ताजा खबर

हाथरस से भाजपा सांसद राजवीर दिलेर का निधन
25-Apr-2024 10:36 AM
हाथरस से भाजपा सांसद राजवीर दिलेर का निधन

हाथरस (उप्र), 24 अप्रैल। हाथरस से मौजूदा भाजपा सांसद राजवीर दिलेर का दिल का दौरा पड़ने के बाद बुधवार शाम को एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 66 वर्ष के थे। पार्टी पदाधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, दिलेर की मृत्यु की वजह हृदयाघात बताई गई है। शाम को सुरक्षा विहार स्थित आवास पर तबीयत बिगड़ने के बाद परिजन आनन-फानन उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिलेर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हाथरस लोकसभा क्षेत्र से सांसद राजवीर सिंह दिलेर जी का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद एवं भाजपा परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।’’

उन्होंने कहा कि प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों और उनके समर्थकों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

दिलेर 2019 में भाजपा के टिकट पर हाथरस सीट से चुने गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया और इस सीट से अनूप वाल्मीकि को अपना उम्मीदवार बनाया है।

राजवीर के पिता किशनलाल दिलेर हाथरस सीट से चार बार भाजपा सांसद रहे हैं। 2019 में पिता की विरासत वाली सीट से पार्टी ने राजवीर दिलेर को मैदान में उतारा था और वह हाथरस से सांसद का चुनाव रिकार्ड मतों से जीते थे। (भाषा)

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news