ताजा खबर
![सीएम कल नीति आयोग, परसों भाजपा की बैठक में होंगे शामिल सीएम कल नीति आयोग, परसों भाजपा की बैठक में होंगे शामिल](https://dailychhattisgarh.com/uploads/article/1722000671_Say.jpg)
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 26 जुलाई।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रात दिल्ली रवाना हो रहे हैं। वे वहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित नीति आयोग की नौवीं शासी परिषद की बैठक में शिरकत करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित सीएम कॉन्क्लेव में शामिल होंगे।
गौरतलब है कि नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक 27 जुलाई को दिल्ली में होनी है। भारत को अपनी स्वतंत्रता के 100वें वर्ष यानी 2047 तक 30 हजार अरब अमेरिकी डॉलर की विकसित अर्थव्यवथा बनने में मदद करने के लिए एक दृष्टिकोण दस्तावेज तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ के विजन 2047 पर यहां अपना वक्तव्य देंगे। वे विकसित छत्तीसगढ़ राज्य बनाने की दिशा में चुनौतियों और आवश्यकताओं को देखते हुए प्रदेश में अपनाए गए नीतियों के निर्माण और सुशासन की दिशा में किए जा रहे नीतिगत प्रयासों की चर्चा करेंगे।
दूसरी तरफ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं उप मुख्यमंत्रियों की उपस्थिति में आयोजित सीएम कॉन्क्लेव में प्रदेश के विकास योजनाओं की समीक्षा की जानी है। यहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ में उनकी सरकार द्वारा चलाए जा रहे लोककल्याणकारी योजनाओं को रखेंगे।