रायपुर

शिवप्रकाश की खरी-खरी, मैनेजमेंट से काम नहीं चलेगा, संगठन को सर्व स्पर्शी बनाने की जरूरत...
26-Oct-2021 6:48 PM
 शिवप्रकाश की खरी-खरी, मैनेजमेंट से काम नहीं चलेगा, संगठन को सर्व स्पर्शी बनाने की जरूरत...

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस एकजुट हुई, तो हम टिक नहीं पाए

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 26 अक्टूबर। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) शिवप्रकाश ने सरगुजा संभाग के जिलों के प्रमुख पदाधिकारियों की बैठक में साफ शब्दों में कहा कि संगठन को सर्व स्पर्शी बनाने की जरूरत है। सिर्फ मैनेजमेंट से काम नहीं चलेगा। उन्होंने बूथ स्तर पर जुझारू कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करने की सलाह दी है, और उनसे व्यक्तिगत संपर्क पर जोर दिया है।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, और दोनों महामंत्री पवन साय व नारायण चंदेल भी थे। सरगुजा संभाग के सभी जिलों के अध्यक्ष, महामंत्रियों के अलावा प्रदेश के पदाधिकारियों को बुलाया गया था। शिवप्रकाश रांची से जशपुर पहुंचे थे। वो पहले जूदेव निवास जाकर दिवंगत पूर्व संसदीय सचिव युद्धवीर सिंह जूदेव के परिजनों से मुलाकात की। इसके बाद वो संभागीय बैठक में शामिल हुए।

सूत्रों के मुताबिक शिवप्रकाश ने जिलाध्यक्षों से कहा कि बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं से नियमित संपर्क रखना जरूरी है। जब तक कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत जुड़ाव नहीं होगा। संगठन मजबूत नहीं होगा। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि भाजपा को वर्ष-2003 के चुनाव में त्रिकोणीय संघर्ष का फायदा मिला, और सरकार बनी। इसके बाद के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस में भीतरघात का फायदा भाजपा को मिलता रहा, लेकिन वर्ष-2018 में कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ी, तो भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

उन्होंने बंगाल चुनाव का जिक्र किया, और कहा कि बंगाल में बड़े पैमाने पर बांग्लादेश से हिन्दू आए हैं। विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन भी दिया, लेकिन वो बूथ में टीएमसी कार्यकर्ताओं का विरोध नहीं झेल पाए, और इसका नुकसान चुनाव में भाजपा को उठना पड़ा। शिवप्रकाश ने कहा कि बूथ में जुझारू कार्यकर्ता होना चाहिए। सिर्फ जिले, मंडल, और बूथ स्तर पर कार्यक्रम करने से कुछ नहीं होगा। संगठन को सर्व स्पर्शी बनाने की जरूरत है, और पदाधिकारियों को इस दिशा में ध्यान केन्द्रित करने की सलाह दी है। बैठक के बाद शिवप्रकाश, महामंत्री (संगठन) पवन साय को अपने साथ लेकर रांची रवाना हुए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news