर कांग्रेस नेता वेंकटरमण गौड़ा के बीच सीधा मुकाबला है।

कर्नाटक में लोकसभा की कुल 28 सीट हैं और 2019 के आम चुनाव में कांग्रेस को केवल एक सीट मिली थी। भाजपा को 25 सीट पर जीत मिली थीं, जबकि एक सीट पर भाजपा समर्थित स्वतंत्र उम्मीदवार विजयी हुआ था। उस चुनाव में जद (एस) को एक सीट मिली थी और उसका कांग्रेस के साथ गठबंधन था।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने दावा किया है कि इस बार उनकी पार्टी कांग्रेस राज्य में 15 से 20 सीट पर कामयाब होगी।

राहुल गांधी ने जद (एस) पर निशाना साधते हुए उसे भाजपा की 'सहयोगी' बताया। उन्होंने कहा, “मैंने विधानसभा चुनाव (2023) के दौरान आपसे कहा था कि यहां एक भाजपा है, जिसे ‘बी’ टीम मिली है और आपने उस पर भरोसा किया और आज यह सबको पता है कि यह सिर्फ ‘बी’ टीम नहीं बल्कि उसकी सहयोगी है जो 24 घंटे उसकी मदद करती है।’’ (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news